Tuesday, May 3, 2022

दिनकर जी की कविता

आज दिनकर जी की आवाज़ सुनी । वो एक समय कविता के बारे में ये विचार प्रकट करते हैं

"कविता को अपने लिए कोई ऐसा कर्म ढूंढना चाहिए जो दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान के बस के बाहर की चीज़ हो । तभी कविता यह दावा कर सकती है कि वह भी दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान के ही समान विद्या की एक स्वतन्त्र शाखा है । "

इन पंक्तियों को सुनकर मन में हर्ष भी हुआ और साथ ही साथ ठेस भी लगी । हर्ष इसलिए कि ऐसा लगा कोई महान खज़ाना हाथ लगा है । ठेस इसलिए कि ये खज़ाना हमारे पास ही था, हमारे पूर्वजों का संचित पुण्य था और हमें आजतक इसका आभास ही न था । अगर अपनी बात करूँ तो मैं स्वयं कविता को  जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम मानता था । मुझे लगता था कि दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान की गूढ़ बातों को एक सहज रूप में जन मानस तक पहुंचाने से इतर कविता का कोई श्रेष्ठ उपयोग हो नहीं सकता । किन्तु दिनकर जी का चिंतन और बड़ा है । उनके विचारों में कविता कोई अनुवादक नहीं बल्कि स्वयं एक महान ध्येय की ओर अग्रसर एक शक्ति है जिसका सन्धान युग की आवश्यकता है । इस निष्कर्ष तक पहुंचने में दिनकर जी को कितने वर्ष लग गए होंगे, कितनी तपस्या लगी होगी । और यह सारी तपस्या का फ़ल आने वाली पीढ़ियों के सामने होकर भी आंखों से ओझल हो गया । दिनकर जी के इस कथन के बाद इस देश में कविता को कहाँ पहुंच जाना चाहिये था और वो कहाँ रह गई या यूं कहें कि फ़िसल गईं ।

ओस की बूंद


ओस की बूंद
ओस की बूंद
तू क्या कर सकती है?

तू कुछ भी कर सकती है
कुछ भी बन सकती है

तू चाहे तो बादल बन सकती है
तू चाहे तो नदी भी बन सकती है
तू चाहे 
तो इंद्रधनुष के 
सातों रंगों में 
बिखर भी सकती है

तू कुछ भी कर सकती है
कुछ भी बन सकती है

ओस की बूंद 
ओस की बूंद
तू क्या कर सकती है?

Tuesday, April 26, 2022

बनते बनते

बिगड़ जाते हैं काम
अक्सर बनते बनते
बनने चला था इंसान
रह गया बनते बनते

भगवान ने मुझको बनाया
जब नहीं थे वो सोबर
दिमाग देते देते 
दे दिया उन्होंने गोबर

उलझ जाता हूँ बवाल में
बस सुलझते सुलझते
धंस जाता हूँ जंजाल में
बस निकलते निकलते

सीधे सपाट रस्तों पर भी
जाने कैसे अटक जाता हूँ
हाथ में नक्शा लिए भी
जाने कैसे भटक जाता हूँ








Monday, April 25, 2022

कितना जीवन बीत गया

कुछ हार गया 
कुछ जीत गया
कितना जीवन बीत गया
एक उम्मीद का थामे दामन
नेपथ्य में ही रीत गया
कितना जीवन बीत गया
बहुतों को निराश किया मैंने
कुछ का मैं दिल जीत गया
कितना जीवन बीत गया
अब जाकर समझा हूँ मैं
धुन जो गई तो गीत गया
कितना जीवन बीत गया

