Tuesday, November 24, 2020

मस्तिष्क



मुझे आगे एक काली स्याह रात दिख रही है
सूरज से चारकोल टपक कर
पूरे उत्तरी ध्रुव पर चिपक गया है
आदमियों की एक कतार
अंधेरे को फावड़ों में भर कर
दूसरी तरफ हटा रही है
समंदर एक खाई है
या फिर है एक पहाड़
कुछ दिखाई नहीं दे रहा
मैं इस अंधेरे में चला जा रहा हूँ
या फिर घुला जा रहा हूँ
कुछ समझ नहीं आ रहा
बहुत दूर से एक आवाज़ आ रही है
मेरे ही दिल के धड़कने की
मेरी जेब से निकलकर
एक चाबी गिर गई
वो किस चीज़ की थी?
अब क्या होगा?

Friday, November 13, 2020

क्या होगा?

क्या तुमने कभी सोचा है
कि कुछ भी हो सकता है
खासकर के वो
जो तुमने कभी नही सोचा

चींटी के पहाड़ उठाने में
और हाथी के आंसू में डूब जाने में
कोई अचरज की बात नहीं है

जो सपना तुम देख रहे हो
साकार होगा कभी
जिस भयानक बात का तुम्हें डर है
वो कभी घटित नहीं होगी

वास्तविकता नाम है
श्रोडिंगर की बिल्ली का
जो जीवित भी है और मृत भी

आश्चर्य एक देवता है
सम्भव और असम्भव
जिसके द्वारपाल हैं
जो हर अनुमान का एक सिरा
अपने पास रखता है
और दूसरा थमा देता है
भविष्यवक्ताओं को



Saturday, October 3, 2020

दाढ़ी में तिनका

एक आदमी था । उसकी दाढ़ी में तिनका था । उसे एक भीड़ ने पकड़ लिया और चोर चोर कहकर, लगी उसे मारने । आदमी ने मदद की बहुत गुहार लगाई । लेकिन जब लोगों ने देखा कि उसकी दाढ़ी में तिनका है तो उसे उसके हाल पर छोड़ दिया । भला कोई भला आदमी अपनी दाढ़ी में तिनका क्यों रखता भला? ऐसा उनका अचूक तर्क था । उसने कहा कि वो चोर नहीं है, हाँ उसकी दाढ़ी में तिनका ज़रूर है । लोगों ने कहा चोर नहीं हो तो दाढ़ी में तिनका क्यों है? क्या तुम ये कहते हो कि तुम खालिस बेकसूर हो? वो बोला जी ये तो नहीं कह सकता कि मैं खालिस बेकसूर हूँ, पर मैं चोर नहीं हूँ ।

भीड़ उसकी बेतुकी बातों से झल्ला उठी, और बोली - क्या तुम जानते हो चोर को पकड़ने में कितनी मशक्कत लगती है? पहले रात दिन एक करके जाल बिछाना पड़ता है। फिर काबिले यकीन सबूत बनाना पड़ता है । उसके बाद अगर चोर ग़रीब या भूखा हो तो उसपे रहमदिली भी दिखानी पड़ती है । और उसके बाद भी नतीजा क्या? चोरी चकारी वहीं की वहीं । नहीं नहीं, वो सब बेकार है । हमें चाहिये कि एक ठोस पैगाम दें कि अगर कोई चोर पकड़ा गया तो उसका क्या हाल होगा । तुम चोर हो या नहीं ये मुद्दा नहीं है । लेकिन तुम चोर हो सकते हो या नहीं ये मुद्दा है । और होने को तुम कुछ भी हो सकते हो - चोर भी । और जो आदमी चोर हो सकता है, उसके लिए हमारे दिल में कोई रहम नहीं । इसलिए तुम्हारे हवाले से हम सब चोरों को खबरदार कर देंगे ।

भीड़ ने उसको बहुत मारा । उसका छप्पर जला दिया और उसे भूखा प्यासा जंगल में छोड़ दिया ।

अगली सुबह, जिस जिसको अपनी दाढ़ी में तिनका मिला, उसने अपना सर ही काट लिया ।

Wednesday, August 12, 2020

कुआं

एक गाँव में एक कुआं था । अकेला कुआं । इकलौता कुआं । अकेला होने की वजह से उसमें अभिमान था शायद । कोई भी उससे पानी लेने आता तो वो उन्हें कल आने के लिए कहता । किसी को पानी की बचत का पाठ पढ़ाता । किसी को अपने बचपन के ही किस्से सुनाके टरका देता । पर पानी किसी को न देता । सूखा बादल, बंजर ज़मीन, प्यासा राहगीर उसने किसी को पानी नहीं दिया । कोई न कोई बहाना बना कर सबको कल आने के लिए कह देता था । गांव कुएं से तंग आ गया । उसके खिलाफ बग़ावत तेज़ हो गई । एक दिन प्यासों की एक फौज ज़बरदस्ती कुएँ में कूद पड़ी और तली में गिरकर फना हो गई । कुएँ में तो पानी कब का सूख चुका था । 

