Tuesday, April 6, 2021

अच्छा गीत

गीत तो अच्छा लिखा है तुमने
पर ये गाना कैसे बनेगा ?

इसमें वो बात नहीं है

धुन पे ढल सके
इतनी इसकी बिसात नहीं है

कुछ कहने चला था पहला मिसरा
दूसरा उसे जाने कहाँ ले गया
और अब ये देखो
मिलता मिलता मीटर
मिलीमीटर से रह गया

तुम अक़्सर लय नहीं पकड़ पाते हो
और कई कई जगह तो
काफ़िया भी नहीं जोड़ पाते हो

पर फिर भी अच्छा लग रहा है
मुझे ये गाना

इसमें ऐसी बहुत सी बातें हैं
जो दिल को छू सकती हैं
पर कोई दिल को छूती नहीं

और यही बात मुझे इस गाने की अच्छी लगती है

इस गाने को सुनना ऐसा है जैसे
एक काँच के डिब्बे में बैठ कर
तेज़ बारिश का आनंद लेना

ऐसी बारिश जिसमें मेरा जूता भीग नहीं सकता
और मुझे ज़ुखाम हो नहीं सकता

सच पूछो तो ऐसा ही गाना सुनना चाहता था मैं
सो तुमने मुझे सुना दिया
अच्छा
शुक्रिया

55 Cancri E

A little about 40 light years away from earth, there is a planet 55 Cancri e which is nothing but a large diamond floating in the space. That much of diamond is worth the entire earth's GDP, hundreds of thousands times over. What would be the worth of the person who mines it all? Most likely she would be bankrupt because all that diamond will crash the diamond market like anything. So vcbe happy in the world you have inherited. Its just what it was meant to be.













आपने क्या सोचा

आपने क्या सोचा
कि सोचने से क्या होगा?

सोचने से वह होगा
जो आपने कभी नहीं सोचा ।

हमारे हर चेतन एवम अचेतन कार्य का
कालाकाश पर एक विशिष्ट प्रभाव है

वो पांव जो बढ़ा कर खींच लिया तुमने
इसका अस्तित्व सदियों तक रह जाएगा
जिस सपने को याद नहीं कर पा रहे हो
वो कभी सत्य बनके धरा पर उतर आएगा

ब्रह्मांड की एक बात बताऊँ
ये न कुछ याद रखता है
न कुछ भी भूलता है
जो कुछ भी घटित होता है यहाँ
यहीं पर झूलता है

समय का ह्रदय काँच का है
हर पल इसके ऊपर एक खरोंच है
ये देखो अनगिनत अमिट रेखाएं
इसके ऊपर हो रही हैं अंकित

जब ये काँच भर जाएगा
और समय का ह्रदय फट जाएगा
तब हमारे आगे से ये अँधकार छट जाएगा
पर्दा उठ जाएगा
और ये सारा खेल क्या था
हमें समझ आ जाएगा

वर्तमान

वर्तमान क्या है
वो जो हर पल नष्ट हो रहा है

बात कितनी विचित्र है

भूत जिसको तुमने कभी नहीं देखा
बस उसी को देखा जा सकता है
और परखा जा सकता है

भविष्य तो बस एक गणित का निर्माण है
जो वर्तमान के अस्तित्व को समझने के लिए उपयोगकारी है

वर्तमान है
पर उसे देखा नहीं जा सकता

भविष्य कभी नहीं आता
परन्तु उसे देखा जा सकता है

भूत निर्जीव है
पर लगातार वर्तमान को अपना ग्रास बनाता है
और बढ़ता जाता है

क्या समझे

ये ईश्वर की प्रयोगशाला है
जहाँ मिथ्या ने प्रमाण का लबादा
सत्य से छीन लिया है
और स्वयं ओढ़ लिया है

Monday, March 15, 2021

कुछ ही आँसू

कुछ ही आँसू ग़ज़ल बन पाते हैं
बाकि तो बस यूँ ही बह जाते हैं

बहुत सीधे और सरल हैं ईश्वर के नियम
कड़े हैं कानून जो हम अपने लिए बनाते हैं

कब तक चलेंगे साथ अंधेरा हो ही जाएगा
चलो रुककर कहीं अब घर बनाते हैं

नहीं बनी बात तो कोई बात नहीं
किसी और बात में अब दिल लगाते हैं

एक स्वप्न देखा और फ़िर खुल गईं आँखें
अब यहाँ से रास्ते अलग हो जाते हैं











Monday, March 8, 2021

किस्सा दानी आदमी का

एक बार एक अमीर आदमी था । वो बहुत अमीर था । और बहुत वर्षों से अमीर था । एक दिन उसके मन में विचार आया कि वो अब इतना अमीर हो चुका है कि अब उसे दान करना चाहिए । वो दान करने के लिये उपयुक्त अवसर खोजने लगा । उसने बहुत सोचा कि किसे दान करूँ । उसने अपने आसपास देखा तो सोचा कि मेरे कई कुटुंबी काफ़ी ग़रीब हैं क्यूँ न इन्हें ही दान दे दूं । पर फिर सोचा कि इन्हें दान देने से सब लोग सोचेंगे कि अपने ही घर कुटुम्ब में पैसा बांट दिया और इसे कोई दान नहीं मानेगा । फिर उसने सोचा कि अपने मातहत कर्मचारियों को दान दे देता हूँ । लेकिन फिर सोचा कि इन्हें अगर कुछ भी दिया तो ये तो अपना हक़ समझकर लपक लेंगे और धन्यवाद तक नहीं करेंगे । और ऐसा सोचकर ये विचार भी त्याग दिया । इसी उधेड़बुन में था ये अमीर आदमी कि इसकी मोटर के आगे एक भिखारी आ गया और लगा भीख मांगने । आदमी ने जेब से सौ का नोट निकाला तो ड्राइवर बोला कि अगर आप इसे सौ का नोट देंगे तो सुबह शाम आपकी गाड़ी के बाहर भिखारी ही खड़े रहेंगे । आदमी ने पूछा 'अच्छा तो इनका क्या रेट है?' । ड्राइवर ने बताया एक रुपया बहुत है । आदमी ने सोचा कि उसके पास तो दान करने के लिए बहुत सारा रुपया है, अग़र वो ऐसे एक एक रुपया करके दान करने लगा तो इसमें तो बहुत समय व्यर्थ हो जाएगा । सो वो बिना अपनी मोटर का शीशा नीचे किये आगे निकल गया । आदमी अपने दफ़्तर पहुंचा तो मिलने वालों का तांता लगा हुआ था । उसने एक को बुलाकर पूछा कि आप लोगों के आने का प्रयोजन क्या है ? व्यक्ति ने बताया कि हमें मालूम हुआ कि आप एक अमीर आदमी हैं और दान के लिए अवसर ढूँढ रहे हैं । हम एक विशेष कम्पनी से वास्ता रखते हैं जिसका नाम एनजीओ है । आप हमें दान कर दीजिए हम आपसे लेकर आगे दान कर देंगे । आदमी को बड़ी खुशी हुई उसने एक बड़ी सी चेकबुक मंगाई और उसमें एक बड़ा सा चैक काटकर बोला 'मेरे नाम का ज़्यादा प्रचार करने की ज़रूरत नहीं है, इसे गुप्त दान ही समझो' । एनजीओ वाला बोला, 'क्यूँ मसखरी करते हैं ।  इसमें प्रचार तो दूर हमारा आपसे मिलने आने का खर्चा भी नहीं निकलेगा । हमारी कम्पनी ने लोगों को इतना दान दिया है, इतना दान दिया है कि आज हमारी 12 मुल्कों में 12 मंज़िल की 12 इमारतें हैं । आप अगर दान का दरिया हैं तो हम समंदर, जिसमें आप जैसी सैंकड़ों धाराएं आके मिल जाती हैं और बेवजूद हो जाती हैं । " ये कहकर कम्पनी वाला अपनी राह को चला और आदमी ने अपनी बैंक को फोन करके stop payment करा दिया । शाम को अमीर आदमी क्लब में अपने एक पुराने यार से मिला और बोला, 'सुबह से चाहता हूँ कि किसी को दान करूँ पर कोई इसके लायक मिल ही नहीं रहा' । यार बोला कि तुम मेरी कंपनी में invest क्यूँ नहीं कर देते मैं कब से तुमसे कह रहा हूँ । आदमी कुछ सोचते हुए बोला, " कर तो दूँ, पर घाटे का सौदा है' ।

Wednesday, February 24, 2021

मुझे छोड़ दो

मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे
न दो न दो हल कोई
इन सवाल के

दिल में मेरे अंधेरा है
बाहर कहीं सवेरा है
सवेरे से मेरा दिल जोड़ दो
पत्थर पर फेंक दो
इसे तोड़ दो
मुझे छोड़ दो
मुझे छोड़ दो .. मेरे हाल पे

जाते जाते
कुछ कर भी गया
तो कम है
जीते जीते
मर भी गया
क्या ग़म है

जीतें सभी मैं वार दूं
अपनी इस हार पे
मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे

बर्फ है जमी
मेरी आँख में
गिरे आँसू नहीं
रोऊँ लाख मैं
दरिया कहीं ये मोड़ दो
मुझे छोड़ दो

मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे
न दो न दो हल कोई
इन सवाल के

Tuesday, February 23, 2021

स्थान

अपना चेहरा आईने में देखा है कभी

क्या दिखता है?

