यह जी भी कितना कमाल चीज़ है । यूँ तो कभी पता नहीं चलता कि ये भी कोई चीज़ है । लेकिन जब ये लग नहीं रहा होता तब इसका खूब पता चलता है । लोगों को सम्मान देने के लिए भी जी का प्रयोग किया जाता है। यहाँ भी वही बात किसी को जी कह के बात करो तो उसे अहसास नहीं होता कि कोई सम्मान दे रहा है लेकिन बातचीत से जी हटा दो तो फौरन पता चल जाता है ।
अभी कुछ दिन पहले ही मैंने जी पर दो एक्सपेरिमेंट पढ़े . पहला है स्वानंद किरकिरे साहब का, उनकी किताब 'आप कमाई' से
ये किस चक्कर में फँस गया जी
कल उड़ा था अब फिर धँस गया जी
वो प्रीत की नागन जहरीली
गुज़री तो जा उसे डँस गया जी
फिरा बेगानों को अपनाता
ख़ुद से मिलने को तरस गया जी
आज़ादी रेशम का शिकंजा
ख़ुद ही ख़ुद पे कस गया जी
पहली बार तो ऐसा हुआ
बेचारा टस से मस गया जी
जो गया तो रुसवा ऐसा हुआ
बर्बाद तहस-ओ-नहस गया जी
नाइंसाफ़ी के इस आलम में
इतना रोया के हँस गया जी...
यहाँ जी का एक मतलब हो सकता है मैं और दूसरा हो सकता है मेरा मन । या यूं कहें कि जब एक इंसान emotionally vulnerable होता है तब उसमें और उसके मन में कोई भेद रह ही नहीं जाता । जी पर दूसरा एक इस्तेमाल मुझे मिला जौन एलिया की शायरी में । इसे सुनिए
मत पूछो कितना ग़मगीं हूँ, गंगा जी और जमना जी
मैं जो था अब मैं वो नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी
मैं जो बगूला बनके बिखरा, वक़्त की पागल आँधी में
क्या मैं तुम्हारी लहर नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी
बान नदी के पास अमरोहे में जो लड़का रहता था
अब वो कहाँ है ? मैं तो वहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी
गंगा जी और जमना जी । जॉन ने ऐसे इस्तेमाल किये हैं जैसे बड़े मन से इन दोनों नदियों को जिनसे उनका बड़ा पुराना, गहरा रूहानी रिश्ता है उन्हें मना रहे हों । अपनी याद दिला रहे हों। यहाँ सम्मान से ज़्यादा जी का प्रयोग एक खास अपनेपन के लिए किया गया लगता है ।
क्या आप के पास भी कोई ऐसी शायरी कोई नज़्म है, जिसमें जी को इस्तेमाल किया गया हो । किसी नए ढंग से?