एक बार एक जंगल में एक ख़रगोश रहता था । उसे हमेशा डर रहता था कि वो शिकार हो जाएगा । उसे सभी ख़रगोश समझाते कि वो चिंता न करे वो शिकार नहीं होगा। इसके पीछे वे तर्क देते कि शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । वे कहते कि ख़रगोश तो बड़ा ही नेक क़िस्म का ख़रगोश है और इसलिए उसका शिकार नहीं होगा । ख़रगोश को ये बातें कुछ देर तो समझ आतीं लेकिन फिर उसका डर दुबारा उसे डस लेता । वो ये कहता कि भले ही मैं नेक क़िस्म का ख़रगोश हूँ पर देखो तो सही मैं काम कैसे करता हूँ । उस दिन मैं झाड़ियों वाले मैदान से लगे खुले खेत में बेपरवाह घूम रहा था । "तुम ऐसा कर रहे थे! " एक ख़रगोश चौंका " तुम्हें पता है न ऊंची झाड़ियों की ओट लिए कोई भी जानवर तुम पर झपट सकता था!!" । " हाँ जानता हूँ " उदास होकर ख़रगोश ने कहा "और इसलिए तो मुझे डर है कि मैं शिकार हो जाऊंगा " उसने अपनी बात रखी । "तुम चिंता मत करो शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । तुम तो बड़े ही नेक क़िस्म के ख़रगोश हो तुम्हारा शिकार नहीं होगा " दूसरे ख़रगोश ने फिर समझाया । ख़रगोश ने उसकी बात समझ ली लेकिन अपनी आदतन बेपरवाही को बदल न पाया । ख़रगोश कभी खुले मैदान में विचरता, कभी सियारों के साथ ही नदी में पानी पीता कभी शेर की गुफा में अपना बिल बनाता । एक दिन तो हद ही हो गई जब ख़रगोश ने पंख लगाकर उड़ने की कोशिश की । उसे सभी ख़रगोशों ने रोका कि वो ऐसा न करे वो शिकार हो जाएगा । तब उसने सबको समझाया कि उसने न तो कोई पाप किया है, न किसी का दिल दुखाया है और हमेशा अपने बड़ों की बात मानी है । वो एक निहायती नेक ख़रगोश है, वो शिकार नहीं होगा । उसने एक विद्रोही स्वर रखते हुए ये विचार भी रखा कि पंख लगाकर उड़ना तो हर जीव का हक है और अगर वो ऐसा कर रहा है तो इसमें कुछ ग़लत नहीं । इसके बाद ख़रगोश ने पंख लगाए, एक चट्टान पर चढा और अपने पंखों को ज़ोर ज़ोर से फड़फड़ाने लगा ।
इससे पहले ख़रगोश ज़मीन पर आता वो हवा में ही शिकार हो गया ।