मुझे दिखता है एक टूटता हुआ तारा
एक झील में बनती हुई लहरें
एक सिग्नल दिखाई देता है मुझे
ज़ीरो वन ज़ीरो वन

तुम इंसान नहीं हो

ये समझने की भूल मत करना

तुम वो ज़मीन हो या फिर उसपे बिखरे कुछ कंकड़
जिस पर समय रूपी एक अजगर
धीरे धीरे सरक रहा है

तुम्हारा कोई निजी भाग्य या दुर्भाग्य नहीं
कुछ होना है इस दुनिया में
मग़र उसमें कुछ विलम्ब है
तब तक
तुम्हारा काम बस इस समय में रहना है
और जो कुछ भी इसमें घटित हो रहा है
उसे सहना है

अपने जीवित होने पर अभिमान मत करना

जीवन और मृत्यु के बीच जो खाई है
वो असत्य की है

ध्यान से देखोगे तो पाओगे
की जीवित और मृत
इस दुनिया में कुछ भी नहीं
जिसमें भी जीवन है
उसे मरना है
और तत्व बनना है
और फिर जीवित होना है

इस जगत का हर अणु
एक दैवीय प्रयोजन में नियुत है
तुम ईश्वर की संतान नहीं हो
उसके साधन हो

नियति एक विराट इंद्रधनुष है
जो गोलाकार है 

Sunday, January 17, 2021

किस्सा शायर की अधूरी नज़्म का

एक शायर की एक नज़्म थी । जिसका मतला तो बहुत सुंदर बन गया पर बाकी सभी अशार अधूरे रह गए । शायर ने बहुत कोशिश की पर नज़्म पूरी न हो सकी । वो घंटो सोचता रहता पर कोई ख्याल ही न आया ।  फिर उसने एक हक़ीम को बुलवा भेजा । हक़ीम ने नज़्म की नब्ज़ पकड़ कर कहा इसको आबो हवा बदलने की ज़रूरत है । शायर नज़्म को लेकर पहाड़ों पर चला गया । लेकिन वहाँ भी नज़्म की वही हालत । शायर बेकरार हो उठा और रात दिन मयखानों में बिताने लगा । धीरे धीरे नज़्म के सभी अधूरे अशआर दूसरे शायरों की नज़्मों में काम आ गए । शायर के पास बस मतला रह गया और वो उसे लेकर वापस तलहटी में आ गया ।

तुम्हारे लिए

मैं क्या लाऊँ तुम्हारे लिए
मेरी दोनों जेबें हैं खाली
न कोई गीत है मेरे पास
न कोई कहानी
मेरे पास एक किस्से का अंत है
और एक गीत का अंतरा
इन दोनों को सी भी दूँ
तो एक ही हाथ का दस्ताना बन पाएगा
तुम उससे अपने हाथ को कुछ यूं थामना
जैसे जाड़े की शामों में
कभी मैंने थामा था तुम्हें 

ऐसे लोग

कितना ज़रूरी है किसी बच्चे के लिए
उसका खिलौना
बुज़ुर्गों को कितना अच्छा लगता है
अपनों के साथ होना
बहुत क्रूर नहीं बहुत कमज़ोर है ये ज़माना
कितने लोग समझ पाते हैं

किसी की खुशी में खुश होना
किसी के ग़म में रो देना
किसी भी महफ़िल में दिल से शरीक होना
कितने लोग कर पाते हैं

अपनी मिट्टी के करीब होना
रईसी में भी फ़क़ीर होना
बिना मतलब के किसी का दोस्त होना
कितने लोग कर पाते है?

हमेशा सादगी से रहना
जो दिल में हो वो कहना
वक़्त के साथ साथ बहना
कितने लोग कर पाते हैं

जो खुशी खुशी सह लेता हो
रिश्तों में नुकसान
जो धन्यवाद करता हो
देकर के दान
ऐसे लोग कहाँ हैं

आदर्शों के लिए छोड़ देना
अपने आराम को
सुख में भी याद करना
अपने इष्ट भगवान को
ऐसे लोग कहाँ हैं

आजकल कहाँ कोई ऐसा मिल पाता है
कोई होना भी चाहे तो नहीं हो पाता है

Monday, January 11, 2021

किस्सा किसान के खेत में मिली चीज़ का

एक बार एक किसान अपना खेत जोत रहा था कि तभी उसका हल अटक गया । उसने खुदाई की तो एक ऐसी चीज़ निकली जिसे वो जानता नहीं था । वो उस चीज़ को एक साहूकार के पास ले गया और पूछा कि क्या वो बता सकता है कि ये क्या चीज़ है। साहूकार बोला कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये लगती बड़ी मूल्यवान कोई चीज़ है ।  फिर किसान उस चीज़ को एक चित्रकार के पास ले गया और फिर पूछा कि क्या वो इसे पहचान सकता है । चित्रकार ने घण्टो उस चीज़ को निहारने के बाद कहा कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये है बेहद सुंदर । फिर किसान उस चीज़ को राज्य के सेनापति के पास ले गया और उसके सामने भी अपना वही प्रश्न दोहराया । सेनापति ने कुछ देर उस चीज़ को टटोलने के बाद कहा कि मैं यह तो नहीं जानता कि यह चीज़ है क्या पर ये है बहुत ख़तरनाक । किसान उस चीज़ को लिए लिए घूम रहा था कि तभी एक फकीर ने उसकी बांह पकड़ ली और कहा, कि ये चीज़ तुम्हें जहाँ मिली थी वहीं वापस रख दो क्योंकि ये किसी का रहस्य है ।






किस्सा वक्त के बीज का

एक बार एक किसान साहूकार से लड़ने पहुंचा जो कि उसे बीज बेचता था । किसान ने कहा कि साहूकार ऐसा क्यों होता है कि मैं अच्छे वक़्त का बीज बोता हूँ और फसल बुरे वक्त की होती है? साहूकार ने कहा सुनो, अच्छा वक्त और बुरा वक्त दो भाई हैं जो एक दूसरे से जुदा नहीं हो सकते । जहां एक जाता है दूसरा उसके पीछे जाता है और जहाँ दूसरा जाता है वहाँ वो आवाज़ लगा कर पहले को बुला लेता है । इसलिए जब तुम अच्छे वक़्त का बीज बोते हो तो बुरे वक्त की फसल होती है । अगर अच्छे वक़्त की फसल चाहिए तो बुरे वक्त के बीज बो दो ।





Friday, January 8, 2021

अपने बुजुर्गों की बातों को बहुत ध्यान से सुनना चाहिए । ये मेरा बड़ा सौभाग्य था कि 18  से 25 वर्ष की आयु तक मैंने अपने नाना कर साथ काफी समय व्यतीत किया । उनके पांव में अपना सिर नवाने का लगभग रोज़ ही अवसर प्राप्त हो जाता था । कभी मैं मिलने की ना करता तो वे कहते कि हम कब तक यहाँ और रहेंगे । तब उनकी ये बात इमोशनल ब्लैकमेल लगती थी किन्तु समय के साथ उनकी याद बढ़ती ही जाती है । कितनी बातें थीं जो उनसे पूछ सकता था सीख सकता था । अब जीवन के महत्वपूर्ण दुविधाओं में उनकी सलाह नहीं ली जा सकती बस सोचा जा सकता है कि वो होते तो क्या कहते । ऐसी ही मेरी दादी । मुझे याद आती है उनकी हंसी या दोनों हाथ ऊपर करके आशीर्वाद देना । उम्र के इस पड़ाव में बुजुर्ग सदा सबके लिए मंगलकामना करते हुए ऐसे प्रतीत होते हैं जैसे कोई झरना या बड़ा पेड़ जो सबको छाया देने वाला हो । जहाँ नाना और दादी  मुस्कुराते मुस्कुराते स्वर्ग में लीन हुए वहीं मेरी मौसी ने हमारे लिए काल से एक लंबी लड़ाई लड़ी । मैंने महाराणा प्रताप या झांसी की रानी को नहीं देखा पर मेरी मौसी भी खूब लड़ीं । उनके जीवट को मैं बस प्रणाम करता हूँ और इस बात से बहुत डरता भी हूँ कि अब वे मुझपे पल पल नज़र रख सकती हैं। वैसे तो दुआ है कि उन्हें अब इसकी आवश्यकता नहीं होगी पर अपने जीवनकाल में जो उन्होंने मुझ पर स्नेह की वर्षा की वह जीवनभर मुझे उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी । इस कड़ी में अपने इष्ट मित्र अंकित चड्ढा की भी याद आती है । मैं उनका मित्र भी था और मुरीद भी । प्रेमवश आपको बाबा बुलाता था । इंडिया गेट पर घण्टों हमारी मुलाकातें बाबा मैं कभी भूल नहीं सकता । आप बुज़ुर्ग तो नहीं थे बाबा किन्तु साधु तो थे आप ।  भविष्यदृष्टा थे शायद आप तभी आपने अपने साथ एक दास्तानगोई में मुझे शामिल कर ही लिया था । आपकी विरासत को संजोने सहेजने में मैं पूरी तरह विफल हूँ और आपके जाने के बाद एक अच्छे दोस्त का किरदार मैं नहीं निभा पा रहा हूँ इस बात से बेहद कष्ट में भी हूँ । मेरी परिस्थितयों और बाध्यताओं के अब आप बेहतर ज्ञाता हैं । इस संदर्भ में ईश्वरीय प्रेरणा की आशा है । अपने प्रथम बॉस राजेश जी की भी याद कभी भूलती नहीं । ऐसी कोई वजह नहीं थी कि सबसे जूनियर एम्प्लॉयी से टॉप बॉस स्वयं ऐसा मित्रवत व्यवहार रखें और अपने जीवन से जुड़ी अनुभवों की अक्षय सम्पदा मेरे साथ साझा करें । मृत्यु के साथ जय पराजय का खेल खेलते राजेश जी का अपने परिवार के प्रति कर्तव्यबोध एक अविस्मरणीय छाप छोड़ गया है ।

ये सब मैं आज क्यों कहा रहा हूँ शायद मुझे भी नहीं पता । लेकिन आपके लिए एक अच्छी वजह यह हो सकती है कि मैंने अपने बुजुर्गों को खूब एन्जॉय किया लेकिन फिर भी लगता है कि कम किया । अगर आपके आसपास बुज़ुर्ग हैं तो उनसे खूब बातें कीजीए । 

Thursday, January 7, 2021

किस्सा गड्ढे में फंसे आदमी का

एक बार एक राहगीर को पगडंडी के किनारे किसी के रोने की आवाज़ आई । कुछ देर तलाशने के बाद उसने देखा एक आदमी एक गड्ढे में गिरा हुआ है और रो रहा है । उसने आदमी से पूछा कि क्या हुआ? आदमी बोला कि देखो किसी ने रस्ते के किनारे ये गड्ढा खोद रखा था और मैं इसमें गिर गया । राहगीर ने पूछा तो तुम इस गड्ढे से निकल क्यों नहीं आते । आदमी रोता हुआ बोला पर यह तो बिल्कुल ही अनुचित है कि मैं इस गड्ढे में गिर गया । राहगीर ने पूछा क्यों? तो आदमी बोला यों कि मैं तो कविताएं लिखता हूँ । राहगीर ने पूछा, तो? "तो ये कि मुझे गड्ढे में गिराकर किसी ने क्या हासिल कर लिया ?", आदमी बोला । राहगीर ने उसे समझाया कि ऐसे गड्ढे तो पगडंडी के किनारे अक्सर खुदे ही रहते हैं । इसमें दुख मानने की क्या बात है कि तुम भी इनमें गिर गए । आदमी ने फिर कहा कि यह तो बिल्कुल भी न्यायोचित नहीं कि लोग ऐसे गड्ढे खोद देते हैं और लोगों को खबर भी नहीं होने देते । राहगीर ने कहा न्याय अन्याय अपनी जगह ठीक है, पर इस तरह गड्ढे में गिरे रहने से तुम्हें क्या लाभ होगा? मैं स्वयं कुछ दूर पर ऐसे ही गड्ढे में गिर गया था लेकिन खुद ही निकल कर बाहर आया और अब अपने पथ पर हूँ । यह कहकर राहगीर आदमी को उसी गड्ढे में छोड़ अपनी राह पर निकल पड़ा ।

