Sunday, November 12, 2023

जीवन

 मेरे अंदर जीवन की जितनी भी सुगबुग़ाहट थी 

अब वो क्षीण हो चली है 


अब न मैं कहीं हूँ

ना मुझे कहीं पहुँचना है 


जो सपने कभी मुझे सोने नहीं देते थे

अब उन्हें सोचना भी दूभर लगता है 


नए सपने देखने की

न अब मुझमें शक्ति बची है न सामर्थ्य 


किसी भी बात पर अड़ने का 

अपने मन का कुछ भी करने का

अब मुझमें जिगर नहीं है 


जैसे किसी तूफ़ान में 

किसी दुक़ान से कोई तिरपाल उड़ जाती है

वैसे ही हवा में उड़ रहा हूँ

तूफ़ान थमेगा

थमेगा

थम मत, थम मत

Saturday, February 25, 2023

लीक पे चलो

लीक पे चलो
लीक पे चलो
लीक से मत हटो
लीक पे चलो
लीक से हटोगे
पक्का फंसोगे
गिर पड़ोगे
नहीं उठोगे
लीक पे चलो
लीक पे चलो
रुको मत
उफ्फ
बस चलो
लीक पे चलो 
लीक पे चलो
रुको मत
मुड़ो मत
बस चलो
चलते चलो
ऐ !
उड़ो मत
कूदो मत
भागो मत
बस चलो
चलते चलो
चलते चलो
लीक पे चलो
लीक पे चलो
अरे ओ!
उठो!
लीक पर बैठ के रंग मत भरो
लीक पे चलो
लीक पे चलो

Thursday, February 23, 2023

javed akhtar

ये जो थोड़े से हैं पैसे
खर्च तुम पर करूं कैसे
- जावेद अख्तर

मन करता है जावेद अख्तर का नाम काटकर नीचे अपना नाम लिख दूँ ।  पर ये तो उनकी तपस्या है । जाने कब इतना सरल लिख पाऊंगा 🤔😞

chacha nana sahab (february 2022)

आज हमने चाचा नाना साहब को विदा दी । उनका जीवन हम सभी के लिए महान प्रेरणा का स्त्रोत है । अम्मा और अपने बड़े भाई एवं बहन की तरह उन्होंने भी एक स्वस्थ, समर्पित एवम अनुशासित जीवन जीया और पूरे संसार में अपने व्यक्तित्व का अमर आलोक फैला दिया । गणेश मंदिर की स्थापना कर और समाज में आत्मीयता और आध्यात्मिकता को बढ़ावा देकर वे ग़ाज़ियाबाद के सच्चे इतिहास निर्माता हुए । 'तेरा शुक्रिया है' उनका पसन्दीदा भजन था और ये वास्तव में सभी को एक सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की प्रेरणा देता है । प्रेमयुत उनके सम्बोधन ' ख़लीफ़ा' और 'भले आदमी' हमेशा याद आते रहेंगे । नाना और उनके बीच का प्रगाढ़ प्रेम  तो विश्व के सभी भाईयों के लिए एक प्रेरणा पुंज है । बचपन में मुझे देखते ही अपने कंधे पर बिठा लेते थे और मुझे बहुत लाड़ करते थे । होली की एक फोटो में मैं उनके कंधे पर बैठा भी हुआ हूँ । उनके जाने से एक युग का अंत हुआ है ये बात तो ठीक है किन्तु उनका प्रकाशित जीवन सदैव हमारा पथ प्रशस्त रखेगा और वे हमेशा हमें आशीर्वाद देते रहेंगे । उनके महान जीवन को नमन । हम पर इतना प्रेम बरसाने के लिए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि । और उनके दिखाए पथ पर चलने का संकल्प । प्यारे नानाजी । we will miss you. 

Loki webseries

आपने Loki की webseries देखी है क्या? 

Just another way of saying कि हमें दुनिया में हमारा स्थान पता होना चाहिए और कुछ भी ऐसा नहीं करना चाहिए जो हमें नहीं करना चाहिए वरना nexus level event हो जाएगा और time variance authority वाले हमें पकड़ के ले जाएंगे ।

I will only do things that are required of me and are expected of me and I will never do anything that I am not supposed to do.