Wednesday, April 1, 2020

साहिल

मैंने साहिल से जाते हुए जहाज़ से कहा
रुक जाओ
अभी यहीं रहो
मुझे कुछ लम्हों का है इंतज़ार
उन्हें बिठा के मैं भी चल दूंगा उस पार

जहाज़ उठा चुका था अपना बीड़ा
बोला,
ये है तुमको आखिरी आवाज़
मुड़ते नहीं हैं जहाज़ी और जहाज़
जीवन रहा तो ऐसे लम्हे और भी आएंगे
आओ बैठौ, हम और रुक नहीं पाएंगे

ऐसा कैसे कर सकता था मैं

चंद लम्हों का ही होता है जीवन
फिर चाहे कोई कितना ही जी ले
समंदर का पानी पीने से तो अच्छा है
दो बूंद ही सही मीठे पानी की पी ले

अलविदा जहाज़ अलविदा

नहीं छोड़ सकता मैं ये पल
उनके लिए जो सम्भव हो सकते हैं कल

वो लम्हें आ जाएं
तो मैं तैर के भी कर लूंगा समंदर पार
पर तब तक तो
मुझे करना ही होगा इंतज़ार

Tuesday, March 31, 2020

मोक्ष

मैं एक ख्याल हूँ, मेरा एक ख़्वाब है
सुरों की एक वादी में, सुंदर का एक पार्क है

बाँसुरी की धुन पर जहाँ
ढलती हैं शाम
घूम लूँ यहाँ
वक़्त की बांहो को थाम

मैं संगीत की सवारी करूं
कोई मुझे देखे न
मैं बैठा रहूँ अहसासों में
कोई मुझे सोचे न
मैं गिरूं एक आँसू सा
कोई मुझे रोके न
मैं मन भर के निहारूं नज़ारों को
कोई मुझे टोके न

ओढ़ लूँ मैं रौशनी; आंखों को मूंद मूंद
छू लूँ मैं घास पर; ओस की बूंद बूंद

एक पल का है जीवन
इसे एक पल में ही जी लूँ
कितना चैन है इन फ़िज़ाओं में
इसे जी भर के पी लूँ

आँखों में भर लूँ
हर रंग इस आसमान का
बस इतना सा है ख़्वाब
इतनी सी है आकांक्षा




पपीहा

कभी देखा है?
किसी पपीहे का
बारिश के लिए इंतज़ार ?

कभी सुना है उसका गुंजन
मर्मज्ञ करता ध्यानमग्न भ्रमण

आह! आह्लादित मन
इंद्र का आह्वाहन करता है
जलकूप से जलकूप
टहनी से टहनी विचरता है!

क्या क्रीड़ा करते हैं देव हमारे साथ
हमारे निमित्त रखते हैं प्रकृति में वर
फिर भी देते नहीं हमारे हाथ!

आसां नहीं ऐसे में
अपनी नियति से मिल जाना
जो हमारे लिये हो ईश्वर ने चुना
उसे पहचान उसे पाना 

चाहिए एक विशिष्ट संयोग 
मन का माधव में योग 
एक ही लय हो सर्वत्र
अंत:सलिला से लेकर ग्रह नक्षत्र

पपीहे को चाहिए

विवेक भी और वैराग्य भी
धैर्य भी और भाग्य भी

ज़रा से पंछी से 
रचयिता की कितनी अपेक्षाएं
एक बूंद बारिश के लिये
कहाँ कहाँ जाए

ये सब कभी देखा है?

इसका बन नहीं सकता कोई चित्र
न हो सकता है कोई वर्णन
इस भाव की 
कोई उपमा भी नहीं दी जाती

क्या जाने कोई
क्या होता है मिलना
पपीहे को स्वाति

इस दुनिया की माँ कहाँ हैं?

कितने युग बीते
कितने बरस
किसी को नहीं आता
इस दुनिया पे तरस

अगर इसकी माँ होती
तो ज़ोर से फटकार देती 
आँचल में छुपा लेती दुनिया को
इतने क्रूर इतिहास से 
बचा लेती दुनिया को

नहीं होती दुनिया
इस पूरे ब्रह्मांड में अकेली
माँ खोज ही लाती
उसको एक सहेली

Thursday, July 4, 2019

#RockOn2 SpinOff

नीला आकाश जो एक समंदर है
वो झांकता है मेरी आँखों में
और देखता है
कि वो तो मेरे अंदर है

आकाश जो पूरे ज़माने से
औंधा मुँह करके बैठा है
एक समंदर जिसने नजाने
कितने किस्सों को समेटा है

एक आकाश जो है
टूटे दिलों जितना ख़ुश्क
एक समंदर जो है
ताज़ा ज़ख्म जितना शुष्क

एक आकाश जो इतना नीला है
जितना नीला है समंदर
आंखों को दिखते हैं दोनो एक जैसे
पर अंदर झांको तो बहुत फर्क है इनके अंदर

अब ये बताओ
की आकाश है
या है समंदर
वो जो है
मेरे अंदर?

