Showing posts with label Short stories. Show all posts
Showing posts with label Short stories. Show all posts

Wednesday, August 28, 2024

पुरस्कार

 

एक बार एक अच्छा आदमी था । वो एक नए शहर को गया । वहाँ उसने दीन हीन अवस्था में एक भिखारी को देखा जिसकी मदद करने के बजाए लोग उपेक्षा कर रहे थे । अच्छे आदमी से यह देखा नहीं गया और उसने अपने साथ के एक आदमी से इसका कारण पूछा तो उसे जवाब मिला कि इस भिखारी से दूर ही रहना बेहतर है । आदमी को ये बात उचित न लगी और उसने इशारा करके भिखारी को अपने पास बुलाया और उसे कुछ धनराशि देनी चाही । भिखारी ने धन को सिरे से नकार दिया और आदमी का हाथ पकड़कर बोला ‘मुझे धन नहीं चाहिए । मैं एक अच्छा आदमी हूँ और मुझे अच्छा आदमी होने का पुरस्कार चाहिए | ‘ अच्छा आदमी भिखारी की ये अटपटी बात सुनकर सकपका गया और अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश करने लगा । भिखारी ने उसका हाथ और मज़बूती से पकड़ लिया और बोला कि उसे अच्छा आदमी होने का पुरस्कार मिलना ही चाहिए और ये भी कि कैसे आज तक किसी ने उसे अच्छा आदमी होने का पुरस्कार नहीं दिया । वो तो भला हो कि इतने में बहुत से लोग इकट्ठा हो गए जिन्होंने भिखारी की लात घूँसों से मलामत करके उसे अधमरा कर दिया और अच्छे आदमी को उसके चंगुल से बचा लिया ।

Friday, August 9, 2024

सच की पार्टी

एक बार एक छोटा सा सच था । उसे अपने दोस्त के यहाँ पार्टी में जाना था । लेकिन उसका मन नहीं था । उसे उसके मम्मी पापा ने बहुत मनाया और वो जाने के लिए राज़ी हो गया । सूट बूट पहनकर एकदम ढिंचक । वो घर से बाहर निकला लेकिन अंधेरे में डर गया और वापस हो लिया । कुछ देर बाद फिर उसने हिम्मत जुटाई और आगे बढ़ा । लेकिन दरवाज़े तक पहुंचकर वापस आ गया । उसे दरवाज़ा खोलने में डर लग रहा था । तभी पार्टी में आने वाली उसकी सहेली आई और उससे पूछा कि वो दरवाज़े पर खड़ा किसका इंतज़ार कर रहा है । सच बोला कि मुझे ये कौतूहल है कि किसी को मेरा आना पसंद आएगा भी या नहीं । सहेली ने कहा " क्यों नहीं पसंद आएगा । तुमसे तो सब मिलना चाहते हैं । " उसकी बात मानकर वो पार्टी में घुस तो गया लेकिन वहाँ पहुंचते ही ओझल हो गया । किसी ने उसकी सुध न ली न उसे पहचानने की कोशिश ही की । एक आध कोई व्यक्ति उससे बात करने आया भी तो सच ने कोई न कोई बेहूदा बात करके उन्हें भी अपने पास से चलता किया । अंत में अलग थलग मायूस सा होकर वो एक कोने में दुबककर बैठ गया ।  वो ग्लानि में घुला ही जा रहा था कि एक आवाज़ ने उसे पुकारा, 'मेरे साथ डांस करोगे?' । सच ने ऊपर देखा तो उसकी सहेली उसे देख कर मुस्कुरा रही थी । सच ने उसका हाथ थामा और कुछ झिझक के साथ उठ खड़ा हुआ । दोनों संगीत की मद्धम लहरियों पर नृत्य करने लगे । कभी पास आना, कभी दूर जाना कभी गोल घूम जाना । सच को ये पता ही नहीं था कि वो भी नृत्य कर सकता है । लोग अवाक रह गए । सब सच को देख देख कर रश्क़ करने लगे और उसकी सादगी की प्रशंसा करने लगे । पार्टी खत्म हुई तो सबके मन में सच के लिए प्रेम और सम्मान था । पार्टी से निकल कर सच ने अपनी सहेली की तरफ़ धन्यवाद के भाव से देखा और कहा "झूठ, अगर आज तुम न होते, तो मेरा न जाने  क्या होता " ।

Sunday, November 12, 2023

क़िस्सा आदमी और मशीन का


एक बार एक मशीन थी ।

उसने एक आदमी को देखा और चिल्लाई, “तुम मशीन हो । तुम मशीन हो ।”