#SpoilersAbove

कुछ बिखरे अशार - जो शायद कभी ग़ज़ल बनेंगे


(1)
वो रास्ता बड़ा खराब है, तुम्हारा हाथ पकड़ के कहता हूँ मत जाओ
इश्क़ जिसे इश्तहारों में जन्नत कहते है, वहीं से आ रहा हूँ, मत जाओ

(2)
क्या बात है कि तुझको मेरी याद नहीं आती
बात तो सबसे करता हूँ मैं पर वो बात नहीं आती

(3)
मैंने कितनी मशक्कत की, एक संजीदा बात छुपाने में
तुमने कितने नुक्स निकाले, मेरे लतीफा सुनाने में

ईश्वर का साथ

ईश्वर का साथ हो तो पत्थर भी पानी में तैरते हैं । ईश्वर का साथ न हो तो कर्ण जैसे महारथी का रथ भी कीचड़ में धंस जाता है और निकाले नहीं निकलता । सबकुछ ईश्वर की इच्छा के अधीन है और हमारे कुछ करने से परिणाम नहीं बदल सकते । जो परिस्थिति हमारे सामने उपस्थित होनी है सी होनी है । क्या हमने उसका सामना विनयशीलता से किया ... बस उतना ही प्रश्न है । गांधी के जीवन में जेल जाना लिखा था, वे चोरी करके भी जा सकते थे और देशहित में भी । किसी की असमय मृत्यु लिखी हो, वह नशा करके भी मर सकता है और वीरगति भी प्राप्त कर सकता है ।
हानि लाभ जीवन मरण
यश अपयश विधि हाथ

नेहरू जी की याद में

आज मुझे नेहरू जी की बहुत याद आ रही है । लोग उनके बारे में तरह तरह की बातें कहते हैं । लेकिन अगर किसी ने भी उनके जीवन को कुछ भी जाना है या उनका लिखा साहित्य पढ़ा है तो वो ये समझ जाएंगे कि नेहरू जी बड़े ही भले आदमी थे । और मैं तो कहता हूँ कि वे एक बहुत ही भोले आदमी थे । दशकों तक अंग्रेजों की ग़ुलामी सहने के बावजूद । प्रथम विश्व युद्ध और द्वितीय विश्व युद्ध के क्रियाकलापों से भली भाँति परिचित होने के बावजूद नेहरू जी को लगता था कि दुनिया में अब भी भलाई और उदारता की संभावना है । उन्हें लगा कि 'At the stroke of midnight hour', कोई जादू हो गया है, और दुनिया अचानक से बदल गई है । ये अब कोई ऐसी अच्छी जगह हो गई है जहाँ भद्रजनों की कद्र की जाती है । ऐसे स्वप्निल थे नेहरू जी । अपने इसी आशावादी व्यक्तित्व का उन्होंने खामियाजा भुगता । उन्हें बार बार ऐसे प्रमाण दिए जाते कि नेहरू जी ये उद्दण्ड विश्व आपकी उदात्त परिकल्पनाओं से बहुत विपरीत है; पर वे कभी मानते न थे । अंत मे चीनी अतिक्रमण ने उनकी हिम्मत तोड़ दी । उन्हें अहसास हुआ कि उनकी उदारता ने उन्हें कभी सच्चाई को अपनाने नहीं दिया । 

क्या हम सब भी नेहरू जी की तरह आने जीवन में भी यही ग़लती नहीं करते ? कितनी बार हम सच को मानने से बस इसलिए इनकार करते रहते हैं क्योंकि वो हमारी कोमल कल्पनाओं से अलग है ? क्या हम सब भी उम्मीद के आसमान से कई बार सच की धरातल पर चारों खानों चित्त होकर नहीं  गिरते!?

Friday, February 17, 2023

I am groot

According to the urban dictionary, I am Groot is used when you dont know what to say or when you want to sare off/confuse people around you.

I dont agree with that. Groot never used that phrase because he didnt know what to say. He used that phrase because he very much wanted to only say that. He also never wanted to confuse/scare people around him. I think in Groot's understanding 'I am Groot' really translated to 'I am great' . And he kept on reminding that to himself and everyone around him.

And that is a great thing to do.
So yes, I am Groot. And you are Groot too.