Sunday, January 3, 2021

किस्सा भगवान के उपहार का

एक बार भगवान ने एक आदमी के लिए एक उपहार तैयार किया और उसे उसके घर के बाहर एक गड्ढे में छुपा दिया । अगले दिन आदमी घर से निकला पर गड्ढे में छुपे उपहार से बेखबर रहा । भगवान को आश्यर्च हुआ । सो उन्होंने वो उपहार अगले दिन अहाते में रख दिया । वहां भी उस आदमी की नज़र उस उपहार पर नहीं पड़ी ।  भगवान बड़ी हैरत में । उन्होंने उपहार की पैकिंग बदली और उसे आदमी के द्वार पर टांग दिया । शाम को जब आदमी आया तब उसे द्वार पर टंगा उपहार दिखा । उसने कुछ पल टटोला और फ़िर वहीं टँगा छोड़ कर चला गया । भगवान स्तब्ध हुए । उन्होंने अगले दिन उपहार पर बड़े बड़े अक्षरों में लिख दिया " ये उपहार है - तुम्हारे लिए " । फिर कुछ समय सोचने के बाद एक पंक्ति और जोड़ दी "स्वयं ईश्वर ने भेजा है" ।  अगली सुबह आदमी निकला तो उसका सारा घर कुनबा इकट्ठा था । सबने कहा कि तुम तो बड़े भाग्यशाली हो । ईश्वर स्वयं तुम्हारे लिए उपहार रख के छोड़ गए है । चलो अब जल्दी इसे स्वीकार करो । व्यक्ति को अपने भाग्य पर बड़ा हर्ष हुआ । उसने उपहार को अपने हाथों में थामा । इबारत पढ़ी । पर फिर उसे वहीं छोड़ कर आगे बढ़ गया । भगवान ने उसका रस्ता रोका और बोले "मैं ईश्वर हूँ, तुम्हारे लिए यह उपहार लाया हूँ, इसे ग्रहण करो, इसमें तुम्हारा मंगल ही मंगल है " । ईश्वरोपदेश सुनकर आदमी अभिभूत हो गया और नतमस्तक हो गया । पर बोला कि भगवान ये उपहार मैं नहीं ले सकता । ईश्वर ने पूछा कि इसका कारण क्या है? तो वो आदमी बोला "बस ऐसे ही, मेरा मन नहीं है । "

Monday, December 28, 2020

अक्सर ...

अक्सर ...मुद्दे की बात छिड़ी . बकवास को भी बुलाया गया . बात से पहले बकवास पहुँच गयी और बहुत हो गयी . फिर वो लगी बात को दबाने उसे खाई में गिराने . ये सब शोरगुल सुनकर मुद्दा खड़ा हो गया और बड़ा हो गया .
बकवास बंद हो गयी और बात शुरू गयी .

सर्द मौसम

सर्द मौसम
सुनसान रात
घबराई तबियत
और
तन ढकने को बस
यादों से तर एक चादर

दो टूक


सच्चा प्रेम भगवान् की तरह होता है ;
इसे कभी पाया नहीं जा सकता


...............*............................


ईश्वर बारिश की तरह होते हैं
कभी होते हैं, कभी नहीं होते हैं

ठूंठ

तुम क्या कहोगे?
की देखो ऐसा करो
ये न करके वो करो
की ये जो मैंने किया
ये तो निहायत बेवकूफी है
वगेरह वगेरह
...
और ये सब कह कर
तुम कहोगे की तुम कुछ नहीं कह रहे
और मैं वहीँ रह जाऊंगा
वैसा का वैसा

दिन

आँखों ने एक सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए एक दिन निश्चित कर लिया.
वो दिन हर सुबह सवेरा होने से पहले ही आ जाता और शाम ढलने के बाद अपना सा मुंह लेकर चला जाता .
फिर एक दिन , दिन बूढा हो गया और मर गया .

आवाज़ दो

मुझे आवाज़ दो
दूर बहुत दूर चला जाऊंगा मैं,
मुझे आवाज़ दो।
अँधेरा मेरे कानो में साय सायं कर रहा है , मुझे आवाज़ दो।

मुझे शब्द दो
शब्दों को श्रोता और
श्रोताओं को अहसास दो।

मुझेमें भी रौशनी है
इस दिन को, शाम तो दो

मैं बातचीत करना चाहता हूँ
मुझे संवाद दो।

सच क्या है ?

सच ये है की धूप है बारिश है
झूठ ये है की एक सुन्दर नीली छतरी है
छतरी धूप को भगाती नहीं धूप से बचाती है

धूप ज्यादा तेज़ हो
तो छतरी से भी कुम्हला देती है
बारिश ज़ोरों से हो
तो हाथों से छुड़ा देती है

फिर हम भागते हैं
हाथ उठाये , छतरी को थामने ।

बचाव

बड़े लोगों ने,
दंगा कराया
शहर जलाया और लहू बहाया

वो बहता हुआ लहू ... मेरी चौखट तक भी आया
मैं ज़ोर से चिल्लाया
मुझे छोड़ दो भाई ! मैं एक आम इंसान हूँ


मैं उतना ही हिन्दू हूँ जितना मैं मुसलमान हूँ

चाँद

मैं बुलाऊं न बुलाऊं
मैं आऊं न आऊं
एक चाँद मुझसे मिलने
हर शाम छत पर आता है

जिस दिन मुझे ये बात समझ में आई
मैं छत पर गया

चाँद मुझे एकटक रहा था घूर
और मैंने पाया
कि छत कितनी भी ऊंची हो
वो चाँद से रहती है दूर

इसलिए
आज मैंने अपनी कश्ती
झील मैं उतार दी है

सूरज की एक किरण

सूरज की किरणें रात भर दुनिया की थकान मिटने का इंतज़ार करती हैं और फिर सुबह होते ही वो सूरज से आज़ाद हो धरती पर पहुँच जाती हैं । पृथ्वी और सूरज के बीच के लम्बे काले ब्रह्माण्ड को चीरती हुई, धरती के वायुमंडल में आकर ये किरणें अपनी अपनी टोलियाँ बनाकर निकल जाती हैं । उनके होने के अहसास से पूरा जगत अनेक रंगों से भर जाता है । कोई बारिश की बूंदों के आरपार छुपम छुपाई खेलती हैं, तो कोई मंद गति से बहने वाले कोहरे पर थिरकती हैं । बहुत सी टोलियाँ नर्म घास पे जाकर कूदती हैं, उनकी रगों में स्फूर्ति भर देती हैं ।

इन्हीं में से कुछ का प्रिय खेल होता है नदी के साथ दौड़ लगाना । वो दिन भर घाट किनारे बैठी रहती हैं । जब जी आता है घाट की मिट्टी ओढ़ लेती हैं, नदी में डुबकी लगाती हैं, खेलती हैं , सहेलियों से रूठती हैं मनाती हैं । इन्हीं में से एक किरण , उत्साही, नदी में कहीं बहुत भीतर चली गई । शाम हो गई सभी किरणें उसे ढूँढने लगीं , पर वो हठी थी , नहीं आई ।

सूरज ने अपना कालीन बिछा दिया । सभी किरणों को आवाज़ दी कि अब चलो शाम हो गई है । उन्होंने अपने पिता से कहा कि एक किरण नदी में कहीं रह गई है । उसे ढूंढना पड़ेगा । सूरज उदास हो गया । उस किरण के लिए उसका मन व्याकुल हो उठा । सांझ की बेला में उसे ढूँढना मुश्किल था । सूरज समय चक्र से बंधा है ।" हमें शाम होते ही जाना पड़ेगा । अब सुबह आएँगे । "

और ऐसे सूरज अपनी सब किरणों को लेकर चला गया ।

रात होते ही खोई हुई किरण कुछ घबराई । टिमटिमाती हुई वो सतह पर पहुंची पर सूरज की कालीन सिमट चुकी थी । चारों तरफ अँधेरा था । वो डर गई । अँधेरे की दुनिया में वो अकेली थी और सबसे अलग ।

किसी तरह वो नदी के बीच एक पत्थर पर चढ़ के बैठ गई । यदा कदा नदी गर्जना करती । पत्थर पर टकराकर उसकी लहरें मानों हवा में सांप बनाती । पूरी रात किरण उसी पत्थर पर दुबकी, सहमी बैठी रही ।

सुबह हुई । सूरज ने अपना कालीन फिर बिछाया । ठिठुरती हुई किरण उसपर चढ़कर वापस सूरज के घर पहुँच गई । सब सहेलियों से मिली । फ़िर छोटी सी वो किरण सूरज पर बहुत भड़की । " मैं खो गई थी आपने मुझे ढूँढा क्यों नहीं ! " । सूरज उदास हो गया, "मैंने तुम्हे बहुत ढूँढा पर मैं प्रकृति के नियमों में फंसा हूँ , मुझे तो रोज़ उगना और ढलना है , मुझे जाना पड़ा " किरण नहीं मानी " आप सबसे शक्तिशाली हो । परम प्रतापी । सारी दुनिया में अपने जैसे अकेले । कुछ देर और नहीं रुक सकते थे ? आपको तो ये करना चाहिए था की ज़मीन पर उतरते और उस नदी को ही सुखा देते और मुझे अपने साथ लेकर आते "

सूरज झेंप गया … बड़ी देर बाद बोला " मैं तुमसे बहुत प्रेम करता हूँ , चाहता तो मैं ये था की पूरी पृथ्वी को ही वाष्प में बदल दूं और तुम्हे ले आऊं , मैं ऐसा चाहता था, ऐसी शक्ति भी है मेरे पास , पर … ऐसा करना संभव नहीं था पर … मैं रुक नहीं सकता … " । " और अगर मैं सुबह मिलती ही नहीं तो ? फ़िर , फ़िर क्या करते ? " । "… ऐसे मैं मुझे बहुत दुःख होता , शायद मैं बहुत विलाप करता "

एक छोटी कहानी

बिना धुन के एक गीत
सदियों की वादियों में
अधमरा सा पड़ा था
एक सरगम ने उसकी कलाई को थामा
और उसके सीने पर रख कर कान
सुनी उसकी धड़कन
अब भी चल रही थी
मद्धम मद्धम
सरगम गीत के सभी बोलों में बिंध गई
खुद खो गई और गीत हो गई
फिर उस गीत का क्या क्या हुआ?
एक मुसाफ़िर ने उसे उठा लिया
और अपनी अंटी में छुपा लिया
और किसी शाम अपने क़बीले में गुनगुना लिया
फिर किसी आशिक़ ने
गीत को बना कर कोई फ़ूल
अपनी लैला के बालों में लगा दिया
खुशबू बन कर गीत बह गया हवाओं के साथ
और बरस गया मिट्टी पर बनकर बरसात
गीत के बोल बदले, ताल बदली
पर नहीं बदली उसके दिल में बसी सरगम
गीत में थी सरगम, सरगम ही से था गीत हरदम