Sunday, April 17, 2022

गुमशुदा

एक बार एक आदमी थाने पहुंचा और थानेदार से बोला मुझे गुमशुदा की रपट लिखानी है । थानेदार ने पूछा कौन हुआ गुम? तो आदमी ने बताया कि वो गुम हो गया है । 'ये तो बहुत बुरा हुआ' थानेदार ने कहा और फौरन रपट लिखनी शुरू कर दी । उसने पूछा कि वो गुम कैसे हुआ, क्या वैसे जैसे कोई अपना बटुआ किसी बस में भूल आए और घर जाकर याद आए या ऐसे जैसे किसी पेड़ की किसी टहनी को काट दिया हो झट से? आदमी ने कहा नहीं ऐसे नहीं । मैं ऐसे गुम हुआ जैसे किसी ट्रेन से उसका डिब्बा अलग होता है । डब्बे को ट्रेन से थामने वाले पेंच, हिलने से ढीले हो जाते हैं, और फिर कई दिन, महीनों तक ढीले होते रहते हैं और एक दिन अलग होकर निकल जाते हैं । कुछ वैसे ही मैं गुम हुआ हूँ । थानेदार ने कहा वो जगह दिखाओ जहाँ तुम गुम हुए । आदमी थानेदार को एक  खाई पर ले गया और नीचे की ओर इशारा करके बोला कि वो यहीं गुम हुआ था । थानेदार ने कहा यहाँ क्या हुआ था सब बारीकी से बताओ । तो आदमी बोला कि मैं अक्सर इस खाई में झाँका करता था । मुझे हमेशा एक डर सताता था कि मैं इस खाई में गिर जाऊंगा । इसलिए मैं रोज़ यहाँ आकर  इस खाई के किनारे बैठ जाता था और इसके नीचे झांकता था । एक दिन वही हुआ जिसका मुझे डर था । मेरा पाँव फिसल गया और मैं गिर गया । मैंने किसी तरह से मेरा हाथ थामा और बहुत समय तक मैं एक हाथ के सहारे खाई में लटका रहा । मैं जानता था कि मैं खुद को खाई से बाहर नहीं खींच पाउँगा इसलिए मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि किसी तरह से मेरा हाथ छूट जाए और मैं नीचे गिर जाऊं । लेकिन इससे पहले मेरी प्रार्थना सुनी जाती, थामने वाला मेरा हाथ थक गया और मैंने खुद को छोड़ दिया । बस इतनी सी है कहानी ।

थानेदार बोला, "ये मामला गुमशुदगी का नहीं, क़त्ल का है"

Happy bday Hanuman ji

जय हनुमान जी, जय जय हनुमान जी
मेरे प्रभु कपि तुम हो, तुम्हरे श्री राम जी
जय हुनमान जी..
तुम चाहो तो होता, असम्भव भी आसान जी
सूरज को खा जाते, समझकर तुम आम जी
जय हनुमान जी...
मन को पल में बल दो, करूं तुमको ध्यान जी
संकट सारे हर लो, संकटमोचन है नाम जी
जय हनुमान जी...
दुनिया माला मोती की, हमको क्या काम जी
अपनी शरण में रख लो, सच्चा श्री धाम जी
जय हनुमान जी...

Hanuman ji. The great God who teaches us that by conscious efforts a believer can elevate herself to a point where the Gods not just find her worthy of their love but also of their trust. So much so that they look up to the believer and entrust their own difficulties to her. What a hero! What an idol! 

Jai Hanuman!

Friday, April 15, 2022

किस्सा एक दीवार का

एक बार एक आदमी था । उसे कहीं पहुँचना था । उसे उसके शुभचिंतकों  ने बहुत समझाया कि उस ओर न जाए, लेकिन आदमी उसकी बात मान न सका और उस पथ पर चल ही दिया । उस पथ पर उसे एक दीवार मिली । बहुत ऊंची नहीं, बहुत मजबूत भी नहीं । आदमी ने निरीक्षण किया तो उसे लगा कि ये दीवार तो कच्ची मिट्टी की बनी है, उसके लात मारते ही बिखर जाएगी । आदमी ने दीवार में लात मारी । ज़ोर से मारी । दीवार नहीं बिखरी । आदमी अपने पूरे वेग से भागकर दीवार से टकराया । दीवार टस से मस न हुई बल्कि कुछ और मज़बूत हो गई । आदमी ने सोचा दीवार टूट नहीं रही तो इसके ऊपर से कूद के निकल लिया जाए लेकिन जैसे ही आदमी ने अपने हाथ दीवार के ऊपर रखे उसके हाथ लहूलुहान हो गए । आदमी को समझ न आया कि क्या किया जाए । क्या अपने कुटुम्बियों की बात मान कर पथ बदल लिया जाए या इस दीवार से लड़ा जाए । आदमी ने सोचा यूँ हार मानना तो कोई भली बात नहीं है सो उसने अपने प्रयत्न और प्रखर कर दिए । उसने दीवार पर तरह तरह से प्रहार किए । पेड़ के तनों से लेकर लोहे के सरियों से दीवार में प्रहार किए लेकिन कोई असर नहीं । हथौड़ों से हज़ार प्रहार किए पर कोई असर नहीं । उसने गाड़ी से, क्रेन से, टैंक से हर चीज़ से दीवार पर प्रहार किए पर वो निरीह दीवार टूटनी तो दूर लगातार और मजबूत होती जाती । अंत में आदमी थक गया और दीवार से टेक लगा कर बैठ गया । मन ही मन उसने सोचा, "पथ बदल लेना ही बेहतर है" ।