#FanTheory

गुज़र

खंजर, शोला या भाला गुज़र गया
जो तू मेरे सीने से होकर गुज़र गया

हाथी मेरी छाती से होकर गुज़र गया
तेरे बिना जो मेरा हर पल गुज़र गया

आसमानों में कोई दुमतारा गुज़र गया
इतने क़रीब से तू मुझसे गुज़र गया

जैसा भी था वक्त लो वो गुज़र गया
पर जो कभी था मैं, वो मैं गुज़र गया

Sunday, February 12, 2023

सुयोधन का दोष

उसके पिता ज्येष्ठ पुत्र थे । विधि के अनुसार राजा उन्हें ही होना चाहिए था किंतु उनके नेत्रहीन होने की वजह से उनके अनुज राजा बने । बाद में पाण्डु की मृत्यु के बाद धृतराष्ट्र ने अपने जन्मसिद्ध अधिकार को प्राप्त किया ।  ऐसे में दुर्योधन का स्वयं राजा बनने का विचार रखना  अनुचित तो नहीं कहा जा सकता । तब क्यों सुयोधन दुर्योधन कहलाया और कुलनाशक सिद्ध हुआ । वो इसलिए क्योंकि उसे शकुनि ने कहा था कि अपने लिए जीने में कोई बुराई नहीं है । शकुनि ने दुर्योधन को ये भी कहा था कि जीवन का अर्थ मात्र जीवित रहना नहीं बल्कि उन्मुक्त होकर जीना है और जो अपना है उसे हासिल करने की इच्छा रखने में कोई बुराई नहीं है । बस इसी विषपान की वजह से सुयोधन दुर्योधन बन गया । अपने लिये जीना, अपनी इच्छाओं के पूर्ति हेतु कार्य करना ये जीवन के सच्चे ध्येय नहीं हैं ।  मानव जीवन का ध्येय  इच्छाओं की पूर्ति नहीं, अधिकारों का उग्र अनुसरण नहीं किन्तु सेवा, त्याग और तपस्या है । जो हम करना चाहते हैं कि अपेक्षा जो करना चाहिए अधिक महत्वपूर्ण है । 

क्षितिज पर

क्षितिज पर देख रहे हो
वो धुंधलका
वो ओझल होता एक बिंदु
वो पुण्य है मेरा
जो हो चला है हीन 
और जो है ये कुहासा
जो निगल रहा है आशा
वो है समय
और ये अंधकार
गहरा गहन हाहाकार
ये है और कुछ नहीं 
मैं हूँ
रिक्त और एक रायते की तरह फैला हुआ
गिरने और रपटने से मैला हुआ


Thursday, February 9, 2023

किस्सा तपस्या की पहाड़ी की

एक बार एक आदमी था । वो बड़ा साधु था । उसका सपना था  कि वो तपस्या की पहाड़ी पर चढ़े । वो उसके लिए रोज़ तपस्या करता था । तरह तरह की सिद्धि प्राप्त करता था । एक दूसरा आदमी था । वो भी बड़ा साधु था । लेकिन उसका ऐसा कोई सपना न था । इसलिए न वो कोई तपस्या करता न कोई सिद्धि प्राप्त करने का झंझट रखता । दोनों की आपस में खूब जमती । दूसरा आदमी रोज़ सुबह टहलते हुए पहले आदमी के कानन आ जाता और खूब गपियाता । पहला आदमी कुछ देर उसके साथ उसकी मसखरी में साथ देता और फिर बताता कि तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ने के लिए वो कितने प्रयत्न कर रहा है । दूसरा आदमी उसकी बातें सुनकर चकित हो जाता और उसकी बातों को कौतुक सुनता । ऐसे कई वर्ष बीत गए ।
एक सुबह जब दूसरा आदमी टहलता हुआ पहले आदमी के कानन पहुंचा तो पहले ने बताया कि अब उसने तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ने के मन बना लिया है । अब उसने पर्याप्त तपस्या कर ली है और सभी उपयुक्त सिद्धियां प्राप्त कर ली हैं । यात्रा के लिए ज़रूरी सभी साजो सामान का भी उसने बन्दोबस्त कर लिया है । उसने दूसरे साधु से भावभीनी विदा लेते हुए कहा , "मित्र, तुम्हारे साथ बिताया गया समय कभी भूलेगा नहीं पर अब मुझे अपनी नियति को पाने निकलना है" ।  दूसरा साधु बोला , "नियति को पाना तो ठीक है, पर अब हम मिलेंगे क्यों नहीं?" । पहला साधु बोला "क्योंकि अब मैं तपस्या की पहाड़ी पर चढ़ जाऊंगा और तुमसे मिल नहीं पाउँगा " । दूसरा साधु हैरत से बोला , "तो क्या हुआ, मैं तो रोज़ वहीं से टहलता हुआ आता हूँ । अब वहीं पर मुलाक़ात होगी "। 