किस्सा कबूतर, बहेलिये और शायर का

एक बार एक कबूतर अपनी चोंच में एक कविता दबा के उड़ रहा था । उसे एक बहेलिये ने देख लिया । बहेलिये को लगा कि शहर में उस कबूतर का अच्छा मोल मिल सकेगा। उसने जाल तैयार किया और कबूतर के उसमें फंसने के इंतज़ार करने लगा । पर कबूतर को दुनियादारी में कोई दिलचस्पी नहीं थी सो वो बहेलिये के जाल में नहीं फंसा । तब एक नौसिखिए शिकारी की नज़र उस बेपरवाह परिन्दे पर पड़ी और उसने एक तीर चला दिया। तीर कबूतर के सीने के पार गया पर उसने कविता नहीं छोड़ी। दूर एक बेनाम शायर ने कबूतर को गिरते देख उसकी ओर लपका। कबूतर ने शायर की गोद में दम तोड़ दिया । शायर ने कविता को पढ़ नीचे अपना नाम लिख दिया । कबूतर दफन हो गया । शायर अमर हो गया ।

Sunday, December 27, 2020

किस्सा बाढ़ में फंसे आदमी का

एक बार एक आदमी था । उसके गांव में बाढ़ आ गई । बचने का एक ही रास्ता था कि गांव छोड़ के भाग जाया जाए । आदमी ने एक नाव जुगाड़ ली । जैसे ही घर का सारा सामान नाव में भरा, नाव भारी हो गई और डूबने लगी । उसने सारा सामान टटोला और सोचा कि इसमें से क्या निकाल दूं । ले दे के उसे एक गिटार मिला । जो ज़रूरत का नहीं था । सो उसने गिटार पानी में फेंक दिया । और फिर उसके पीछे खुद भी छलांग लगा दी । और नाव को धक्का देकर गांव से दूर ढकेल दिया ।

ज़रूरत का सामान सही जगह पहुंच गया ।

Tuesday, December 22, 2020

किस्सा सही बात कहने वाले आदमी का

एक बार एक आदमी था । उसे ईश्वर से एक वरदान प्राप्त था । वरदान ये कि वो जो भी बात कहता था, वो सही बात कहता था । सटीक बात कहता था । खरी बात कहता था । उसे बहुत लोगों ने कहा कि इससे उन्हें काफी तक़लीफ़ होती है पर वो उन्हें अनसुना कर देता था । उसका मानना ये था कि जब वो सही बात कह रहा है तो उसे किस बात का डर ।

सत्य की शक्ति प्रबल होती है । उस आदमी का तेज दिनोंदिन बढ़ता गया और वो एक जीती जागती मशाल बन गया। अंधेरी रातों में मशाल सा दिखने वाला आदमी दूर से बहुत अच्छा लगता । उसे देखकर कुछ लोग आँखे सेंकते, कुछ रोटियाँ ।

अपनी दीप्ति से ऐसे लोगों को फलते फूलते जब उसने देखा तो सोचा कि क्यूँ न अपने देश चला जाए । उसकी ऐसी मंशा सुनते ही उस व्यक्ति को दूर से देखने वाले लोगों ने उसके लिए पलक पांवड़े बिछा दिए और उसके गांव तक के सारे पथ को झाड़ बुहार दिया । जैसे ही वह गांव पहुंचा उसके देशियों और कुटुबियों ने उसके पांव पड़ कर उससे कहा कि तुम यहां मत आओ और यहां से चले जाओ । उस आदमी को उनकी इस हरकत से बहुत रोष हुआ और वो उन्हें दुत्कारता हुआ गांव के अंदर बढ़ता रहा । निश्चित ही उसकी लौ परस्पर एक विकराल रूप लेती गई । उसके गांववालों ने बहुत प्रकार से आरज़ू मिन्नत की कि किसी तरह से वो अपने घर न जाए । पर उसने किसी की एक न मानी और अपने घर मे घुस गया और किंवाड़ बन्द कर दिए । मशाल जैसे आदमी की लौ उसके छप्पर को छू गई और उसका घर और फिर पूरा गांव धूं धूं करके जलने लगा ।

दूर से देखने वाले लोग शायद दूर से देख रहे थे ।

Sunday, December 13, 2020

कूपर

मैं ज्ञात और अज्ञात के बीच
एक महीन दीवार पर बैठा हूँ

जिन्हें मैं नियम समझता था
यहाँ वे महज़ अपवाद हैं 
हर डॉट डॉट, डैश डैश 
में एक संवाद है

स्थान और समय
आपस में ऐसे घुल गए हैं
जैसे अलग अलग रंगों की क्ले

मैं कुछ पल ठहरूं
तो मीलों पीछे चला जाता हूँ
दो पग आगे धरूं 
तो सदियां बीत जाती हैं 

मैं अब एक ऐसी जगह हूँ
जहाँ मेरे पास कुछ भी नहीं
सिवाय एक तीव्र इच्छा के

मैं चेहरे देखना चाहता हूँ
उनके जिन्हें मैं चाहता हूँ

जिसने जीवन दिया है मुझे
क्या उसी ने ये जीवट भी दिया है?

#Interstellar 



Sunday, November 29, 2020

मार्किट की सैर

एक आदमी को दो रुपए की एक चीज़ खरीदनी थी । यूं तो उसे बिना खरीदे भी उसका महीना निकल सकता था पर चूंकि उसने उस चीज़ का भाव गूगल कर दिया था इसलिए दुनिया के सब दुकानदारों और उन दूकानदारों के लेनदारों का नेटवर्क एक्टिवेट हो गया था । वो एक साहूकार के पास गया और उस चीज़ को खरीदने की इच्छा ज़ाहिर की । कुछ मोल भाव के बाद साहूकार वो चीज़ सवा दो रुपए में उसे दिलवाने के लिए राज़ी हो गया । दो रुपए की चीज़ को सवा दो रुपए में खरीदना आदमी को जंचा नहीं तो वो मन मसोस कर घर को चल दिया। रास्ते में उसे एक जादूगर मिला । वो जादूगर लोगों से पैसे लेकर उन्हें उड़न छू करने का करतब दिखाता था । आदमी ने उससे पूछा तुम ऐसा क्यों करते हो? जवाब आया कि मैं ऐसा अपनी EMI भरने के लिए करता हूँ । ""EMI?" आदमी ने पूछा । "हाँ", जादूगर बोला, "इसमें बड़ा आनंद है। देखो मान लो कि तुम्हें कोई दो रुपए की चीज़ खरीदनी है, पर उसे खरीदने के लिए तुम्हारे पास सवा दो रुपए नहीं हैं तो तुम क्या करोगे?" आदमी को लगा इस सवाल को उससे बेहतर कोई नहीं समझ सकता । उसने कहा "उस चीज़ को नहीं खरीदूंगा, या किसी दोस्त से वो चीज़ उधार मांग लूंगा" । "लोगों के आगे हाथ फैलाना कोई अच्छी बात तो नहीं है और 25 पैसे के लिए अपनी ज़रूरतों का दम घोंटने में भी कोई शान नहीं ", जादूगर आदमी को समझाते हुए बोला । "अगर मैं कहूँ कि यही दो रुपए की चीज़ तुम मुझसे 50 पैसे की 6 आसान किश्तों में ले सकते हो, तो तुम्हारा जवाब क्या होगा?", जादूगर ने आदमी से पूछा । "मैं भला दो रुपए की चीज़ को तीन रुपए में क्यों लेने लगा भला?" आदमी ने तपाक से जवाब दिया और आगे को चल दिया । आगे बाज़ार में एक सपेरा बीन बजा रहा था । आदमी को देखते ही उसने अपना सांप उसके हाथों में थमा दिया और बोला कि आप ऐसा करो कार्ड बनवा लो, भोले बाबा प्रसन्न हो जाएंगे । आदमी ने कहा मैं कार्ड क्यों बनवाऊं ? मुझे नहीं बनवाना कोई कार्ड वार्ड । सपेरा बोला ये आधार कार्ड नहीं है कि तुम्हारी मर्ज़ी चले । ये क्रेडिट कार्ड है । और ये हर व्यक्ति को जीवन में एक बार बनवाना ही पड़ता है । यही विधि का विधान है । आदमी ने आँखें मींच ली और बोला चाहे जो कर लो मैं अपना बायोमेट्रिक तुम्हें नहीं दूंगा । ठहाके के कारण सपेरे के हाथ से बीन छूट गई । वो समझाते हुए बोला "अरे हम कोई सरकार थोड़ी न हैं कि तुम्हारा बायोमेट्रिक तुमसे पूछ के लें, वो सब तो हमारे पास पहले से ही है । " कहकर सपेरे ने कार्ड आदमी के हाथ में थमा दिया । सांप के डर के कारण आदमी ने कार्ड ले लिया और डोर जाते हुए सपेरे से पूछा "अरे ये तो बताते जाओ इससे करना क्या है?" । सपेरा बोला "बहुत आसान है, इससे आपको दो रुपए की चीज़ ख़रीदनी है, लेकिन हमारे विश्वासपात्र पार्टनर से । वो बड़े कमाल के लोग हैं उन्होंने चवन्नी में ऐसी चीज़ें बनानी सीख ली हैं जो दो रुपए की लगे । लेकिन आपको कोई चिंता नहीं करनी । आपको परोक्ष रूप से दो रुपए ही देने हैं बाकी चार रुपए आपसे अपरोक्ष रूप से हम निकलवा लेंगे , आपको पता भी नहीं चलेगा " । आदमी घर आ गया । दो रुपए की चीज़ भी आ गई । अगले कई साल तक आदमी उस दो रुपए की चीज़ को कई बार दो रुपए देकर धीरे धीरे चुकाता रहा । कार्ड का बकाया बढ़ता ही गया । छह रुपए हो गया । अंत में हारकर आदमी जादूगर के पास गया । और छह रुपए की EMI बनाने को कहा । जादूगर ने आदमी का सिग्नेचर देखकर कहा अब ये नहीं हो सकता, तुम पर तो पहले ही इक्यावन रुपए का लोन है ।