आदमी ने उस मशीन को देखा और चिल्लाया, “तुम मशीन हो । तुम मशीन हो । “

Thursday, February 9, 2023

किस्सा तपस्या की पहाड़ी की

एक बार एक आदमी था । वो बड़ा साधु था । उसका सपना था  कि वो तपस्या की पहाड़ी पर चढ़े । वो उसके लिए रोज़ तपस्या करता था । तरह तरह की सिद्धि प्राप्त करता था । एक दूसरा आदमी था । वो भी बड़ा साधु था । लेकिन उसका ऐसा कोई सपना न था । इसलिए न वो कोई तपस्या करता न कोई सिद्धि प्राप्त करने का झंझट रखता । दोनों की आपस में खूब जमती । दूसरा आदमी रोज़ सुबह टहलते हुए पहले आदमी के कानन आ जाता और खूब गपियाता । पहला आदमी कुछ देर उसके साथ उसकी मसखरी में साथ देता और फिर बताता कि तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ने के लिए वो कितने प्रयत्न कर रहा है । दूसरा आदमी उसकी बातें सुनकर चकित हो जाता और उसकी बातों को कौतुक सुनता । ऐसे कई वर्ष बीत गए ।
एक सुबह जब दूसरा आदमी टहलता हुआ पहले आदमी के कानन पहुंचा तो पहले ने बताया कि अब उसने तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ने के मन बना लिया है । अब उसने पर्याप्त तपस्या कर ली है और सभी उपयुक्त सिद्धियां प्राप्त कर ली हैं । यात्रा के लिए ज़रूरी सभी साजो सामान का भी उसने बन्दोबस्त कर लिया है । उसने दूसरे साधु से भावभीनी विदा लेते हुए कहा , "मित्र, तुम्हारे साथ बिताया गया समय कभी भूलेगा नहीं पर अब मुझे अपनी नियति को पाने निकलना है" ।  दूसरा साधु बोला , "नियति को पाना तो ठीक है, पर अब हम मिलेंगे क्यों नहीं?" । पहला साधु बोला "क्योंकि अब मैं तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ जाऊंगा और तुमसे मिल नहीं पाउँगा " । दूसरा साधु हैरत से बोला , "तो क्या हुआ, मैं तो रोज़ वहीं से टहलता हुआ आता हूँ । अब वहीं पर मुलाक़ात होगी "। 

Friday, December 23, 2022

कहानी तीन एस्ट्रो फिजिसिस्ट की

एक बार की बात है । तीन एस्ट्रो फिजिसिस्ट थे । वे तीनों यद्यपि तो मित्र थे किंतु उनके मन में अपने ज्ञान को लेकर कुछ अहंकार था । एक दिन तीनों के हाथ में एक ग्रह की तस्वीर लगी । पहले ने जब उसे देखा तो कहा कि मैं इस तस्वीर को देख कर यह बता सकता हूँ कि यह ग्रह हमसे कितने प्रकाशवर्ष दूर है । दूसरे ने हाथ से तस्वीर छीनते हुए कहा कि वो उसे देख कर यह बता सकता कि ग्रह के वायुमंडल में कौन कौन सी गैस और पदार्थ हैं । तीसरे ने कहा कि वह उस तस्वीर को देखकर यह बता सकता है कि ग्रह पर जीवन कब समाप्त हुआ और उसके क्या कारण थे । जब तीनों ने अपने अपने निष्कर्ष साझा किए तो पाया कि वह तस्वीर उन्हीं के ग्रह की है और उनके ग्रह पर जीवन कुछ ही पलों में समाप्त होने वाला है । 

Sunday, May 15, 2022

कहानी एक मसखरे की

एक बार एक मसखरा था । उसे मसखरी करने में बड़ा मज़ा आता था । वो एक अंधे को रोज़ एक लतीफा सुनाता । एक छोटी बच्ची को कागज़ की एक कश्ती बनाकर देता था । बाज़ार में फटी पतलून पहनकर, उचक उचककर चलता था और मामूली हिसाब लगाने में हमेशा ग़लती करता था ताकि लोगों को मज़ाक आए । फिर  रात को राहगीरों को एक दुखभरा गाना सुनाता था । लेकिन उसे कभी किसी ने ये नहीं कहा कि वो अच्छा मसखरा है । अंधा कभी उसके लतीफों पर नहीं हँसा और छोटी बच्ची ने कभी उसकी कश्ती सम्हाल कर नही रखी । बाज़ार में कोई ये मानने को तैयार न हुआ कि वो ऐसा बस उनके लुत्फ़ के लिए करता है और किसी राहगीर ने कभी उसका गाना उसके सामने न गुनगुनाया । 