Friday, June 7, 2019

यूं होता तो क्या होता

एक बार, यूं होता तो क्या होता, एक बाज़ार से गुज़र रहा था । उसे बार बार लगता कि कोई उसके पीछे चल रहा है । जब वो पीछे मुड़ के देखता तो पाता कि कोई भी नहीं । तब उसे कहीं दूर से कोई आवाज़ सुनाई देती और उसे लगता कि उसे आवाज़ का पीछा करना चाहिए । लेकिन बहुत वक़्त भटकने पर भी उसे आवाज़ को देने वाला कोई न मिलता । फिर उसे लगा कि उसके बगल में कुछ कदम ठिठके और फिर तेज़ी से किसी ऐसे रास्ते पर मुड़ गए जो यूं होता के लिए निषेध था । अंत में थक हार कर वो एक तालाब के किनारे  बेंच पर बैठ गया । कुछ देर उकताने के बाद तालाब में कंकड़ फेंकने लगा । तभी उसकी नज़र तालाब के दूसरी ओर बैठे एक आदमी पर पड़ी जो बोरियत में घास छील रहा था । उसने उसे अचरज से देखा । वो बिल्कुल आम आदमी था । शक्ल, सूरत, चाल ढाल में कुछ भी खास नहीं ।फर भी उसे लगा कि उसे उससे बात करनी चाहिए । कुछ देर झिझकने के बाद उसने पूछा - " ऐ तुम, तुम कौन हो? तुम्हारा नाम क्या है?" तालाब के दूसरी ओर से आवाज़ आई - "यूं होता तो क्या होता" ।

Wednesday, January 9, 2019

एक शैतान

एक शैतान
लंबे लंबे दांतों वाला
लंबा चौड़ा हैवान
मंदिर में पहुंच कर
मचाने लगा घमासान

पुजारी को फेंक दिया उसने
तोड़ दिया पूजा का सामान
भाव या भक्ति का
नहीं छोड़ा कोई नामो निशान

फिर मूरत उठाकर
झकझोरने लगा
रोने लगा दहाड़े मार मार
और बोला
शैतान
क्यूँ
मुझे क्यूँ
तुमने ऐसा बनाया
भगवान?

Saturday, December 29, 2018

तूफ़ान की उलझन

एक तूफ़ान
उजाड़ आया
पूरा बियाबान

महलों को कर दिया उसने रेत

अब सोच रहा है
साहिल पर ठहर
कैसे वापस जाए शहर?

कैसे पूछे
उनके हालचाल
जिनके जीवन में
लाया वो भूचाल ?

जहाँ से चला आया तूफ़ान
वहां फिर रुख कर नहीं सकता
जो मचाई बर्बादी
उसपर गम नहीं कर सकता

वो तो जहाँ भी जाएगा
रहेगा तूफ़ान
उजाड़ देगा बियाबान 



Tuesday, October 9, 2018

ईश्वर का घर

क्या अंतरिक्ष में रहते हैं भगवान?

वो तो कोई रहने लायक जगह नहीं

बिना हवा, पानी, वायु का
निष्ठुर देश है
हर ओर
जीवन रहित पिंडों के अवशेष हैं

वहां किस हाल में रहते होंगे ईश्वर?

न अग्नि संभव है
न मंत्रोच्चार

कितनी भली है पृथ्वी
वात्सल्य की मूरत
इस क्रूर ब्रह्मांड में
एक कोमल कोना
दिव्य संजोग है
हम सबका
पृथ्वी पर होना

जब किसी देवता का अंतरिक्ष में समय पूर्ण होता होगा
तब वह पृथ्वी पर जन्म लेता होगा

Tuesday, October 2, 2018

माओ ज़डोंग की चिड़िया

चिड़िया हूँ मैं चिड़िया
माओ ज़डोंग की चिड़िया
चीं चीं चीं चीं चीं चीं
करती हूँ चिड़िया
चीं चीं चीं चीं
हंसती हूँ चिड़िया
चीं चीं चीं चीं
रोती हूँ चिड़िया

घर है मेरा
पेड़ की डालियां
खाती हूँ खेत में
गेंहू की बालियां

भड़ भड़ भड़ भड़
बजते हैं बर्तन
धड़ धड़ धड़ धड़
होता है गर्जन
खेत में गेहूं
मैं खा नहीं पाती
डाली पर दम भर
ठहर नहीं पाती