किस्सा मित्र के घर का

एक बार दो मित्र थे । उनके बीच में खूब गाढ़ी मित्रता थी । एक दिन एक ने दूसरे से कहा कि चलो आज तुम मुझे अपने घर ले चलो । मित्र राज़ी हो गया और अपने घर ले चला । मित्र का घर आलीशान महलनुमा था । उसमें कई नौकर चाकर और सुख सुविधा के सब प्रबन्ध थे । खूब आवभगत और गप्प के बाद विदा लेने का समय हो चला । उठते हुए मित्र ने कहा " भई मुझे यहाँ आकर बहुत अच्छा लगा । मैंने वाकई नहीं सोचा था कि तुम्हारा घर इतना अच्छा होगा, लेकिन एक बात की कमी रह गई । " मित्र ने पूछा किस बात की तो दूसरा मित्र बोला इस बात की कि ये तुम्हारा घर है ही नहीं । तुम मुझे यहां लेकर क्यों आए? । मित्र झेंप गया कि उसकी चोरी पकड़ी गई और उसने मित्र का हाथ पकड़ा और उसे महल के बाहर ले चला और कुछ दूर एक पगडण्डी पर चलने के बात उसे एक टूटे खप्पर की झोंपड़ी में ले आया । वहाँ उसने अपने मित्र के सामने अपने दिल का हाल रखा, "तुमने सही पहचाना , वो महल मेरा घर नहीं, उसे तो मैंने आने जाने वालों को दिखाने के लिए किराए पर लिया है । मेरा घर तो ये टूटी झोंपड़ी है । " । मित्र ने ये सब हाल सुनकर अपने मित्र को गले से लगा लिया और कहा कि मैं भी ऐसी टूटी झोंपड़ी में ही रहता हूँ । दोनों मित्र अपने अपने विचारों में लीन बहुत देर उस टूटी झोंपड़ी में बैठे रहे । जब चलने का समय आया तो मित्र ने कहा मुझे अच्छा लगा कि तुम मुझे यहाँ लेकर आए किन्तु मैं जानता हूँ कि ये भी तुम्हारा घर नहीं है । मित्र सिहर उठा और उसने मित्र का हाथ पकड़ा और उसे उसी पगडण्डी पर वापस ले चला और उसी महल तक पहुंच गया । महल के अंदर एक काली कोठरी थी, दोनों मित्र जैसे ही उसमें घुसे वो बाहर से बंद हो गई । मित्र ने जब उस कोठरी की दीवारों पर हाथ फेरा तो कालिख उसकी उंगलियों पर चिपक गई । मित्र ने मुड़ कर कहा, "ये तुम मुझे कहाँ ले आए?" । इससे पहले दूसरा मित्र कोई जवाब दे पाता पहला बोला, "मैं जानता हूँ ये भी तुम्हारा घर नहीं है । तुम्हारा कोई घर है भी या नहीं?" । मित्र रो पड़ा और बोला, "मैं क्या करता? तुमने कहा कि तुम्हें अपने घर ले चलूँ । मेरा कोई घर नहीं है । मैं तुम्हें कहाँ लेकर जाता... क्या मैं तुम्हारे साथ रह सकता हूँ? तुम्हारे घर में? " । उसकी बात सुनकर मित्र फौरन अपना हाथ छुड़ा कर भाग निकला । जाते जाते वो सोच रहा था कि घर तो उसका भी कहीं नहीं है ।  

Saturday, November 28, 2020

एक बार

एक बार वक़्त का एक आदमी से बैर हो गया और उसने उसे बीच चौराहे पर मार मार के अधमरा छोड़ दिया । फिर बहुत समय बाद एक राहगीर वहां से गुज़रा और उसने आदमी को कंधे के सहारे उठाया और उसके घर की तरफ लेकर चल दिया । आदमी ने पूछा "भले आदमी तुम कौन हो?" । तब राहगीर ने उसे बताया कि वो न्याय है । आदमी को अचरज हुई । उसने कहा अगर तुम न्याय हो तो फिर वो कौन है जो हमारे शहरों में एक हाथ में कागज़ कलाम दूसरे में पिस्तौल लिये घूमता है । उसे तरह तरह की टोपियाँ पहनने का शौक है और वो हर वक़्त हर जगह मौजूद भी रहता है और नदारद भी । बुरा मत मानना, लेकिन उसके विराट भव्य स्वरूप के आगे तुम क्या खाक न्याय लगते हो । राहगीर झेंप गया और बोला आपने सही पहचाना, दरअसल मैं तो बस एक बहरुपिया हूँ जिसे न्याय का रूप धरना बहुत पसंद है । इसलिए मैं जहाँ भी जाता रोते हुए की आंखों से आँसू पोंछता और ठंड से सिकुड़ते हुए लोगों को कम्बल ओढ़ा देता । जब लोगों ने मुझे ऐसा करते देखा तो वे पहचान गए कि मैं एक बहरूपिया हूँ और उन्हें लगा की मेरी इन हरकतों के पीछे ज़रूर कोई मतलबी मक़सद होगा । ऐसा सोचकर उन्होंने मुझे अपने गांव से खदेड़ दिया और वहां कभी न आने की हिदायत दी । लेकिन मैं अपनी कला का ग़ुलाम हूँ इसीलिए आबादी से दूर इस सड़क पर जब भी वक़्त का किसी से बैर हो जाता है तो उस आदमी को उठा कर उसके घर तक छोड़ आता हूँ । आदमी ने उस बहरूपिये से कहा "तुम मुझे घर तक छोड़ आओगे तो ये तो मेरी मदद हुई, न्याय नहीं हुआ,न्याय तो वही कर सकता है जिसे इसे करने का अधिकार है " । " हाँ समझ गया, वही जो आपके शहरों में घूमता है और जिसे आप न्याय मानते हैं " बहरूपिया बोला। "देखो तुम बुरा मत मानना, लेकिन वो भले ही हमें कन्धा देकर उठाए न, भले ही हमें घर तक पहुंचाए न, भले ही वो सिर्फ हमारे मुंह पर पानी के दो छींटे मार कर एक बड़ी रपट तैयार कर ले, किन्तु हमारे लिए वही न्याय है । "ऐसा क्यों भला!?" बहरूपिये ने अचरज से पूछा । " ऐसा इसलिए क्योंकि इससे हमें वो मिला जो हमारा बनता था, या शायद उससे बहुत कम, और उससे मिला जिससे हमें मिलना चाहिए था । इसमे न उसकी कोई बड़ाई है न हमारी को दीनता । " यह कहकर आदमी ने बहरूपिये का सहारा छोड़ दिया और खुद लड़खड़ाता हुआ अपने घर की ओर चल दिया । शायद वो पहुँचा भी ।

Tuesday, November 24, 2020

मस्तिष्क



मुझे आगे एक काली स्याह रात दिख रही है
सूरज से चारकोल टपक कर
पूरे उत्तरी ध्रुव पर चिपक गया है
आदमियों की एक कतार
अंधेरे को फावड़ों में भर कर
दूसरी तरफ हटा रही है
समंदर एक खाई है
या फिर है एक पहाड़
कुछ दिखाई नहीं दे रहा
मैं इस अंधेरे में चला जा रहा हूँ
या फिर घुला जा रहा हूँ
कुछ समझ नहीं आ रहा
बहुत दूर से एक आवाज़ आ रही है
मेरे ही दिल के धड़कने की
मेरी जेब से निकलकर
एक चाबी गिर गई
वो किस चीज़ की थी?
अब क्या होगा?

Friday, November 13, 2020

क्या होगा?

क्या तुमने कभी सोचा है
कि कुछ भी हो सकता है
खासकर के वो
जो तुमने कभी नही सोचा

चींटी के पहाड़ उठाने में
और हाथी के आंसू में डूब जाने में
कोई अचरज की बात नहीं है

जो सपना तुम देख रहे हो
साकार होगा कभी
जिस भयानक बात का तुम्हें डर है
वो कभी घटित नहीं होगी

वास्तविकता नाम है
श्रोडिंगर की बिल्ली का
जो जीवित भी है और मृत भी

आश्चर्य एक देवता है
सम्भव और असम्भव
जिसके द्वारपाल हैं
जो हर अनुमान का एक सिरा
अपने पास रखता है
और दूसरा थमा देता है
भविष्यवक्ताओं को



Saturday, October 3, 2020

दाढ़ी में तिनका

एक आदमी था । उसकी दाढ़ी में तिनका था । उसे एक भीड़ ने पकड़ लिया और चोर चोर कहकर, लगी उसे मारने । आदमी ने मदद की बहुत गुहार लगाई । लेकिन जब लोगों ने देखा कि उसकी दाढ़ी में तिनका है तो उसे उसके हाल पर छोड़ दिया । भला कोई भला आदमी अपनी दाढ़ी में तिनका क्यों रखता भला? ऐसा उनका अचूक तर्क था । उसने कहा कि वो चोर नहीं है, हाँ उसकी दाढ़ी में तिनका ज़रूर है । लोगों ने कहा चोर नहीं हो तो दाढ़ी में तिनका क्यों है? क्या तुम ये कहते हो कि तुम खालिस बेकसूर हो? वो बोला जी ये तो नहीं कह सकता कि मैं खालिस बेकसूर हूँ, पर मैं चोर नहीं हूँ ।

भीड़ उसकी बेतुकी बातों से झल्ला उठी, और बोली - क्या तुम जानते हो चोर को पकड़ने में कितनी मशक्कत लगती है? पहले रात दिन एक करके जाल बिछाना पड़ता है। फिर काबिले यकीन सबूत बनाना पड़ता है । उसके बाद अगर चोर ग़रीब या भूखा हो तो उसपे रहमदिली भी दिखानी पड़ती है । और उसके बाद भी नतीजा क्या? चोरी चकारी वहीं की वहीं । नहीं नहीं, वो सब बेकार है । हमें चाहिये कि एक ठोस पैगाम दें कि अगर कोई चोर पकड़ा गया तो उसका क्या हाल होगा । तुम चोर हो या नहीं ये मुद्दा नहीं है । लेकिन तुम चोर हो सकते हो या नहीं ये मुद्दा है । और होने को तुम कुछ भी हो सकते हो - चोर भी । और जो आदमी चोर हो सकता है, उसके लिए हमारे दिल में कोई रहम नहीं । इसलिए तुम्हारे हवाले से हम सब चोरों को खबरदार कर देंगे ।

भीड़ ने उसको बहुत मारा । उसका छप्पर जला दिया और उसे भूखा प्यासा जंगल में छोड़ दिया ।

अगली सुबह, जिस जिसको अपनी दाढ़ी में तिनका मिला, उसने अपना सर ही काट लिया ।

Wednesday, August 12, 2020

कुआं

एक गाँव में एक कुआं था । अकेला कुआं । इकलौता कुआं । अकेला होने की वजह से उसमें अभिमान था शायद । कोई भी उससे पानी लेने आता तो वो उन्हें कल आने के लिए कहता । किसी को पानी की बचत का पाठ पढ़ाता । किसी को अपने बचपन के ही किस्से सुनाके टरका देता । पर पानी किसी को न देता । सूखा बादल, बंजर ज़मीन, प्यासा राहगीर उसने किसी को पानी नहीं दिया । कोई न कोई बहाना बना कर सबको कल आने के लिए कह देता था । गांव कुएं से तंग आ गया । उसके खिलाफ बग़ावत तेज़ हो गई । एक दिन प्यासों की एक फौज ज़बरदस्ती कुएँ में कूद पड़ी और तली में गिरकर फना हो गई । कुएँ में तो पानी कब का सूख चुका था । 

Wednesday, April 1, 2020

साहिल

मैंने साहिल से जाते हुए जहाज़ से कहा
रुक जाओ
अभी यहीं रहो
मुझे कुछ लम्हों का है इंतज़ार
उन्हें बिठा के मैं भी चल दूंगा उस पार