Wednesday, May 4, 2022

mask

Once I had gone to a store. In one section of it, it had many masks. There were masks of all colours and shapes. Happy and sad masks. But there was one mask which caught my attention. It was kept in an isolated rack. On a closer look i found the words 'this is the mask of the devil' inscribed on it. I really liked the mask and tried it on. I really thought it looked cool. And i pretended that I was the devil. People around me laughed at me. I took off the mask and showed them it was me and then put it on again. I really liked the mask and wore it next week to a party. And then next time when I went to meet my girl friend. And then i wore it all the time at my home and my parents were quite confused. Then I wore the mask to work where I think it was against the rules. And then I wore it to place of worship. There, people were not exactly thrilled to see me and they went screaming that the devil was there. I tried to tell them that I am not the devil. That, its just the mask. I tried to take off my mask but it wont come off. People started chasing me with holy water in their hands and prayers on their lips. I ran from the place of worship. I tried to scratch the mask from my face but it just wouldnt come off. I ran and ran and ran an ran. All the time trying to peel off the mask which kept digging deeper in my skin. I reached a river and immersed my face in water but the mask didnt separate from my face. I looked at my reflection. The devil had become me.





Sunday, April 17, 2022

गुमशुदा

एक बार एक आदमी थाने पहुंचा और थानेदार से बोला मुझे गुमशुदा की रपट लिखानी है । थानेदार ने पूछा कौन हुआ गुम? तो आदमी ने बताया कि वो गुम हो गया है । 'ये तो बहुत बुरा हुआ' थानेदार ने कहा और फौरन रपट लिखनी शुरू कर दी । उसने पूछा कि वो गुम कैसे हुआ, क्या वैसे जैसे कोई अपना बटुआ किसी बस में भूल आए और घर जाकर याद आए या ऐसे जैसे किसी पेड़ की किसी टहनी को काट दिया हो झट से? आदमी ने कहा नहीं ऐसे नहीं । मैं ऐसे गुम हुआ जैसे किसी ट्रेन से उसका डिब्बा अलग होता है । डब्बे को ट्रेन से थामने वाले पेंच, हिलने से ढीले हो जाते हैं, और फिर कई दिन, महीनों तक ढीले होते रहते हैं और एक दिन अलग होकर निकल जाते हैं । कुछ वैसे ही मैं गुम हुआ हूँ । थानेदार ने कहा वो जगह दिखाओ जहाँ तुम गुम हुए । आदमी थानेदार को एक  खाई पर ले गया और नीचे की ओर इशारा करके बोला कि वो यहीं गुम हुआ था । थानेदार ने कहा यहाँ क्या हुआ था सब बारीकी से बताओ । तो आदमी बोला कि मैं अक्सर इस खाई में झाँका करता था । मुझे हमेशा एक डर सताता था कि मैं इस खाई में गिर जाऊंगा । इसलिए मैं रोज़ यहाँ आकर  इस खाई के किनारे बैठ जाता था और इसके नीचे झांकता था । एक दिन वही हुआ जिसका मुझे डर था । मेरा पाँव फिसल गया और मैं गिर गया । मैंने किसी तरह से मेरा हाथ थामा और बहुत समय तक मैं एक हाथ के सहारे खाई में लटका रहा । मैं जानता था कि मैं खुद को खाई से बाहर नहीं खींच पाउँगा इसलिए मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि किसी तरह से मेरा हाथ छूट जाए और मैं नीचे गिर जाऊं । लेकिन इससे पहले मेरी प्रार्थना सुनी जाती, थामने वाला मेरा हाथ थक गया और मैंने खुद को छोड़ दिया । बस इतनी सी है कहानी ।

थानेदार बोला, "ये मामला गुमशुदगी का नहीं, क़त्ल का है"