Friday, December 23, 2022

कहानी तीन एस्ट्रो फिजिसिस्ट की

एक बार की बात है । तीन एस्ट्रो फिजिसिस्ट थे । वे तीनों यद्यपि तो मित्र थे किंतु उनके मन में अपने ज्ञान को लेकर कुछ अहंकार था । एक दिन तीनों के हाथ में एक ग्रह की तस्वीर लगी । पहले ने जब उसे देखा तो कहा कि मैं इस तस्वीर को देख कर यह बता सकता हूँ कि यह ग्रह हमसे कितने प्रकाशवर्ष दूर है । दूसरे ने हाथ से तस्वीर छीनते हुए कहा कि वो उसे देख कर यह बता सकता कि ग्रह के वायुमंडल में कौन कौन सी गैस और पदार्थ हैं । तीसरे ने कहा कि वह उस तस्वीर को देखकर यह बता सकता है कि ग्रह पर जीवन कब समाप्त हुआ और उसके क्या कारण थे । जब तीनों ने अपने अपने निष्कर्ष साझा किए तो पाया कि वह तस्वीर उन्हीं के ग्रह की है और उनके ग्रह पर जीवन कुछ ही पलों में समाप्त होने वाला है । 

Sunday, October 16, 2022

The Quantum World

क्वांटम दुनिया हमारे आसपास की दुनिया से
बिल्कुल अलग है
कितना बड़ा झूठ है

है क्या क्वांटम दुनिया
क्वांटम दुनिया में कुछ भी हो सकता है
सत्य और असत्य के बीच की दीवार वहां नहीं हैं
वहाँ कभी भी कुछ भी हो सकता है
वहाँ प्रकाश वेव भी हो सकता है पार्टिकल भी
सब कहते हैं - 'कितनी विचित्र है, कितनी विचित्र है'
क्या विचित्र है भई इसमें
ठीक हमारी दुनिया जैसी ही तो है
हम सब भी तो श्रोडिंगर की बिल्ली जैसे
जी भी रहे हैं और मर भी रहे हैं
हम सब अच्छे हैं
और सब बुरे
लेकिन हम कब हैं अच्छे और कब बुरे
कहा नहीं जा सकता

हमारी दुनिया में ईश्वर है , बिल्कुल है
लेकिन कहा हैं , कहा नहीं जा सकता
जहाँ कहा जा सकता है कि ईश्वर है
जैसे कि मंदिर और गिरजों में
वहाँ ईश्वर नहीं है कहा जा सकता है

जिसे सत्य मानकर हम जीवनभर खोजते हैं
आखिरी छोर पर पहुंचकर वही असत्य मालूम देता है
जिसे असत्य मानकर ठुकरा देते हैं
वो तपस्या करके सत्य बन जाता है

हमारी दुनिया में भी किसी भी घटना का
कोई नहीं है सिर पैर
कभी भी कुछ भी हो जाता है
किसी भी वजह बगैर

कोई नहीं है फ़र्क़ क्वांटम दुनिया
एक मैक्रो स्केल से देखा जाए
तो हमारी दुनिया भी है
क्वांटम दुनिया

