छुट्टी का दिन ठहरा शहर
साँझ से पहले का पहर
हवा ठहरी हुई है
वक़्त भी गया है ठहर
माथे पर जैसे कुछ लकीरें ठहर जाती है
और उठती गिरती भौंहें उन्हें आकार दे जाती हैं
जैसे ये सामने समुद्र और इसकी लहरें
आकर टकराती हैं शहर से और वापस चली जाती हैं
मैं भी ठहर गया हूँ यहाँ
एक बेंच पर जो जुडी है ज़मीन से
मेरी साँसे चुप हैं
मेरे माथे पर बल नहीं है
मेरी आँखें शून्य को तकती हैं
और भरती हैं रंग
सामने फैले इस खाली कैनवास पर
रंग जो आग के हैं
कुछ लाल कुछ पीले कुछ नीले
क्योंकि जो ठहरा हुआ हो
वो शांत भी हो कोई ज़रूरी नहीं