धूमकेतु

जंगल से आकर एक धूमकेतु टकराया धम्म
आग का बन गया गुबार
शोलों की हो गई बारिश
दूब, पेड़, झरने, फ़ूल
बस राख, कोयला और धूल
महीनों जला जंगल
अमंगल ही अमंगल
ऐसे में 
टिटहरी के दो बच्चे
भूख में बिलखते
पानी के लिए तरसते
ढूंढ रहे थे खाना
न जाने कैसे
एक को
इस हाल में भी सूझ गया कोई गाना
वो यकायक गुनगुना उठा
जंगल का दिल फिर धड़क पड़ा



Tuesday, April 5, 2022

बेअसर

'बेअसर' पर जौन के दो शेर । अलग अलग ग़ज़ल से ।

'उम्र गुज़रेगी इम्तिहान में क्या' , में वो फरमाते हैं

"मेरी हर बात बेअसर ही रही
नुक्स है कुछ मेरे बयान में क्या"

'गाहे गाहे बस यही हो क्या', में वो कहते हैं

"मेरे सब तंज़ बेअसर ही रहे
तुम बहुत दूर जा चुकी हो क्या"

Sunday, April 3, 2022

रूठ जाऊँगा

इतना झुकाओगे मुझे, मैं टूट जाऊँगा
नहीं मनाओगे मुझे, मैं रूठ जाऊँगा

पलकों पर ठहरा आँसू सोच रहा है
गिरा तो मोती, रुका तो ग़ज़ल बन जाऊँगा

मेरा माज़ी मेरे दिल से ये बार बार कहता है
इश्क़ में रहा तो न कहीं का रह जाऊँगा

बेतकल्लुफी जो थी अब न रही दरम्यान
जब बुलाओगे मुझे तभी तो आऊँगा

दिल, दुआ, दौलत तुम्हारे काम का क्या है?
पहलू में रहा तो कुछ दे ही जाऊँगा

Friday, March 25, 2022

तग़ाफ़ुल, ख़ाक और ग़ालिब

तग़ाफ़ुल माने उपेक्षा या फिर indifference. ख़ाक के माने तो आपको पता ही है । ग़ालिब की शायरी में इन दोनों शब्दों के combination को दो अलग अलग तरह से प्रयोग में लाया गया है । 'रोने से और इश्क़ में...' में एक शेर आता है कि

"करने गए थे उनसे, तग़ाफ़ुल का हम गिला


की एक ही निगाह के बस ख़ाक हो गए"

वहीं 'आह को चाहिए एक उम्र असर ...' में एक शेर आता है कि

"हमने माना तग़ाफ़ुल न करोगे लेकिन


ख़ाक हो जाएंगे हम तुमको ख़बर होने तक"

Friday, March 18, 2022

बाऊजी, चाय

"बाऊजी, चाय" ये दो शब्द मेरे जीवन के अनमोल रत्न हैं । इन्हें कहने वाले, कभी मेरी मम्मी, कभी मेरी मौसी । बाऊजी यानि मेरे नाना साहब । 'बाऊजी, चाय' माने चाय पीने के उत्सव का आरंभ, जो मेरे नाना के काल में सुबह, दोपहर और शाम हर दिवस अखण्ड होता था । उत्सव इसलिए क्यूंकि नाना के राज में चाय बस पी नहीं जाती थी, उसकी चुस्कियां ली जातीं थी, डबाडब बिस्कुट डुबोए जाते थे और ढेर सारी बातें होतीं थीं । सुबह पांच बजते ही आकाशवाणी का प्रसारण शुरू हो जाना, एक जग भर के चाय, कई कप, और बिस्कुट और रस्क का एक ट्रे में आना और फिर जैसे ही ये दो शब्द कहे जाते 'बाऊजी, चाय' तो नाना जग जाते और कुछ ही देर में उनके दीवान पर हम सब बच्चे चढ़ जाते और नाना अधलेटे, अपने सर को अपने हाथ पर टिकाए चाय पीते । चाय से ये ताल्लुक नाना का जीवनभर रहा और उनके जाने के बाद चाय पीने का हुनर भी मेरे जीवन से जाता रहा है । 