Friday, April 15, 2022

किस्सा एक दीवार का

एक बार एक आदमी था । उसे कहीं पहुँचना था । उसे उसके शुभचिंतकों  ने बहुत समझाया कि उस ओर न जाए, लेकिन आदमी उसकी बात मान न सका और उस पथ पर चल ही दिया । उस पथ पर उसे एक दीवार मिली । बहुत ऊंची नहीं, बहुत मजबूत भी नहीं । आदमी ने निरीक्षण किया तो उसे लगा कि ये दीवार तो कच्ची मिट्टी की बनी है, उसके लात मारते ही बिखर जाएगी । आदमी ने दीवार में लात मारी । ज़ोर से मारी । दीवार नहीं बिखरी । आदमी अपने पूरे वेग से भागकर दीवार से टकराया । दीवार टस से मस न हुई बल्कि कुछ और मज़बूत हो गई । आदमी ने सोचा दीवार टूट नहीं रही तो इसके ऊपर से कूद के निकल लिया जाए लेकिन जैसे ही आदमी ने अपने हाथ दीवार के ऊपर रखे उसके हाथ लहूलुहान हो गए । आदमी को समझ न आया कि क्या किया जाए । क्या अपने कुटुम्बियों की बात मान कर पथ बदल लिया जाए या इस दीवार से लड़ा जाए । आदमी ने सोचा यूँ हार मानना तो कोई भली बात नहीं है सो उसने अपने प्रयत्न और प्रखर कर दिए । उसने दीवार पर तरह तरह से प्रहार किए । पेड़ के तनों से लेकर लोहे के सरियों से दीवार में प्रहार किए लेकिन कोई असर नहीं । हथौड़ों से हज़ार प्रहार किए पर कोई असर नहीं । उसने गाड़ी से, क्रेन से, टैंक से हर चीज़ से दीवार पर प्रहार किए पर वो निरीह दीवार टूटनी तो दूर लगातार और मजबूत होती जाती । अंत में आदमी थक गया और दीवार से टेक लगा कर बैठ गया । मन ही मन उसने सोचा, "पथ बदल लेना ही बेहतर है" ।

Saturday, March 12, 2022

किस्सा ग़ज़ल के शेर का

एक बार एक ग़ज़ल थी । उसमें एक शेर था । उसपर कभी दाद नहीं मिलती थी । सुनने वालों और गुनगुनाने वालों को उससे ठीक  पहले के अशआर  बहुत अच्छे लगते और उसके ठीक बाद वाले अशआर तो और भी अच्छे लगते । वो इन सबके बीच दुबका हुआ बैठा रहता था । उसे लगता कि उसका अस्तित्व बस  बस ग़ज़ल के ढाँचे को दुरुस्त रखने का एक ज़रिया है और कुछ भी नहीं । ऐसे ही वो ग़ज़ल में बैठा रहा । साल दर साल । बहुत वर्षों बाद उस ग़ज़ल को एक सुनने वाला उस शेर के पास आया और उसकी गोद में सर रख के लेट गया । शेर ने उससे पूछा "तुम यहाँ क्यों आए हो? मैं तो इस ग़ज़ल का प्रसिद्ध शेर नहीं हूँ "। आदमी बोला "हाँ ये बात सही है ।  तुम मुशायरों को लूटते नहीं हो और शायर की पहचान तुमसे नहीं बनती; पर तुम ख़ास मौकों पर बिल्कुल सटीक बैठते हो । और उन मौकों पर तुम्हारे सिवा कोई और शेर सूझता भी नहीं है । तुम प्रसिद्ध नहीं हो बात सही है, पर सिद्ध ज़रूर हो । तुम अपने जैसे अकेले शेर हो और अपनी तरह से बहुत अच्छे हो । "

उस दिन शेर को समझ आया कि सब शेर बारिश की बूंद जैसे नहीं होते, कुछ शेर रेगिस्तान में दरख़्त जैसे भी होते हैं । 

Sunday, January 9, 2022

किस्सा सही निर्णय का

एक बार एक आदमी प्लेन से कहीं जा रहा था । उसके बगल में जो सज्जन बैठे थे उनसे बातें होने लगीं । आदमी को वे सज्जन बहुत भले प्रतीत हुए । काफी देर बातचीत के बाद उसने सज्जन से पूछा कि आपका नाम क्या है । सज्जन ने बताया कि उनका नाम है सही निर्णय । आदमी को बहुत प्रसन्नता हुई कि वो इतने बड़े व्यक्ति के साथ सफर कर रहा है । उसने कहा कि अगर आप बुरा न मानें तो मेरी आपके जीवन के बारे में जानने की बहुत उत्सुकता है , क्या मैं आपसे कुछ पूछ सकता हूँ ? सही निर्णय ने कहा जी हाँ पूछिये । आदमी ने पूछा आपने तो जीवन में कभी ग़ुरबत नहीं देखी होगी, आपका जीवन तो हमेशा इत्मिनान और सुख में बीता होगा । सही निर्णय ने बताया कि उसका जीवन तो बहुत सारी कठिनाइयों से गुजरा है और उसके जीवन में भी ढेर सारे उतार चढ़ाव रहे हैं । आदमी ने पूछा, 'अच्छा आप हमेशा से सही निर्णय नहीं रहे हो क्या, आप पहले ग़लत निर्णय थे क्या?' । तो व्यक्ति बोला जी मैं ये तो नहीं जानता मैं पहले क्या था, सही निर्णय था कि ग़लत निर्णय था । वास्तव में मैं एक अनाथ था । कई वर्ष जीवन में भटकने बाद एक देवता मुझसे टकराये और बोले कि सुनो तुम सही निर्णय हो । और ये कहकर मेरे जीवन से अंतर्ध्यान हो गए । पर मैंने उनकी बात को दिल से लगा लिया । उस दिन से मैंने मान लिया कि मैं सही निर्णय हूँ । आदमी को व्यक्ति की बात हजम नहीं हुई उसने पूछा बस ऐसे मान लेने से आप सही निर्णय बन गए क्या? व्यक्ति बोला जी हाँ । आदमी ने फिर पूछा , 'बस यूं ई' व्यक्ति बोला 'जी हाँ, बस यूं ई'

