एक बार एक अमीर आदमी था । वो बहुत अमीर था । और बहुत वर्षों से अमीर था । एक दिन उसके मन में विचार आया कि वो अब इतना अमीर हो चुका है कि अब उसे दान करना चाहिए । वो दान करने के लिये उपयुक्त अवसर खोजने लगा । उसने बहुत सोचा कि किसे दान करूँ । उसने अपने आसपास देखा तो सोचा कि मेरे कई कुटुंबी काफ़ी ग़रीब हैं क्यूँ न इन्हें ही दान दे दूं । पर फिर सोचा कि इन्हें दान देने से सब लोग सोचेंगे कि अपने ही घर कुटुम्ब में पैसा बांट दिया और इसे कोई दान नहीं मानेगा । फिर उसने सोचा कि अपने मातहत कर्मचारियों को दान दे देता हूँ । लेकिन फिर सोचा कि इन्हें अगर कुछ भी दिया तो ये तो अपना हक़ समझकर लपक लेंगे और धन्यवाद तक नहीं करेंगे । और ऐसा सोचकर ये विचार भी त्याग दिया । इसी उधेड़बुन में था ये अमीर आदमी कि इसकी मोटर के आगे एक भिखारी आ गया और लगा भीख मांगने । आदमी ने जेब से सौ का नोट निकाला तो ड्राइवर बोला कि अगर आप इसे सौ का नोट देंगे तो सुबह शाम आपकी गाड़ी के बाहर भिखारी ही खड़े रहेंगे । आदमी ने पूछा 'अच्छा तो इनका क्या रेट है?' । ड्राइवर ने बताया एक रुपया बहुत है । आदमी ने सोचा कि उसके पास तो दान करने के लिए बहुत सारा रुपया है, अग़र वो ऐसे एक एक रुपया करके दान करने लगा तो इसमें तो बहुत समय व्यर्थ हो जाएगा । सो वो बिना अपनी मोटर का शीशा नीचे किये आगे निकल गया । आदमी अपने दफ़्तर पहुंचा तो मिलने वालों का तांता लगा हुआ था । उसने एक को बुलाकर पूछा कि आप लोगों के आने का प्रयोजन क्या है ? व्यक्ति ने बताया कि हमें मालूम हुआ कि आप एक अमीर आदमी हैं और दान के लिए अवसर ढूँढ रहे हैं । हम एक विशेष कम्पनी से वास्ता रखते हैं जिसका नाम एनजीओ है । आप हमें दान कर दीजिए हम आपसे लेकर आगे दान कर देंगे । आदमी को बड़ी खुशी हुई उसने एक बड़ी सी चेकबुक मंगाई और उसमें एक बड़ा सा चैक काटकर बोला 'मेरे नाम का ज़्यादा प्रचार करने की ज़रूरत नहीं है, इसे गुप्त दान ही समझो' । एनजीओ वाला बोला, 'क्यूँ मसखरी करते हैं । इसमें प्रचार तो दूर हमारा आपसे मिलने आने का खर्चा भी नहीं निकलेगा । हमारी कम्पनी ने लोगों को इतना दान दिया है, इतना दान दिया है कि आज हमारी 12 मुल्कों में 12 मंज़िल की 12 इमारतें हैं । आप अगर दान का दरिया हैं तो हम समंदर, जिसमें आप जैसी सैंकड़ों धाराएं आके मिल जाती हैं और बेवजूद हो जाती हैं । " ये कहकर कम्पनी वाला अपनी राह को चला और आदमी ने अपनी बैंक को फोन करके stop payment करा दिया । शाम को अमीर आदमी क्लब में अपने एक पुराने यार से मिला और बोला, 'सुबह से चाहता हूँ कि किसी को दान करूँ पर कोई इसके लायक मिल ही नहीं रहा' । यार बोला कि तुम मेरी कंपनी में invest क्यूँ नहीं कर देते मैं कब से तुमसे कह रहा हूँ । आदमी कुछ सोचते हुए बोला, " कर तो दूँ, पर घाटे का सौदा है' ।
Featured Post
ek ghazal
मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ ...
-
All our learnings in life are like band-aids. when we are ignored in a group, we learn to stay reserved. we learn to be careful once we fa...
-
अक्सर ...मुद्दे की बात छिड़ी . बकवास को भी बुलाया गया . बात से पहले बकवास पहुँच गयी और बहुत हो गयी . फिर वो लगी बात को दबाने उसे खाई में गिरा...
-
मत हटाओ इन महान पत्थरों को मत डिगाओ अपने रास्ते से इन चट्टानों को, पर्वतों को मत छेड़ो इन्हें खड़े रहने दो या बैठे या अधलेटे जैसे भ...