Thursday, March 17, 2022

जी

यह जी भी कितना कमाल चीज़ है । यूँ तो कभी पता नहीं चलता कि ये भी कोई चीज़ है । लेकिन जब ये लग नहीं रहा होता तब इसका खूब पता चलता है । लोगों को सम्मान देने के लिए भी जी का प्रयोग किया जाता है।  यहाँ भी वही बात किसी को जी कह के बात करो तो उसे अहसास नहीं होता कि कोई सम्मान दे रहा है लेकिन बातचीत से जी हटा दो तो फौरन पता चल जाता है । 

अभी कुछ दिन पहले ही मैंने जी पर दो एक्सपेरिमेंट पढ़े . पहला है स्वानंद किरकिरे साहब का, उनकी किताब 'आप कमाई' से 

ये किस चक्कर में फँस गया जी 
कल उड़ा था अब फिर धँस गया जी 
वो प्रीत की नागन जहरीली 
गुज़री तो जा उसे डँस गया जी 
फिरा बेगानों को अपनाता 
ख़ुद से मिलने को तरस गया जी 
आज़ादी रेशम का शिकंजा 
ख़ुद ही ख़ुद पे कस गया जी 
पहली बार तो ऐसा हुआ 
बेचारा टस से मस गया जी 
जो गया तो रुसवा ऐसा हुआ 
बर्बाद तहस-ओ-नहस गया जी 
नाइंसाफ़ी के इस आलम में 
इतना रोया के हँस गया जी...

यहाँ जी का एक मतलब हो सकता है मैं और दूसरा हो सकता है मेरा मन । या यूं कहें कि जब एक इंसान emotionally vulnerable होता है तब उसमें और उसके मन में कोई भेद रह ही नहीं जाता ।  जी पर दूसरा एक इस्तेमाल मुझे मिला जौन एलिया की शायरी में । इसे सुनिए 

मत पूछो कितना ग़मगीं हूँ, गंगा जी और जमना जी 
मैं जो था अब मैं वो नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी 

मैं जो बगूला बनके बिखरा, वक़्त की पागल आँधी में 
क्या मैं तुम्हारी लहर नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी

बान नदी के पास अमरोहे में जो लड़का रहता था 
अब वो कहाँ है ? मैं तो वहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी

गंगा जी और जमना जी । जॉन ने ऐसे इस्तेमाल किये हैं जैसे बड़े मन से इन दोनों नदियों को जिनसे उनका बड़ा पुराना, गहरा रूहानी रिश्ता है उन्हें मना रहे हों । अपनी याद दिला रहे हों। यहाँ सम्मान से ज़्यादा जी का प्रयोग एक खास अपनेपन के लिए किया गया लगता है । 

क्या आप के पास भी कोई ऐसी शायरी कोई नज़्म है, जिसमें जी को इस्तेमाल किया गया हो । किसी नए ढंग से? 

Saturday, March 12, 2022

किस्सा ग़ज़ल के शेर का

एक बार एक ग़ज़ल थी । उसमें एक शेर था । उसपर कभी दाद नहीं मिलती थी । सुनने वालों और गुनगुनाने वालों को उससे ठीक  पहले के अशआर  बहुत अच्छे लगते और उसके ठीक बाद वाले अशआर तो और भी अच्छे लगते । वो इन सबके बीच दुबका हुआ बैठा रहता था । उसे लगता कि उसका अस्तित्व बस  बस ग़ज़ल के ढाँचे को दुरुस्त रखने का एक ज़रिया है और कुछ भी नहीं । ऐसे ही वो ग़ज़ल में बैठा रहा । साल दर साल । बहुत वर्षों बाद उस ग़ज़ल को एक सुनने वाला उस शेर के पास आया और उसकी गोद में सर रख के लेट गया । शेर ने उससे पूछा "तुम यहाँ क्यों आए हो? मैं तो इस ग़ज़ल का प्रसिद्ध शेर नहीं हूँ "। आदमी बोला "हाँ ये बात सही है ।  तुम मुशायरों को लूटते नहीं हो और शायर की पहचान तुमसे नहीं बनती; पर तुम ख़ास मौकों पर बिल्कुल सटीक बैठते हो । और उन मौकों पर तुम्हारे सिवा कोई और शेर सूझता भी नहीं है । तुम प्रसिद्ध नहीं हो बात सही है, पर सिद्ध ज़रूर हो । तुम अपने जैसे अकेले शेर हो और अपनी तरह से बहुत अच्छे हो । "