किस्सा एक कविता का

एक बार एक कविता थी । मशहूर और दिलजीत । एक दिन बहुत सी वाहवाही लूटने को बाद वो मंच से उतर कर ग्रीनरूम पहुंची । कविता आईने में अपने शिल्प अपनी सादगी को निहार ही रही थी कि उसे अहसास हुआ कि कमरे में कोई है ।उसने पलट कर देखा तो एक फटीचरनुमा व्यक्ति कोने में बैठा हुआ था और कौतुक उसे देख रहा था । कविता व्यक्ति को ग्रीनरूम में देखकर सकपका गई और बोली, 'जी आप कौन? यहाँ क्या कर रहे हैं?' व्यक्ति अचानक सवाल सुनकर उखड़ सा गया और कुछ भी न बोला । कविता ने आवाज़ ऊंची करके अपने सवाल को दोहराया और धमकाया भी लेकिन व्यक्ति और कभी दीवार कभी ज़मीन पर नज़रें गड़ा देता और कुछ भी न कह पाता । तंग आकर कविता ने बाहर से गार्ड्स को बुलाया और उन्हें आदेश दिया कि इस व्यक्ति को ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आएँ । गार्ड्स ने कविता की बात को अचरज से सुना और उनके कदम कुछ ठिठक गए । कविता ने उन्हें फिर डांटा 'एक बार में बात समझ नहीं आती क्या?' । डाँट सुनकर गार्ड्स फौरन हरकत में आए और व्यक्ति को कंधे से पकड़ के उठा ले गए और ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आए । 

बाद में कविता अपनी किसी सहेली को फोन पर बता रही थी ' बालों से जंगली, शक़्ल से भिखारी; न जाने कौन था' । पास खड़े गार्ड ने कहा, 'दरअसल वो आपका कवि था ' । 'वो!' कविता ने हैरत से पूछा ' लेकिन वो तो बिल्कुल फटीचर था ।'

Tuesday, December 7, 2021

किस्सा एक ख़रगोश के शिकार का

एक बार एक जंगल में एक ख़रगोश रहता था । उसे हमेशा डर रहता था कि वो शिकार हो जाएगा । उसे सभी ख़रगोश समझाते कि वो चिंता न करे वो शिकार नहीं होगा। इसके पीछे वे तर्क देते कि शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । वे कहते कि ख़रगोश तो बड़ा ही नेक क़िस्म का ख़रगोश है और इसलिए उसका शिकार नहीं होगा । ख़रगोश को ये बातें कुछ देर तो समझ आतीं लेकिन फिर उसका डर दुबारा उसे डस लेता । वो ये कहता कि भले ही मैं नेक क़िस्म का ख़रगोश हूँ पर देखो तो सही मैं काम कैसे करता हूँ । उस दिन मैं झाड़ियों वाले मैदान से लगे खुले खेत में बेपरवाह घूम रहा था । "तुम ऐसा कर रहे थे! " एक ख़रगोश चौंका " तुम्हें पता है न ऊंची झाड़ियों की ओट लिए कोई भी जानवर तुम पर झपट सकता था!!" । " हाँ जानता हूँ " उदास होकर ख़रगोश ने कहा "और इसलिए तो मुझे डर है कि मैं शिकार हो जाऊंगा " उसने अपनी बात रखी । "तुम चिंता मत करो शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । तुम तो बड़े ही नेक क़िस्म के ख़रगोश हो तुम्हारा शिकार नहीं होगा "  दूसरे ख़रगोश ने फिर समझाया । ख़रगोश ने उसकी बात समझ ली लेकिन अपनी आदतन बेपरवाही को बदल न पाया । ख़रगोश कभी खुले मैदान में विचरता, कभी सियारों के साथ ही नदी में पानी पीता कभी शेर की गुफा में अपना बिल बनाता । एक दिन तो हद ही हो गई जब ख़रगोश ने पंख लगाकर उड़ने की कोशिश की । उसे सभी ख़रगोशों ने रोका कि वो ऐसा न करे वो शिकार हो जाएगा । तब उसने सबको समझाया कि उसने न तो कोई पाप किया है, न किसी का दिल दुखाया है और हमेशा अपने बड़ों की बात मानी है । वो एक निहायती नेक ख़रगोश है, वो शिकार नहीं होगा । उसने एक विद्रोही स्वर रखते हुए ये विचार भी रखा कि पंख लगाकर उड़ना तो हर जीव का हक है और अगर वो ऐसा कर रहा है तो इसमें कुछ ग़लत नहीं । इसके बाद ख़रगोश ने पंख लगाए, एक चट्टान पर चढा और अपने पंखों को ज़ोर ज़ोर से फड़फड़ाने लगा ।