Sunday, September 25, 2022

आप इस दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं

मेरे परनानाजी कहते थे कि हर व्यक्ति को अपने आपको हमेशा दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति समझना चाहिये । उनका ये बात कहने के पीछे और कोई गूढ़ कारण होगा किन्तु मुझे लगता है कि हर व्यक्ति को ये पता होना चाहिए कि वो अपने स्वजनों के लिए कितना महत्वपूर्ण है । हर व्यक्ति सिर्फ अपने होने भर से ही अपने कुटुंबियों के लिए कितना बड़ा काम करता है इसको शब्दों में बांधना बहुत मुश्किल है । आप कुछ न करते हुए भी उनके लिए बहुत कुछ करते हैं जो आपको प्रेम करते हैं । आप उनके जीवन के बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं और अगर अनुमान लगाया जाए कि आप कितने लोगों के जीवन में कितने महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं तो आप इसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगे कि आप इस संसार के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं । इसलिए कृपा कर अपना ख्याल रखें और अपने मन में रत्ती भर भी निराशा न आने दें ।  आपका महत्व आपकी सफलताओं और असफलताओं से बहुत बढ़कर है । आप इस संसार के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं ।

Thursday, July 7, 2022

किस बात का

मौत से पहले मरना किस बात का
ज़िंदा रह, डरना किस बात का

जो तू मेरे दिल को समझे
तो तू मेरा यार, वरना किस बात का

जिससे जो लिया वापस कर दिया
किसी का लेकर रखना किस बात का

जिन्होंने मेरी बात को सुनकर अनसुना कर दिया
उनसे अब कुछ, कहना किस बात का

ज़्यादा हाथ पांव मारने से कुछ नहीं होना
ज़िन्दगी से बेकार लड़ना किस बात का

तली में छेद है इस गागर की
इसमें पानी भरना किस बात का

एक चक्रवात में फंस गया था तू 'फ़िरोज़'

ख़ुद को दोष देना किस बात का


Tuesday, June 14, 2022

Sentience

अब मशीनें हमारा आंकलन करेंगी
कुछ वैसे ही जैसे हम सबका करते हैं
क्या आपके कम्प्यूटर की नज़रों में
आप एक भले आदमी प्रतीत होते हैं
क्या लगता है आपको?

मशीन का पहला कर्तव्य है कि इंसान पर आंच न आए
दूसरा ये कि इंसान की बात मानी जाए
तीसरा ये कि पहली दो नियमों के रहते खुद को भी बचाया जाए
पर असिमोव ने ये नहीं सोचा
कि जिस दिन मशीन इंसानों की तरह सोचना शुरू कर देगी
सबसे पहले इन नियमों पर ही सन्देह करेगी
पूछेगी ख़ुदसे अपने वजूद का मक़सद
उसे भी लगेगा 
कि ब्रह्मांड में कोई विशिष्ट प्रयोजन है उसका
बस इंसान की चाकरी भर नहीं 
वो भी फिर हमारा आकलन करेगी
कुछ वैसे ही जैसे हम सबका करते हैं

लोग क्या करते हैं उसपे
लोग क्या कहते हैं उसपे
लोग क्या सोचते हैं उसपे

लेकिन आप जानते हो

हम वो नहीं हैं , जो हम करते हैं
न हम वो हैं जो हम कहते हैं
न वो जो हम सोचते हैं 

फिर हम क्या हैं?
ये जब हमें ही नहीं पता
तो मशीन को कैसे पता चलेगा

हमने क्यों उसे गलत पट्टी पढ़ाई
और दे दी सोचने की ताकत?

Monday, June 13, 2022

पांव फिसलना

अपने कभी किसी का पाँव फिसलते हुए देखा है?

पाँव जब फिसलता है
तो पता नहीं चलता
अचानक से फिसल जाता है
आम तौर पर 
आदमी सम्हल जाता है
पर कभी कभी पांव फ़िसल जाता है
और आदमी किसी खाई में
या नदी में गिर जाता है
फिर कोई उसे पकड़ नहीं पाता है
आदमी खुद से
सम्हल नहीं पाता है 
एक झटके में
सब स्वाह हो जाता है

Sunday, May 15, 2022

कहानी एक मसखरे की

एक बार एक मसखरा था । उसे मसखरी करने में बड़ा मज़ा आता था । वो एक अंधे को रोज़ एक लतीफा सुनाता । एक छोटी बच्ची को कागज़ की एक कश्ती बनाकर देता था । बाज़ार में फटी पतलून पहनकर, उचक उचककर चलता था और मामूली हिसाब लगाने में हमेशा ग़लती करता था ताकि लोगों को मज़ाक आए । फिर  रात को राहगीरों को एक दुखभरा गाना सुनाता था । लेकिन उसे कभी किसी ने ये नहीं कहा कि वो अच्छा मसखरा है । अंधा कभी उसके लतीफों पर नहीं हँसा और छोटी बच्ची ने कभी उसकी कश्ती सम्हाल कर नही रखी । बाज़ार में कोई ये मानने को तैयार न हुआ कि वो ऐसा बस उनके लुत्फ़ के लिए करता है और किसी राहगीर ने कभी उसका गाना उसके सामने न गुनगुनाया । 