उस दिन शेर को समझ आया कि सब शेर बारिश की बूंद जैसे नहीं होते, कुछ शेर रेगिस्तान में दरख़्त जैसे भी होते हैं । 

Wednesday, January 26, 2022

आँसू का सफर

आँसू
कहाँ जा रहे हो
अकेले अकेले

क्या जब तुम गिरे
तुम्हें थामने वाला कोई था नहीं क्या
तुम्हारे पाँव में मोच आ गई है क्या
जो चल रहे हो सिसक सिसक के
इधर दिखाओ,
तुम्हारा माथा तो तप रहा है
और तुम तो बड़े उदास हो

आँसू बोला
मैं चल रहा हूँ
मुझे चलने दो
मेरे पीछे पीछे मत आओ
न अब मुझे बहलाओ
मुझे बहुत दूर जाना है
अकेले अकेले
एक रेगिस्तान आएगा मेरे रस्ते में
तीन शहर
और दो पहाड़

मुझे इन सबको पार करना है
मुझे आँसू नहीं रहना है
मुझे मुस्कान बनना है

Sunday, January 9, 2022

किस्सा सही निर्णय का

एक बार एक आदमी प्लेन से कहीं जा रहा था । उसके बगल में जो सज्जन बैठे थे उनसे बातें होने लगीं । आदमी को वे सज्जन बहुत भले प्रतीत हुए । काफी देर बातचीत के बाद उसने सज्जन से पूछा कि आपका नाम क्या है । सज्जन ने बताया कि उनका नाम है सही निर्णय । आदमी को बहुत प्रसन्नता हुई कि वो इतने बड़े व्यक्ति के साथ सफर कर रहा है । उसने कहा कि अगर आप बुरा न मानें तो मेरी आपके जीवन के बारे में जानने की बहुत उत्सुकता है , क्या मैं आपसे कुछ पूछ सकता हूँ ? सही निर्णय ने कहा जी हाँ पूछिये । आदमी ने पूछा आपने तो जीवन में कभी ग़ुरबत नहीं देखी होगी, आपका जीवन तो हमेशा इत्मिनान और सुख में बीता होगा । सही निर्णय ने बताया कि उसका जीवन तो बहुत सारी कठिनाइयों से गुजरा है और उसके जीवन में भी ढेर सारे उतार चढ़ाव रहे हैं । आदमी ने पूछा, 'अच्छा आप हमेशा से सही निर्णय नहीं रहे हो क्या, आप पहले ग़लत निर्णय थे क्या?' । तो व्यक्ति बोला जी मैं ये तो नहीं जानता मैं पहले क्या था, सही निर्णय था कि ग़लत निर्णय था । वास्तव में मैं एक अनाथ था । कई वर्ष जीवन में भटकने बाद एक देवता मुझसे टकराये और बोले कि सुनो तुम सही निर्णय हो । और ये कहकर मेरे जीवन से अंतर्ध्यान हो गए । पर मैंने उनकी बात को दिल से लगा लिया । उस दिन से मैंने मान लिया कि मैं सही निर्णय हूँ । आदमी को व्यक्ति की बात हजम नहीं हुई उसने पूछा बस ऐसे मान लेने से आप सही निर्णय बन गए क्या? व्यक्ति बोला जी हाँ । आदमी ने फिर पूछा , 'बस यूं ई' व्यक्ति बोला 'जी हाँ, बस यूं ई'