जहाज़ उठा चुका था अपना बीड़ा
बोला,
ये है तुमको आखिरी आवाज़
मुड़ते नहीं हैं जहाज़ी और जहाज़
जीवन रहा तो ऐसे लम्हे और भी आएंगे
आओ बैठौ, हम और रुक नहीं पाएंगे

ऐसा कैसे कर सकता था मैं

चंद लम्हों का ही होता है जीवन
फिर चाहे कोई कितना ही जी ले
समंदर का पानी पीने से तो अच्छा है
दो बूंद ही सही मीठे पानी की पी ले

अलविदा जहाज़ अलविदा

नहीं छोड़ सकता मैं ये पल
उनके लिए जो सम्भव हो सकते हैं कल

वो लम्हें आ जाएं
तो मैं तैर के भी कर लूंगा समंदर पार
पर तब तक तो
मुझे करना ही होगा इंतज़ार

Tuesday, March 31, 2020

मोक्ष

मैं एक ख्याल हूँ, मेरा एक ख़्वाब है
सुरों की एक वादी में, सुंदर का एक पार्क है

बाँसुरी की धुन पर जहाँ
ढलती हैं शाम
घूम लूँ यहाँ
वक़्त की बांहो को थाम

मैं संगीत की सवारी करूं
कोई मुझे देखे न
मैं बैठा रहूँ अहसासों में
कोई मुझे सोचे न
मैं गिरूं एक आँसू सा
कोई मुझे रोके न
मैं मन भर के निहारूं नज़ारों को
कोई मुझे टोके न

ओढ़ लूँ मैं रौशनी; आंखों को मूंद मूंद
छू लूँ मैं घास पर; ओस की बूंद बूंद

एक पल का है जीवन
इसे एक पल में ही जी लूँ
कितना चैन है इन फ़िज़ाओं में
इसे जी भर के पी लूँ

आँखों में भर लूँ
हर रंग इस आसमान का
बस इतना सा है ख़्वाब
इतनी सी है आकांक्षा




पपीहा

कभी देखा है?
किसी पपीहे का
बारिश के लिए इंतज़ार ?

कभी सुना है उसका गुंजन
मर्मज्ञ करता ध्यानमग्न भ्रमण

आह! आह्लादित मन
इंद्र का आह्वाहन करता है
जलकूप से जलकूप
टहनी से टहनी विचरता है!

क्या क्रीड़ा करते हैं देव हमारे साथ
हमारे निमित्त रखते हैं प्रकृति में वर
फिर भी देते नहीं हमारे हाथ!

आसां नहीं ऐसे में
अपनी नियति से मिल जाना
जो हमारे लिये हो ईश्वर ने चुना
उसे पहचान उसे पाना 

चाहिए एक विशिष्ट संयोग 
मन का माधव में योग 
एक ही लय हो सर्वत्र
अंत:सलिला से लेकर ग्रह नक्षत्र

पपीहे को चाहिए

विवेक भी और वैराग्य भी
धैर्य भी और भाग्य भी

ज़रा से पंछी से 
रचयिता की कितनी अपेक्षाएं
एक बूंद बारिश के लिये
कहाँ कहाँ जाए

ये सब कभी देखा है?

इसका बन नहीं सकता कोई चित्र
न हो सकता है कोई वर्णन
इस भाव की 
कोई उपमा भी नहीं दी जाती

क्या जाने कोई
क्या होता है मिलना
पपीहे को स्वाति

इस दुनिया की माँ कहाँ हैं?

कितने युग बीते
कितने बरस
किसी को नहीं आता
इस दुनिया पे तरस

अगर इसकी माँ होती
तो ज़ोर से फटकार देती 
आँचल में छुपा लेती दुनिया को
इतने क्रूर इतिहास से 
बचा लेती दुनिया को

नहीं होती दुनिया
इस पूरे ब्रह्मांड में अकेली
माँ खोज ही लाती
उसको एक सहेली

Thursday, July 4, 2019

#RockOn2 SpinOff

नीला आकाश जो एक समंदर है
वो झांकता है मेरी आँखों में
और देखता है
कि वो तो मेरे अंदर है

आकाश जो पूरे ज़माने से
औंधा मुँह करके बैठा है
एक समंदर जिसने नजाने
कितने किस्सों को समेटा है

एक आकाश जो है
टूटे दिलों जितना ख़ुश्क
एक समंदर जो है
ताज़ा ज़ख्म जितना शुष्क

एक आकाश जो इतना नीला है
जितना नीला है समंदर
आंखों को दिखते हैं दोनो एक जैसे
पर अंदर झांको तो बहुत फर्क है इनके अंदर

अब ये बताओ
की आकाश है
या है समंदर
वो जो है
मेरे अंदर?

Friday, June 7, 2019

यूं होता तो क्या होता

एक बार, यूं होता तो क्या होता, एक बाज़ार से गुज़र रहा था । उसे बार बार लगता कि कोई उसके पीछे चल रहा है । जब वो पीछे मुड़ के देखता तो पाता कि कोई भी नहीं । तब उसे कहीं दूर से कोई आवाज़ सुनाई देती और उसे लगता कि उसे आवाज़ का पीछा करना चाहिए । लेकिन बहुत वक़्त भटकने पर भी उसे आवाज़ को देने वाला कोई न मिलता । फिर उसे लगा कि उसके बगल में कुछ कदम ठिठके और फिर तेज़ी से किसी ऐसे रास्ते पर मुड़ गए जो यूं होता के लिए निषेध था । अंत में थक हार कर वो एक तालाब के किनारे  बेंच पर बैठ गया । कुछ देर उकताने के बाद तालाब में कंकड़ फेंकने लगा । तभी उसकी नज़र तालाब के दूसरी ओर बैठे एक आदमी पर पड़ी जो बोरियत में घास छील रहा था । उसने उसे अचरज से देखा । वो बिल्कुल आम आदमी था । शक्ल, सूरत, चाल ढाल में कुछ भी खास नहीं ।फर भी उसे लगा कि उसे उससे बात करनी चाहिए । कुछ देर झिझकने के बाद उसने पूछा - " ऐ तुम, तुम कौन हो? तुम्हारा नाम क्या है?" तालाब के दूसरी ओर से आवाज़ आई - "यूं होता तो क्या होता" ।

Wednesday, January 9, 2019

एक शैतान

एक शैतान
लंबे लंबे दांतों वाला
लंबा चौड़ा हैवान
मंदिर में पहुंच कर
मचाने लगा घमासान

पुजारी को फेंक दिया उसने
तोड़ दिया पूजा का सामान
भाव या भक्ति का
नहीं छोड़ा कोई नामो निशान

फिर मूरत उठाकर
झकझोरने लगा
रोने लगा दहाड़े मार मार
और बोला
शैतान
क्यूँ
मुझे क्यूँ
तुमने ऐसा बनाया
भगवान?

Saturday, December 29, 2018

तूफ़ान की उलझन

एक तूफ़ान
उजाड़ आया
पूरा बियाबान

महलों को कर दिया उसने रेत

अब सोच रहा है
साहिल पर ठहर
कैसे वापस जाए शहर?

कैसे पूछे
उनके हालचाल
जिनके जीवन में
लाया वो भूचाल ?

जहाँ से चला आया तूफ़ान
वहां फिर रुख कर नहीं सकता
जो मचाई बर्बादी
उसपर गम नहीं कर सकता

वो तो जहाँ भी जाएगा
रहेगा तूफ़ान
उजाड़ देगा बियाबान 



Tuesday, October 9, 2018

ईश्वर का घर

क्या अंतरिक्ष में रहते हैं भगवान?

वो तो कोई रहने लायक जगह नहीं

बिना हवा, पानी, वायु का
निष्ठुर देश है
हर ओर
जीवन रहित पिंडों के अवशेष हैं

वहां किस हाल में रहते होंगे ईश्वर?

न अग्नि संभव है
न मंत्रोच्चार

कितनी भली है पृथ्वी
वात्सल्य की मूरत
इस क्रूर ब्रह्मांड में
एक कोमल कोना
दिव्य संजोग है
हम सबका
पृथ्वी पर होना

जब किसी देवता का अंतरिक्ष में समय पूर्ण होता होगा
तब वह पृथ्वी पर जन्म लेता होगा

Tuesday, October 2, 2018

माओ ज़डोंग की चिड़िया

चिड़िया हूँ मैं चिड़िया
माओ ज़डोंग की चिड़िया
चीं चीं चीं चीं चीं चीं
करती हूँ चिड़िया
चीं चीं चीं चीं
हंसती हूँ चिड़िया
चीं चीं चीं चीं
रोती हूँ चिड़िया

घर है मेरा
पेड़ की डालियां
खाती हूँ खेत में
गेंहू की बालियां

भड़ भड़ भड़ भड़
बजते हैं बर्तन
धड़ धड़ धड़ धड़
होता है गर्जन
खेत में गेहूं
मैं खा नहीं पाती
डाली पर दम भर
ठहर नहीं पाती

 
मैं उड़ते उड़ते थक जाती हूँ
थक के आसमान से गिर जाती हूँ
बन जाती हूं गिर कर
रेत की पुड़िया
मैं हूँ माओ ज़डोंग की चिड़िया

सपना

सपने देखे हैं तुमने?
कितने ऊल जलूल होते हैं
बेतुके बेवक़्त मोड़ फ़िज़ूल लेते हैं

किसी भी कहानी में
आके मिल जाता है
कोई भी किस्सा
किसी भी किस्से का
अधूरा छूट जाता है
कोई भी हिस्सा

ऐसा लगता है
कोई सपना देख रहा है
और हम उसमें जी रहे हैं

Sunday, September 30, 2018

ईश्वर के लिए आंगन

सपने क्यूं नहीं देखते?
सपने नदी के पहाड़ के
झरने के बरसात के
सपने जिनमें तुम दौड़ लगाते हो आकाश में
जिनमें तुम गोते खाते हो प्रकाश में

जिस तरह चाँद को उतरने के लिये चाहिए आंगन
उसी तरह ईश्वर को तुमसे मिलने के लिए
चाहिए तुम्हारे सपने

ऐसे सपने जिसमें तुम मुस्कुरा रहे हो
आह! अपना पसंद का गीत गा रहे हो

अब से
नींद आए तो देखो सपने
और
नींद न आए तो देखो सपने

Thursday, July 12, 2018

अंधेरे का डर

अंधेरे से निकल कर कोई हाथ आएगा
होगा कोई भूत मुझे खा जाएगा
अब ऐसे नहीं सोचता मैं

रात को जब सोता हूँ
तो अंधेरा दुबक कर
मेरे कंधे पर सर रख कर
सो जाता है
मैं थपकी देकर
उसका ढांढस बंधाता हूँ
सुबह कुछ नहीं होगा
उसे झूठ बहकाता हूँ

अब अंधेरे से डर नहीं लगता
जब दिन उजाले में ही
इतना जल चुका हूँ
जो बह न सके उन आंसुओं
में इतना गल चुका हूँ

जो कुछ भी अब जान चुका हूँ
उसी से इतना दहशतज़दा हूँ

कि अब अनजान की चिंता कर नहीं सकता
मैं अब अंधेरे से डर नहीं सकता

Monday, July 24, 2017

Big Bang Theory

इस दुनिया में कोई भी दो
लम्हें हों या लोग हों
वो चाहे बढ़ें किसी भी ओर
वो जा रहे हैं, एक दूसरे को छोड़

यही है ब्रह्माण्ड का नियम

यहाँ
शाश्वत है विरह
मिलने से भी पहले
बिछड़ना है तय

पल भर की प्रीति बस एक भ्रम है
ये दुनिया एक नितान्त निराशा का क्रम है

Evolution

अपनी आँखों से ओस मलकर
एक पौधे ने अपने उपवन को देखा

हा हा हा
बिना पत्तियों का भी
कोई पौधा होता होगा?