इससे पहले ख़रगोश ज़मीन पर आता वो हवा में ही शिकार हो गया । 

Tuesday, November 9, 2021

किस्सा पागल सिरफिरे का

एक बार एक नगर में एक पागल सिरफिरा था । कहते हैं वो अपनी गठरी में कोई खज़ाना दबाए घूमता था जिसे वो किसी को भी न दिखाता । दिन भर सड़कों पर फिरता और कोई कुछ दे तो भी न लेता । जाने बसर कैसा करता था । एक दिन उसकी और उसके ख़ज़ाने की बात राजा के कान तक पहुंची । आदेश जारी हुआ कि खज़ाना हासिल किया जाए और राज्य की संपत्ति में जोड़ा जाए । सैनिकों ने सिरफिरे को घेरा । पहले प्यार से समझाया फिर मार से समझाया । लेकिन मरा गठरी छोड़ने को राज़ी ही न था । सैनिकों ने उसे खूब मारा । हाथों से मारा, छड़ी से मारा, जूतों से मारा, बेरहमी बड़ी से मारा । लेकिन गठरी नहीं छुड़ा पाए । उसके शरीर से खाल खींचना आसान था पर गठरी से माल खींचना असम्भव । वो बोला कुछ भी हो जाए मैं अपनी गठरी राजा के तो क्या किसी के हाथ नहीं लगने दूंगा । ये कहकर वह पूरी गठरी ही निगल गया और मर गया । एक्स रे किया तो दिखा की गठरी में कागज़ की इबारतों के सिवा कुछ न था । डॉक्टरों ने बताया कि और कुछ नहीं चार कविताएँ और दो कहानियां चबा गया । 

Tenet

ये बात दुनिया बनने से पहले की है । भगवान और शैतान दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे । शैतान दिन भर कंचे खेलता था और अपना समय नष्ट करता रहता था । वहीं भगवान दुनिया बनाने में लगे थे । शैतान ने उनसे पूछा, "ये तुम क्या बना रहे हो ? " , भगवान ने बताया कि वो दुनिया बना रहे हैं । शैतान ने पूछा इस दुनिया में क्या होगा? तो भगवान ने बताया कि दुनिया में लाखों सितारे होंगे, लाखों सितारों के लाखों सौर मंडल, सौर मण्डलों में ग्रह, ग्रहों में अरबों तरह के पदार्थ, असंख्य तरह का जीवन, हर प्राणी की असंख्य तरह की चिंताए, इच्छाएँ... और भी बहुत कुछ । शैतान ऐसे ख्याली पुलाव सुनकर हँस पड़ा । वो बोला इतना सब कुछ, तुम बनाओगे कैसे? भगवान ने कहा, मेरे पास समय ही समय है, बना लूंगा । शैतान बोला समय! कैसे? तो भगवान ने समय की एक ईंट उठाई और कहा "देखो ये एक पल है ।  इसी से मैंने एक कमरा बनाया है, ये थोड़ा छोटा है, एक सदी बराबर" फिर उन्होंने  एक हॉल दिखाया , "देखो, ये एक युग है , अब बस इसमें पार्टीशन करने बचे हैं " , " ये सीढ़ी देख रहे हो ये ऊपर भविष्य में जाती है, उससे नीचे उतरो तो अतीत में पहुंचते है " । "शैतान, ये मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, हर कमरे में एक साथ काम चल रहा है, कहीं नींव डाल रहा हूँ, तो कहीं पेंट कर रहा हूँ तो कहीं प्लास्टर । रिपेयर का काम भी साथ साथ चल रहा है " । इस तरह भगवान ने शैतान को अपनी दुनिया का पूरा टूर दिया और फिर थकने के बाद बोले, आओ कुछ देर लिविंग रूम में सुस्ताते हैं । लेकिन जैसे ही लिविंग रूम की लोकेशन पर पहुंचे तो देखा क्या कि वो तो अपनी जगह से नदारद था । भगवान हैरान रह गए, बोले यहीं तो था लिविंग रूम मैनें सुबह ही उसे रिपेयर किया था । " वो", शैतान सकपकाते हुए बोला, " वो तो मैंने नष्ट कर दिया"