 
मैं उड़ते उड़ते थक जाती हूँ
थक के आसमान से गिर जाती हूँ
बन जाती हूं गिर कर
रेत की पुड़िया
मैं हूँ माओ ज़डोंग की चिड़िया

सपना

सपने देखे हैं तुमने?
कितने ऊल जलूल होते हैं
बेतुके बेवक़्त मोड़ फ़िज़ूल लेते हैं

किसी भी कहानी में
आके मिल जाता है
कोई भी किस्सा
किसी भी किस्से का
अधूरा छूट जाता है
कोई भी हिस्सा

ऐसा लगता है
कोई सपना देख रहा है
और हम उसमें जी रहे हैं

Sunday, September 30, 2018

ईश्वर के लिए आंगन

सपने क्यूं नहीं देखते?
सपने नदी के पहाड़ के
झरने के बरसात के
सपने जिनमें तुम दौड़ लगाते हो आकाश में
जिनमें तुम गोते खाते हो प्रकाश में

जिस तरह चाँद को उतरने के लिये चाहिए आंगन
उसी तरह ईश्वर को तुमसे मिलने के लिए
चाहिए तुम्हारे सपने

ऐसे सपने जिसमें तुम मुस्कुरा रहे हो
आह! अपना पसंद का गीत गा रहे हो

अब से
नींद आए तो देखो सपने
और
नींद न आए तो देखो सपने

Thursday, July 12, 2018

अंधेरे का डर

अंधेरे से निकल कर कोई हाथ आएगा
होगा कोई भूत मुझे खा जाएगा
अब ऐसे नहीं सोचता मैं

रात को जब सोता हूँ
तो अंधेरा दुबक कर
मेरे कंधे पर सर रख कर
सो जाता है
मैं थपकी देकर
उसका ढांढस बंधाता हूँ
सुबह कुछ नहीं होगा
उसे झूठ बहकाता हूँ

अब अंधेरे से डर नहीं लगता
जब दिन उजाले में ही
इतना जल चुका हूँ
जो बह न सके उन आंसुओं
में इतना गल चुका हूँ

जो कुछ भी अब जान चुका हूँ
उसी से इतना दहशतज़दा हूँ

कि अब अनजान की चिंता कर नहीं सकता
मैं अब अंधेरे से डर नहीं सकता

Monday, July 24, 2017

Big Bang Theory

इस दुनिया में कोई भी दो
लम्हें हों या लोग हों
वो चाहे बढ़ें किसी भी ओर
वो जा रहे हैं, एक दूसरे को छोड़

यही है ब्रह्माण्ड का नियम

यहाँ
शाश्वत है विरह
मिलने से भी पहले
बिछड़ना है तय

पल भर की प्रीति बस एक भ्रम है
ये दुनिया एक नितान्त निराशा का क्रम है

Evolution

अपनी आँखों से ओस मलकर
एक पौधे ने अपने उपवन को देखा

हा हा हा
बिना पत्तियों का भी
कोई पौधा होता होगा?

जिसे उपवन का साथ न हो
सर पर दरख्तों का हाथ न हो
आँखों को न ठंडक दें बहते हुए निर्झर
क्या संभव है ऐसी भूमि पर, अपना घर!

हम तो,
मिटटी में ज़रा नमी कम हो, तो मुरझाएंगे
हवा में ज़रा बेरुखी हो, तो इतराएंगे
नहीं तो किसी और बात पर
कुछ और बहाना बनाएँगे

और तब

एक एक कर के चल दिए होंगे
पहले पेड़,
फिर पानी,
फिर पवन

सर पर आग बरसी होगी
जड़ से ज़मीन सरकी होगी
रह गया होगा नितान्त एकांत में
एक पौधा, अकेला, रेगिस्तान में


ऐसे में

ईश्वर के आगे, अपने हाथ लिए होंगे जोड़
और अपनी पत्तियों को कर लिया होगा सुखाकर काँटा

टूट गया होगा, उसको भ्रम जो था
हाँ, बिना पत्तियों का भी, हो सकता है पौधा

Saturday, March 4, 2017

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है
मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है

नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे
करने कुछ  निकलता हूँ  हो कुछ और जाता है

घुली हुई हैं हवाओं में उसके बुजुर्गों की दुआएं
मिटटी से निकल नन्हा सा अंकुर फूट जाता है

जिनसे होते हैं नाराज़ अक्सर वही बन जाते हैं लोग
सलीके से करना ऐतराज़ बड़ी मुश्किल से आता है

बरसों पहले हो चुका है जो होने वाला है कल
वक़्त अंधाधुंध, कभी इधर कभी उधर जाता है

Featured Post

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ  ...