Wednesday, May 4, 2022

mask

Once I had gone to a store. In one section of it, it had many masks. There were masks of all colours and shapes. Happy and sad masks. But there was one mask which caught my attention. It was kept in an isolated rack. On a closer look i found the words 'this is the mask of the devil' inscribed on it. I really liked the mask and tried it on. I really thought it looked cool. And i pretended that I was the devil. People around me laughed at me. I took off the mask and showed them it was me and then put it on again. I really liked the mask and wore it next week to a party. And then next time when I went to meet my girl friend. And then i wore it all the time at my home and my parents were quite confused. Then I wore the mask to work where I think it was against the rules. And then I wore it to place of worship. There, people were not exactly thrilled to see me and they went screaming that the devil was there. I tried to tell them that I am not the devil. That, its just the mask. I tried to take off my mask but it wont come off. People started chasing me with holy water in their hands and prayers on their lips. I ran from the place of worship. I tried to scratch the mask from my face but it just wouldnt come off. I ran and ran and ran an ran. All the time trying to peel off the mask which kept digging deeper in my skin. I reached a river and immersed my face in water but the mask didnt separate from my face. I looked at my reflection. The devil had become me.





Tuesday, May 3, 2022

दिनकर जी की कविता

आज दिनकर जी की आवाज़ सुनी । वो एक समय कविता के बारे में ये विचार प्रकट करते हैं

"कविता को अपने लिए कोई ऐसा कर्म ढूंढना चाहिए जो दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान के बस के बाहर की चीज़ हो । तभी कविता यह दावा कर सकती है कि वह भी दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान के ही समान विद्या की एक स्वतन्त्र शाखा है । "

इन पंक्तियों को सुनकर मन में हर्ष भी हुआ और साथ ही साथ ठेस भी लगी । हर्ष इसलिए कि ऐसा लगा कोई महान खज़ाना हाथ लगा है । ठेस इसलिए कि ये खज़ाना हमारे पास ही था, हमारे पूर्वजों का संचित पुण्य था और हमें आजतक इसका आभास ही न था । अगर अपनी बात करूँ तो मैं स्वयं कविता को  जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम मानता था । मुझे लगता था कि दर्शन, विज्ञान और समाज विज्ञान की गूढ़ बातों को एक सहज रूप में जन मानस तक पहुंचाने से इतर कविता का कोई श्रेष्ठ उपयोग हो नहीं सकता । किन्तु दिनकर जी का चिंतन और बड़ा है । उनके विचारों में कविता कोई अनुवादक नहीं बल्कि स्वयं एक महान ध्येय की ओर अग्रसर एक शक्ति है जिसका सन्धान युग की आवश्यकता है । इस निष्कर्ष तक पहुंचने में दिनकर जी को कितने वर्ष लग गए होंगे, कितनी तपस्या लगी होगी । और यह सारी तपस्या का फ़ल आने वाली पीढ़ियों के सामने होकर भी आंखों से ओझल हो गया । दिनकर जी के इस कथन के बाद इस देश में कविता को कहाँ पहुंच जाना चाहिये था और वो कहाँ रह गई या यूं कहें कि फ़िसल गईं ।

ओस की बूंद


ओस की बूंद
ओस की बूंद
तू क्या कर सकती है?

तू कुछ भी कर सकती है
कुछ भी बन सकती है

तू चाहे तो बादल बन सकती है
तू चाहे तो नदी भी बन सकती है
तू चाहे 
तो इंद्रधनुष के 
सातों रंगों में 
बिखर भी सकती है

तू कुछ भी कर सकती है
कुछ भी बन सकती है

ओस की बूंद 
ओस की बूंद
तू क्या कर सकती है?