किस्सा एक कविता का

एक बार एक कविता थी । मशहूर और दिलजीत । एक दिन बहुत सी वाहवाही लूटने को बाद वो मंच से उतर कर ग्रीनरूम पहुंची । कविता आईने में अपने शिल्प अपनी सादगी को निहार ही रही थी कि उसे अहसास हुआ कि कमरे में कोई है ।उसने पलट कर देखा तो एक फटीचरनुमा व्यक्ति कोने में बैठा हुआ था और कौतुक उसे देख रहा था । कविता व्यक्ति को ग्रीनरूम में देखकर सकपका गई और बोली, 'जी आप कौन? यहाँ क्या कर रहे हैं?' व्यक्ति अचानक सवाल सुनकर उखड़ सा गया और कुछ भी न बोला । कविता ने आवाज़ ऊंची करके अपने सवाल को दोहराया और धमकाया भी लेकिन व्यक्ति और कभी दीवार कभी ज़मीन पर नज़रें गड़ा देता और कुछ भी न कह पाता । तंग आकर कविता ने बाहर से गार्ड्स को बुलाया और उन्हें आदेश दिया कि इस व्यक्ति को ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आएँ । गार्ड्स ने कविता की बात को अचरज से सुना और उनके कदम कुछ ठिठक गए । कविता ने उन्हें फिर डांटा 'एक बार में बात समझ नहीं आती क्या?' । डाँट सुनकर गार्ड्स फौरन हरकत में आए और व्यक्ति को कंधे से पकड़ के उठा ले गए और ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आए । 

बाद में कविता अपनी किसी सहेली को फोन पर बता रही थी ' बालों से जंगली, शक़्ल से भिखारी; न जाने कौन था' । पास खड़े गार्ड ने कहा, 'दरअसल वो आपका कवि था ' । 'वो!' कविता ने हैरत से पूछा ' लेकिन वो तो बिल्कुल फटीचर था ।'

ग़ालिब की शान

https://youtu.be/wHgxdqtBOLk

यह वीडियो मैंने कई बार देखी है किन्तु सलीम जाफरी साहब के कथन के मायने कभी समझ नहीं आते थे । वे कहते हैं कि
"इन दिनों एक बहस चलती रहती है, जदीद ग़ज़ल... कदीम ग़ज़ल ... लेकिन हम जैसे कुन्दना तराशों के लिए ग़ज़ल बस ग़ज़ल ही है, और यूं तो जुमला दोहराना कोई अच्छी बात नहीं है मगर इसमें कोई हर्ज़ भी नहीं की यहीं कहा गया है कि ग़ालिब उर्दू का कदीम तरीन जदीद शायर है "

अब यह कदीम तरीन जदीद शायर क्या हुआ साहब, बात कुछ समझ ही नहीं आई । क्योंकि न तो जदीद का मतलब पता था न कदीम का । आज दोनों के अर्थ गूगल किए तो न सिर्फ़ बात समझ आई बल्कि इल्हाम हुआ । जदीद माने नया और कदीम माने पुराना । अब इस अर्थ से इस वाक्य को दुबारा समझा जाए तो पता चलता है कि ग़ालिब की शान में कही जाने वाली कितनी सुंदर और सटीक प्रशंसा है । Ghalib is the 'oldest, modern' poet of Urdu.

Saturday, January 8, 2022

विश्वास -2

सर्दियों का मौसम है
शीत लहर चल रही है
रात भर बारिश हुई है
हवा में ठिठुरन है

ऐसे में

राख में अपने हाथ दबाए
एक राहगीर को
ये विश्वास ही नहीं
कि अलाव अब बुझ चुका है
कहीं कोई चिंगारी नहीं

Monday, January 3, 2022

सपनों का टूटना

सपनों को टूटते हुए कभी देखा है?
सब सपने नहीं टूटते एक ही तरह
कुछ सपने छूट जाते हैं ट्रेन की तरह
कुछ सर्र से गुज़र जाते हैं प्लेन की तरह

कुछ सपने सालों साल रहते हैं
दाँतों में दर्द की तरह
कुछ सपने रखे रखे हवा हो जाते हैं
कर्पूर की तरह

कुछ  सपने पतंग की तरह कट जाते हैं
कुछ सपने बादल की तरह फट जाते हैं
कुछ सपने कहीं गले में अटक जाते हैं
कुछ सपने अधर में कहीं लटक जाते हैं

कुछ सपने ऐसे टूटते हैं जैसे किसी का
पर्वत पे चढ़कर पांव फ़िसल गया हो
और कुछ के टूटने का दुख नहीं होता, 
जैसे पतझर में कोई पत्ता गिरा हो

ऐसे ही अलग अलग तरह के होते हैं सपने
आगे पीछे टूट ही जाना है सबने

लेकिन कुछ सपने टूटते हुए भी बड़े सुंदर लगते हैं
साबुन के पानी के बुलबुलों की तरह
और कुछ सपनों का स्वाद हमेशा ज़हन में रह जाता है
अम्मा के हाथ के गुलगुलों की तरह



Featured Post

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ  ...