जिसे उपवन का साथ न हो
सर पर दरख्तों का हाथ न हो
आँखों को न ठंडक दें बहते हुए निर्झर
क्या संभव है ऐसी भूमि पर, अपना घर!

हम तो,
मिटटी में ज़रा नमी कम हो, तो मुरझाएंगे
हवा में ज़रा बेरुखी हो, तो इतराएंगे
नहीं तो किसी और बात पर
कुछ और बहाना बनाएँगे

और तब

एक एक कर के चल दिए होंगे
पहले पेड़,
फिर पानी,
फिर पवन

सर पर आग बरसी होगी
जड़ से ज़मीन सरकी होगी
रह गया होगा नितान्त एकांत में
एक पौधा, अकेला, रेगिस्तान में


ऐसे में

ईश्वर के आगे, अपने हाथ लिए होंगे जोड़
और अपनी पत्तियों को कर लिया होगा सुखाकर काँटा

टूट गया होगा, उसको भ्रम जो था
हाँ, बिना पत्तियों का भी, हो सकता है पौधा

Saturday, March 4, 2017

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है
मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है

नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे
करने कुछ  निकलता हूँ  हो कुछ और जाता है

घुली हुई हैं हवाओं में उसके बुजुर्गों की दुआएं
मिटटी से निकल नन्हा सा अंकुर फूट जाता है

जिनसे होते हैं नाराज़ अक्सर वही बन जाते हैं लोग
सलीके से करना ऐतराज़ बड़ी मुश्किल से आता है

बरसों पहले हो चुका है जो होने वाला है कल
वक़्त अंधाधुंध, कभी इधर कभी उधर जाता है

Monday, February 27, 2017

एक वक्त ऐसा भी

हाथ बांधे बैठे हैं
सूरज, धरती,
सांस रोके बैठे हैं
अम्बर, सागर
जब आयेगा इनका वक़्त
ये भी बोलेंगे
खोल के अपने हाथ
अपना मस्तक टटोलेंगे
एक श्वास भर के
ये सुनाएंगे अपनी आप बीती
कि सदियों से इनपर क्या गुज़री

Friday, February 17, 2017

एक ग़ज़ल

वक़्त हर दर्द पर मरहम लगा नहीं सकता
समंदर को सूरज कभी सुखा नहीं सकता

बेतरतीबी मेरी शख्सियत का हिस्सा है
मैं ग़मों को सलीके से सजा नहीं सकता

अच्छा ठीक है कह दी जो कह दी तुमने
दिल पर अब हर बात लगा नहीं सकता

तमाम मेहरबानियों के बाद भी तंगहाल हूँ
देने वाले से नज़रें मैं मिला नहीं सकता

किसी जादू से हो जाऊं पहले के जैसा मैं
ये हो भी सकता है मगर ये हो नहीं सकता

Strangers

We can be
strangers
in our lives
Only once
And once we have met
And known each other
And become friends
Then we can't be strangers
Just like that
By any degree of pretence
choice
Or circumstance
And definitely not after
We fell in love
No no no
It's just not done
We can be strangers
In our lives
Only once

What I am to you
And you are to me
No one can answer
But you and me

Our lives have changed
A lot of water has flown
sinCe we have last known
Now we come from different places
And there's no plaCe for one another
In our respective spaces

Not heard from you for so long
Never listened to your voice
Once I had promised to
Follow you till world ends
Now, I go in a slumber
When your name comes up
While talking to common friends

But the fact remains
We are not strangers
We are far
Very far
What affects you affects me
Whatever happens to the moon
Can it affect in any way, the earth?
Who knows, maybe it doesn't
But maybe it does

We can be
strangers
in our lives
Only once
And once we have met
And known each other
And become friends
Then we can't be strangers
Just like that
By any degree of pretence
choice
Or circumstance
And definitely not after
We fell in love
No no no
It's just not done
We can be strangers
In our lives
Only once

Our lips may not have kissed
But our souls did mingle
When my eyes rest on you
I can feel that shy tingle
I don't know if this is a fleeting feeling
Or one that can test of times endure
But one thing I am sure
However hard we try
We cannot go back
To being strangers

What is ours is ours
What we shared between us
will remain with us
And those moments of love
Understanding and pain
Will at will make our eyes go rain

Am I going to utter your name
Are you ever going to beckon me
Hope not, hope not
For what we have held back
Shall not be let loose again
To confront one another with all our past
Is the greatest of our fears
And will end in only so much more tears

I can't hold you in my arms oh baby
But I have buried you deep in my heart
And so you shall be
And so we shall be

एक फ़िक्र

हु हिज्जत का किस्सा है
तेरे ज़िक्र को भी छेड़ना

पानी से अहसासों को
बांह भर के समेटना

मुश्किल है बुझे बुझे मन का
अंधेरों से दिन भर खेलना

इस ज़ख्म में छुपा है जलजला
ज़रा हल्का हल्का कुरेदना    
-फिरोज़

Saturday, November 12, 2016

Neela Akash Jo Ek Samandar Hai

Rock On 2 me ek gana hai "neela Akash jo ek samandar hai" jiske bol adhure hain. shraddha kapoor farhan akhtar ko kahti hai ki is gaane ko poora karo... farhan ke bol mujhe yad nahi isliye main apne hisab se complete kar raha hu
Neela Akash jo ek samandar hai
Wo jhankta hai meri aankhon me
Aur dekhta hai
ki wo to mere andar hai
Akash jo poore zamane se
Aundha moonh karke baitha hai
Ek samandar jisne najane
Kitne qisson ko sameta hai
Ek Akash jo hai
toote dilon jitna khushk
Ek Samandar jo hai
taaza zakhm jitna shushk
Ek Akash jo itna neela hai
Jitna neela hai samandar
Ankhon ko dikhte hai dono ek jaise
Par andar jhankon
to bahut farq hai inke andar
Ab ye batao
ki akash hai ?
ya samandar hai ?
Wo jo mere andar hai

Monday, October 17, 2016

रोशनदान

अरे ! 
रोशनदान भी है 
मेरे घर में 

खिड़की देखकर ही पसंद कर लिया था ये घर 
मालिक मकान ने बेकार पैसा लगाया 
आजकल के ज़माने में ये रोशनदान क्यूँ बनवाया 

खिड़की पर पर्दे टाँगे जाते हैं
रोशनदान पर नहीं 
खिड़की को खोला बंद किया जाता है 
रोशनदान को नहीं
खिड़की की जालियों को झाड़ा बुहारा जाता है 
रोशनदान को नहीं 

रोशनदान पर हम ध्यान नहीं देते 
जैसे किसी ला इलाज बीमारी से जूझता 
हो 
घर का कोई पुराना बाशिंदा 

पर हमारे ध्यान न देने भर से 
रोशनदान हो नहीं जाता लुप्त 
कबूतरों को अपनी चौपाल बिठाने के लिए 
खिड़की नहीं 
रोशनदान लगता है ज़्यादा उपयुक्त 

भुला दिया गया ये रोशनदान भी 
याद आने का कोई प्रयत्न नहीं करता
सुबह का सूरज पूरा इसी पर चढ़ता है
और वो शाम उसके ढल जाने तक 
दम  साधे 
पीछे की दीवार के ऊपर के कोने में 
टंगा रहता है 

कि कहीं  उसके श्वास से
विघ्न न पड़ जाए
खिड़की के अट्टहास में

Sunday, August 28, 2016

इंतज़ार

मत हटाओ
इन महान पत्थरों को
मत डिगाओ
अपने रास्ते से
इन चट्टानों को, पर्वतों को

मत छेड़ो इन्हें
खड़े रहने दो
या बैठे
या अधलेटे
जैसे भी ये हैं
वैसे

कोई ज़रूरी बात होगी
तभी इतने युगों से खड़े हैं
कुछ अंदर आग होगी
तभी अपनी जिद पर अड़े हैं

ज़रूर कोई ठेस रही होगी
ऐसे ही तो कोई हो नहीं जाता पाषाण
ज़रूर कोई इनका इनसे बिछड़ गया होगा
तभी ये हुए होंगे निष्प्राण

पर खैर तुम छोड़ो,
ये बेकार की बातें
ये अंतहीन प्यार
ये कर रहे हैं
इन्हें करने दो
इंतज़ार
-फिरोज़

Tuesday, April 12, 2016

#Micropoetry

Time doesn't tire moments have no memory What will happen now Is going to be new Don't be afraid of the past It won't remember you

Friday, April 8, 2016

Thodi si ghazal

लोग बिछड़ते नहीं हैं बह जाते हैं
ज़िन्दगी दरिया है कोई मेला थोड़ी है

हाँ  सोचता था कल तक  मैं कुछ और
वैसे ही सोचूं आज भी , कोई ज़िद थोड़ी  है

दर्द होता है जब होता है दर्द किसीको
हम इंसान हैं कोई भगवान थोड़ी है

कोई सींग तो हैं नहीं मौत के जो डरा जाए
ज़िन्दगी से बड़ी कोई मुसीबत थोड़ी है

अपनों के लिए और क्या करेगा 'फ़िरोज़'
सहेगा जो होगा, कोई और चारा थोड़ी है

माना  टूटी है लय, कविता कुछ अधूरी है
पर ठीक है, इसमें कोई बात थोड़ी है 

Thursday, April 7, 2016

आवाज़ दो


मुझे आवाज़ दो
दूर बहुत दूर चला जाऊंगा मैं,
मुझे आवाज़ दो।
अँधेरा मेरे कानो में साय सायं कर रहा है , 
मुझे आवाज़ दो।

मुझे शब्द दो
शब्दों को श्रोता और
श्रोताओं को अहसास दो।

मुझमेंं भी रोशनी है
इस दिन को, शाम तो दो

मैं बातचीत करना चाहता हूँ
मुझे संवाद दो।

Wednesday, April 6, 2016

Religion above God

'Do you love your religion?'
'Yes'
'How much?'
'This much'
& then he stretched out his arms and died.
#TumBhagwanHoBc

Monday, April 4, 2016

तरीके से जीना

कहीं चुटकी बजे
कोई मंत्र पढ़े
किसी भूत का निकले पसीना
और समझ आ जाए, मुझे
तरीका
कि कैसे चाहिए
इस दुनिया में जीना

Thursday, March 31, 2016

कहीं और कहीं

कहीं

समंदर  के बीच
बारिश में भीग
गा रही है प्रीत
किसी बेशर्म से गाने को

और कहीं

रेगिस्तान में खड़ा
मकान जल रहा
और कोई नहीं है
व्यथा सुनाने को

Friday, March 25, 2016

Wait

What are these rocks?
Heart of lovers,
Hardened in wait.

