अरे !
रोशनदान भी है
मेरे घर में
खिड़की देखकर ही पसंद कर लिया था ये घर
मालिक मकान ने बेकार पैसा लगाया
आजकल के ज़माने में ये रोशनदान क्यूँ बनवाया
खिड़की पर पर्दे टाँगे जाते हैं
रोशनदान पर नहीं
खिड़की को खोला बंद किया जाता है
रोशनदान को नहीं
खिड़की की जालियों को झाड़ा बुहारा जाता है
रोशनदान को नहीं
रोशनदान पर हम ध्यान नहीं देते
जैसे किसी ला इलाज बीमारी से जूझता
हो
घर का कोई पुराना बाशिंदा
पर हमारे ध्यान न देने भर से
रोशनदान हो नहीं जाता लुप्त
कबूतरों को अपनी चौपाल बिठाने के लिए
खिड़की नहीं
रोशनदान लगता है ज़्यादा उपयुक्त
भुला दिया गया ये रोशनदान भी
याद आने का कोई प्रयत्न नहीं करता
सुबह का सूरज पूरा इसी पर चढ़ता है
और वो शाम उसके ढल जाने तक
दम साधे
पीछे की दीवार के ऊपर के कोने में
टंगा रहता है
कि कहीं उसके श्वास से
विघ्न न पड़ जाए
खिड़की के अट्टहास में