मैं जहाँ कदम रखता हूँ
दलदल बन जाता है
जिधर फिसलता हूँ
रास्ता निकल आता है
मेरे सब सपने बिखर जाते हैं
और कहीं से बिन मांगे
वरदान मिल जाते हैं
कोई मुझे पकड़ के खींच रहा है
पर उसकी कलाइयां बहुत नाज़ुक हैं
मेरे अंदर
भीतर बहुत भीतर
एक देवता बैठा है
वो मुझे पुकार रहा है
उसे मुझसे कुछ चाहिए
मैं उसके लिए क्या कर सकता हूँ ?
उसके अगर किसी काम मुझे आना है
तो अपनी हड्डियों तक को गलाना है
और एक गदा बनाना है
मनुष्यों के काम देवता आ सकें
इसके लिए मनुष्यों को काम आना है