Tuesday, March 8, 2016

Tiny

Imagine
the span of this universe
the age of time
And we?
Tiny, tiny
Tinier is our grief
Our existence
An illusion, make-believe

God has a plan

Hello faint-hearted
I got a good news
Have faith,
God's about to 
put you
to some good use.

About dreams

I had once told you
That all dreams do come true
When and where
One cannot tell
But they sure do come true
Sure as hell

Friday, March 4, 2016

And so you live

I have been the Emir and the Wazir
The lucky and the privileged
Yet only in the moments i loved
Have i truly lived

I was condemned
And I was banished
Stripped of my identity too
What was left of me were
The moments I loved you

Wednesday, February 24, 2016

चुप

सदियों से हैं चुप 
ये चट्टान और वो चाँद
मैं भी चुपके से आया चढ़
और बैठ गया भींचकर
बाहों में एक पत्थर

न कोई सलाह, न कोई सवाल
अपनी अपनी उलझन
अपना अपना हाल

कितना कुछ कर पाया मैं जज़्ब
वर्ना उस दुनिया में तो
किसी को नहीं है
दो पल का सब्र
~फिरोज़

Sunday, February 21, 2016

नमन

मुझे राजेश जी का बहुत प्रेम और आशीष प्राप्त है | यूं तो उनसे जुड़े हर शख्स को, चाहे वह  उनसे कितना ही छोटा हो या कितनी ही छोटी उनसे मुलाक़ात रही हो, उनके लिए बहुत ख़ास होने का, रॉकलैंड परिवार का एक हिस्सा होने का अहसास होता ही  है   |   फ़िर भी मेरा मानना है कि मुझे तो उनका कुछ विशेष ही स्नेह प्राप्त था | ऐसा इसलिए क्यूंकि उन्होंने इतने सारे लोगों में से मुझे चुना अपने जीवन और बिज़नस से जुड़े सिद्धांतों और कहानियों को साझा करने के लिए ताकि हम बाद में उसे पूरे रॉकलैंड परिवार के साथ बाँट सकें | यह मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य था |  मैंने यह पाया कि उनके हर विचार में चाहे वह बिज़नस को लेकर हो या जीवन को लेकर हो उसकी फाउंडेशन में बहुत सौहार्द और सम्मान था |

अभी कुछ समय पहले ही कि बात है | मैं देश कि राजनीति पर एक political satire का मंचन कर रहा था | स्क्रिप्ट में कुछ उलझन थी, समाधान नहीं मिल रहा था | फिर एक  dialogue मिला | नाटक का protagonist कहता है कि

" माना परेशानियां हैं, हमारे बीच differences हैं, लेकिन क्यूँ न हम उसपर focus करें जो हम मिलकर कर सकते हैं और उसे achieve करें .... " 

ये लाइन  मेरी नहीं हैं  | ये मैं इसलिए लिख पाया क्यूंकि राजेश जी ने कई  मौकों पर इस रहस्य  को समझाया था  - अपने आचरण से, अपने व्यवहार से और अपनी वाणी से भी  |

उनसे बातचीत करने का यह दौर मेरे जीवन की अक्षय पूँजी रहेगी | इस खजाने कि कुछ बूँदें इस किताब में भी संकलित हैं - "Sankalan"|

मेरा मानना है यह वो नींव है जिसपर कोई भी व्यक्ति अपने पूरे जीवन का निर्माण कर सकता है | आज राजेश जी हमारे बीच नहीं हैं पर उनकी यादें और उनका आशीष हमेशा हमारे साथ रहेगा |

उनकी स्मृति को शतशत नमन  |  


P.S - इंडिया हैबिटैट सेंटर में खिंची यह फोटो राजेश जी ने मुझे और अमूल्य को अपने हस्ताक्षरों के साथ दी थी |



Sunday, February 7, 2016

मृत्यु

मौत का पर्याय नहीं है मृत्यु
मौत तो जीवन का अंत है
मृत्यु आत्मा का अनंत में पुनर्मिलन
मौत होना तो नियम है
बड़ी मुश्किल है मिलनी मृत्यु

Wednesday, December 30, 2015

बड़ा हरा पेड़

एक बड़े हरे जंगल में
एक बड़ा हरा पेड़
जंगल से भी पुराना पेड़
जंगल से भी हरा पेड़
इतना हरा पेड़ कि उसकी डालियाँ ही नहीं
उसका तना भी हरा था
बहुतेरी हरी बेलों और लताओं से
उसका सीना ढंका था
पेड़ की जड़ों ने पूरे जंगल को थामा हुआ था
जंगल का ये पेड़
जंगल के लिए
आसमां था

Monday, December 21, 2015

Ek sher

इंसान पर मुसीबतों का दौर तभी से टूट जाता है
मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है

जो कोई हमें बहुत गहरा ज़ख्म दे जाता है 
वो उतना ही इन्तहाई करीब आ जाता है 


Friday, October 9, 2015

Dange mein insaan

बड़े लोगों ने
दंगा कराया
शहर जलाया
और लहू बहाया

वो बहता हुआ लहू
मेरी चौखट तक भी आया

मैं ज़ोर से चिल्लाया!
मुझे छोड़ दो भाई
मैं एक आम इंसान हूँ
मैं उतना ही हिन्दू हूँ
जितना मैं मुसलमान हूँ

Monday, October 5, 2015

शहर में ठहरना

छुट्टी का दिन ठहरा शहर
साँझ से पहले का पहर
हवा ठहरी हुई है
वक़्त भी गया है ठहर

माथे पर जैसे कुछ लकीरें ठहर जाती है
और उठती गिरती भौंहें उन्हें आकार दे जाती हैं
जैसे ये सामने समुद्र और इसकी लहरें
आकर टकराती हैं शहर से और वापस चली जाती हैं

मैं भी ठहर गया हूँ यहाँ
एक बेंच पर जो जुडी है ज़मीन से
मेरी साँसे चुप हैं
मेरे माथे पर बल नहीं है
मेरी आँखें शून्य को तकती हैं
और भरती हैं रंग
सामने फैले इस खाली कैनवास पर

रंग जो आग के हैं
कुछ लाल कुछ पीले कुछ नीले

क्योंकि जो ठहरा हुआ हो
वो शांत भी हो कोई ज़रूरी नहीं

Saturday, October 3, 2015

भाग्य

एक बार एक आदमी ने भगवान से कहा कि मैं भाग्य को ललकारना चाहता हूँ उससे मुक़ाबला करना चाहता हूँ । भगवान ने उसकी बात मान ली और कहा कि फलां मैदान में ठीक एक माह बाद भाग्य और इंसान का मुक़ाबला होगा । क्योंकि इंसान को क्रिकेट का खेल अच्छा आता था इसीलिए उसी की प्रतियोगिता रखी गई।

आदमी बहुत मेहनती और ईमानदार था । वो सुबह होने से पहले उस मैदान में पहुँच जाता और सूरज ढलने के बहुत बाद तक मुक़ाबले के लिए खुद को तैयार करता रहता। वो उस मैदान के कई चक्कर लगाता । पिच पर भागता । कई सौ बार गेंद को मैदान के बाहर मारता। उसकी तकनीक उत्तम थी, उसका खेल श्रेष्ठ । उसी के बारे में ल'अपूर्व ने कहा -

"अतुल तेरा बल, अजय तेरा श्रम
अमर तेरे मन की ज्वाला
पूर्ण प्रतिज्ञा करे जो ठाने
मनुज अटल निश्चय वाला"

प्रतियोगिता से एक साँझ पहले इंसान ने महसूस किया कि उसकी तैयारी बेहतर है । मुक़ाबला रोमांचक होगा। टक्कर का होगा । वो दिल से खेलेगा । जी जान से खेलेगा। बाकि जैसा भाग्य में हो...

वो मुक़ाबले के तय समय से पहले ही मैदान में पहुँच गया। उसका चक्कर लगाया । और क्रीज़ पर जम कर खड़ा हो गया और भाग्य के आने का इंतज़ार करने लगा । पर भाग्य नहीं आया।

फिर उसने देखा कि मैदान के दक्षिणी छोर पर भाग्य की कलाई मुड़ने लगी। मानों वो मैदान के अंदर से निकल रही हों। फिर उसके पीछे से भाग्य की उंगलिया उठने लगीं। उसके पाँव के नीचे से ज़मीन खिसकने लगी और वो भाग्य के हाथ पर लड़खड़ा कर गिर गया। भाग्य ने उसपर अपना शिकंजा कस लिया और उसे मसल कर रख दिया।

उस जगह पर कई दिनों तक राहत कार्य चला । उस आदमी की पसलियाँ तक नहीं मिली।

Monday, September 14, 2015

Safe Haven

 एक आदमी एक खोए हुए पहाड़ की एक ग़ुम हो चुकी गुफा तक जा पहुंचा | उसे यहाँ तक आते हुए किसी ने नहीं देखा | उसके क़दमों ने कैसे भी निशाँ नहीं छोड़े और किसी का उसके पीछे उसे ढूँढने आने का तो सवाल ही नहीं था |  वर्षों की तपस्या से उसने ऐसा मुकाम हासिल कर लिया था कि उसे कोई नहीं जानता था, किसी की बही में उसका नाम न था | न उसके ऊपर कोई ज़िम्मेदारी थी न कोई ऐसी वजह जो चिल्ल-पों की दुनिया में उसकी राह तकती हो |

वो आज़ाद था |

वादी सुरम्य है, गुफ़ा गर्म |

गुफा में पहुँच कर उसने घास का एक मुलायम तकिया अपने लिए तैयार किया और ठन्डे पानी की नहर का एक नलका गुफा में ही ले आया | उसके आहार का ख्याल रखने के लिए वादी में बहुत था | वो गुफा में ही बस गया | यहाँ उसे कोई तकलीफ नहीं होगी उसका दिमाग शांत रहेगा |

रात हुई | वादी में भूकंप आया | गुफा गयी गिर | आदमी गया फँस | नलका रहा दूर | फलों से लदा पेड़ रहा लहलहाता लेकिन दूर | 

बहुत कष्टों के बाद , एक अरसे के बाद वो अपने सुरक्षित ठिकाने पर ठिकाने लग गया |

Featured Post

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ  ...