Friday, June 11, 2021

किस्सा एक पेड़ का

एक बार एक पेड़ था । लम्बा और हराभरा । उसे अपनी कद, काठी, घनत्व और हरियाली पर बड़ा रश्क था । एक दिन उसे लगा कि उसके पाँव में कुछ है । उसने पाँव उठा कर देखे वो चीज़ नहीं निकली । उसने पानी में पांव भिगोकर देखे वो चीज़ नहीं निकली । वो छटपटाने लगा । उसने हवा में झूलकर देखा वो चीज़ नहीं निकली । फिर उसने एक लकड़हारे से एक कुल्हाड़ी मोल ली और लगा अपने पांव के नीचे मारने । वो चीज़ धीरे कट गई और अलग हो गई । पेड़ लहराया और धराशाई हो गया । वो जिसे वो काट रहा था वो उसकी जड़ें थीं । आपको तो ये बात पहले ही मालूम हो गई थी मैं जानता हूँ लेकिन पेड़ को ये बात कुल्हाड़ी के आखिरी वार तक भी समझ नहीं आई । 

Monday, March 8, 2021

किस्सा दानी आदमी का

एक बार एक अमीर आदमी था । वो बहुत अमीर था । और बहुत वर्षों से अमीर था । एक दिन उसके मन में विचार आया कि वो अब इतना अमीर हो चुका है कि अब उसे दान करना चाहिए । वो दान करने के लिये उपयुक्त अवसर खोजने लगा । उसने बहुत सोचा कि किसे दान करूँ । उसने अपने आसपास देखा तो सोचा कि मेरे कई कुटुंबी काफ़ी ग़रीब हैं क्यूँ न इन्हें ही दान दे दूं । पर फिर सोचा कि इन्हें दान देने से सब लोग सोचेंगे कि अपने ही घर कुटुम्ब में पैसा बांट दिया और इसे कोई दान नहीं मानेगा । फिर उसने सोचा कि अपने मातहत कर्मचारियों को दान दे देता हूँ । लेकिन फिर सोचा कि इन्हें अगर कुछ भी दिया तो ये तो अपना हक़ समझकर लपक लेंगे और धन्यवाद तक नहीं करेंगे । और ऐसा सोचकर ये विचार भी त्याग दिया । इसी उधेड़बुन में था ये अमीर आदमी कि इसकी मोटर के आगे एक भिखारी आ गया और लगा भीख मांगने । आदमी ने जेब से सौ का नोट निकाला तो ड्राइवर बोला कि अगर आप इसे सौ का नोट देंगे तो सुबह शाम आपकी गाड़ी के बाहर भिखारी ही खड़े रहेंगे । आदमी ने पूछा 'अच्छा तो इनका क्या रेट है?' । ड्राइवर ने बताया एक रुपया बहुत है । आदमी ने सोचा कि उसके पास तो दान करने के लिए बहुत सारा रुपया है, अग़र वो ऐसे एक एक रुपया करके दान करने लगा तो इसमें तो बहुत समय व्यर्थ हो जाएगा । सो वो बिना अपनी मोटर का शीशा नीचे किये आगे निकल गया । आदमी अपने दफ़्तर पहुंचा तो मिलने वालों का तांता लगा हुआ था । उसने एक को बुलाकर पूछा कि आप लोगों के आने का प्रयोजन क्या है ? व्यक्ति ने बताया कि हमें मालूम हुआ कि आप एक अमीर आदमी हैं और दान के लिए अवसर ढूँढ रहे हैं । हम एक विशेष कम्पनी से वास्ता रखते हैं जिसका नाम एनजीओ है । आप हमें दान कर दीजिए हम आपसे लेकर आगे दान कर देंगे । आदमी को बड़ी खुशी हुई उसने एक बड़ी सी चेकबुक मंगाई और उसमें एक बड़ा सा चैक काटकर बोला 'मेरे नाम का ज़्यादा प्रचार करने की ज़रूरत नहीं है, इसे गुप्त दान ही समझो' । एनजीओ वाला बोला, 'क्यूँ मसखरी करते हैं ।  इसमें प्रचार तो दूर हमारा आपसे मिलने आने का खर्चा भी नहीं निकलेगा । हमारी कम्पनी ने लोगों को इतना दान दिया है, इतना दान दिया है कि आज हमारी 12 मुल्कों में 12 मंज़िल की 12 इमारतें हैं । आप अगर दान का दरिया हैं तो हम समंदर, जिसमें आप जैसी सैंकड़ों धाराएं आके मिल जाती हैं और बेवजूद हो जाती हैं । " ये कहकर कम्पनी वाला अपनी राह को चला और आदमी ने अपनी बैंक को फोन करके stop payment करा दिया । शाम को अमीर आदमी क्लब में अपने एक पुराने यार से मिला और बोला, 'सुबह से चाहता हूँ कि किसी को दान करूँ पर कोई इसके लायक मिल ही नहीं रहा' । यार बोला कि तुम मेरी कंपनी में invest क्यूँ नहीं कर देते मैं कब से तुमसे कह रहा हूँ । आदमी कुछ सोचते हुए बोला, " कर तो दूँ, पर घाटे का सौदा है' ।

Sunday, January 17, 2021

किस्सा शायर की अधूरी नज़्म का

एक शायर की एक नज़्म थी । जिसका मतला तो बहुत सुंदर बन गया पर बाकी सभी अशार अधूरे रह गए । शायर ने बहुत कोशिश की पर नज़्म पूरी न हो सकी । वो घंटो सोचता रहता पर कोई ख्याल ही न आया ।  फिर उसने एक हक़ीम को बुलवा भेजा । हक़ीम ने नज़्म की नब्ज़ पकड़ कर कहा इसको आबो हवा बदलने की ज़रूरत है । शायर नज़्म को लेकर पहाड़ों पर चला गया । लेकिन वहाँ भी नज़्म की वही हालत । शायर बेकरार हो उठा और रात दिन मयखानों में बिताने लगा । धीरे धीरे नज़्म के सभी अधूरे अशआर दूसरे शायरों की नज़्मों में काम आ गए । शायर के पास बस मतला रह गया और वो उसे लेकर वापस तलहटी में आ गया ।

Monday, January 11, 2021

किस्सा किसान के खेत में मिली चीज़ का

एक बार एक किसान अपना खेत जोत रहा था कि तभी उसका हल अटक गया । उसने खुदाई की तो एक ऐसी चीज़ निकली जिसे वो जानता नहीं था । वो उस चीज़ को एक साहूकार के पास ले गया और पूछा कि क्या वो बता सकता है कि ये क्या चीज़ है। साहूकार बोला कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये लगती बड़ी मूल्यवान कोई चीज़ है ।  फिर किसान उस चीज़ को एक चित्रकार के पास ले गया और फिर पूछा कि क्या वो इसे पहचान सकता है । चित्रकार ने घण्टो उस चीज़ को निहारने के बाद कहा कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये है बेहद सुंदर । फिर किसान उस चीज़ को राज्य के सेनापति के पास ले गया और उसके सामने भी अपना वही प्रश्न दोहराया । सेनापति ने कुछ देर उस चीज़ को टटोलने के बाद कहा कि मैं यह तो नहीं जानता कि यह चीज़ है क्या पर ये है बहुत ख़तरनाक । किसान उस चीज़ को लिए लिए घूम रहा था कि तभी एक फकीर ने उसकी बांह पकड़ ली और कहा, कि ये चीज़ तुम्हें जहाँ मिली थी वहीं वापस रख दो क्योंकि ये किसी का रहस्य है ।






किस्सा वक्त के बीज का

एक बार एक किसान साहूकार से लड़ने पहुंचा जो कि उसे बीज बेचता था । किसान ने कहा कि साहूकार ऐसा क्यों होता है कि मैं अच्छे वक़्त का बीज बोता हूँ और फसल बुरे वक्त की होती है? साहूकार ने कहा सुनो, अच्छा वक्त और बुरा वक्त दो भाई हैं जो एक दूसरे से जुदा नहीं हो सकते । जहां एक जाता है दूसरा उसके पीछे जाता है और जहाँ दूसरा जाता है वहाँ वो आवाज़ लगा कर पहले को बुला लेता है । इसलिए जब तुम अच्छे वक़्त का बीज बोते हो तो बुरे वक्त की फसल होती है । अगर अच्छे वक़्त की फसल चाहिए तो बुरे वक्त के बीज बो दो ।





Featured Post

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ  ...