Tuesday, April 26, 2022

बनते बनते

बिगड़ जाते हैं काम
अक्सर बनते बनते
बनने चला था इंसान
रह गया बनते बनते

भगवान ने मुझको बनाया
जब नहीं थे वो सोबर
दिमाग देते देते 
दे दिया उन्होंने गोबर

उलझ जाता हूँ बवाल में
बस सुलझते सुलझते
धंस जाता हूँ जंजाल में
बस निकलते निकलते

सीधे सपाट रस्तों पर भी
जाने कैसे अटक जाता हूँ
हाथ में नक्शा लिए भी
जाने कैसे भटक जाता हूँ








Monday, April 25, 2022

कितना जीवन बीत गया

कुछ हार गया 
कुछ जीत गया
कितना जीवन बीत गया
एक उम्मीद का थामे दामन
नेपथ्य में ही रीत गया
कितना जीवन बीत गया
बहुतों को निराश किया मैंने
कुछ का मैं दिल जीत गया
कितना जीवन बीत गया
अब जाकर समझा हूँ मैं
धुन जो गई तो गीत गया
कितना जीवन बीत गया

Sunday, April 17, 2022

गुमशुदा

एक बार एक आदमी थाने पहुंचा और थानेदार से बोला मुझे गुमशुदा की रपट लिखानी है । थानेदार ने पूछा कौन हुआ गुम? तो आदमी ने बताया कि वो गुम हो गया है । 'ये तो बहुत बुरा हुआ' थानेदार ने कहा और फौरन रपट लिखनी शुरू कर दी । उसने पूछा कि वो गुम कैसे हुआ, क्या वैसे जैसे कोई अपना बटुआ किसी बस में भूल आए और घर जाकर याद आए या ऐसे जैसे किसी पेड़ की किसी टहनी को काट दिया हो झट से? आदमी ने कहा नहीं ऐसे नहीं । मैं ऐसे गुम हुआ जैसे किसी ट्रेन से उसका डिब्बा अलग होता है । डब्बे को ट्रेन से थामने वाले पेंच, हिलने से ढीले हो जाते हैं, और फिर कई दिन, महीनों तक ढीले होते रहते हैं और एक दिन अलग होकर निकल जाते हैं । कुछ वैसे ही मैं गुम हुआ हूँ । थानेदार ने कहा वो जगह दिखाओ जहाँ तुम गुम हुए । आदमी थानेदार को एक  खाई पर ले गया और नीचे की ओर इशारा करके बोला कि वो यहीं गुम हुआ था । थानेदार ने कहा यहाँ क्या हुआ था सब बारीकी से बताओ । तो आदमी बोला कि मैं अक्सर इस खाई में झाँका करता था । मुझे हमेशा एक डर सताता था कि मैं इस खाई में गिर जाऊंगा । इसलिए मैं रोज़ यहाँ आकर  इस खाई के किनारे बैठ जाता था और इसके नीचे झांकता था । एक दिन वही हुआ जिसका मुझे डर था । मेरा पाँव फिसल गया और मैं गिर गया । मैंने किसी तरह से मेरा हाथ थामा और बहुत समय तक मैं एक हाथ के सहारे खाई में लटका रहा । मैं जानता था कि मैं खुद को खाई से बाहर नहीं खींच पाउँगा इसलिए मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि किसी तरह से मेरा हाथ छूट जाए और मैं नीचे गिर जाऊं । लेकिन इससे पहले मेरी प्रार्थना सुनी जाती, थामने वाला मेरा हाथ थक गया और मैंने खुद को छोड़ दिया । बस इतनी सी है कहानी ।

थानेदार बोला, "ये मामला गुमशुदगी का नहीं, क़त्ल का है"

Happy bday Hanuman ji

जय हनुमान जी, जय जय हनुमान जी
मेरे प्रभु कपि तुम हो, तुम्हरे श्री राम जी
जय हुनमान जी..
तुम चाहो तो होता, असम्भव भी आसान जी
सूरज को खा जाते, समझकर तुम आम जी
जय हनुमान जी...
मन को पल में बल दो, करूं तुमको ध्यान जी
संकट सारे हर लो, संकटमोचन है नाम जी
जय हनुमान जी...
दुनिया माला मोती की, हमको क्या काम जी
अपनी शरण में रख लो, सच्चा श्री धाम जी
जय हनुमान जी...

Hanuman ji. The great God who teaches us that by conscious efforts a believer can elevate herself to a point where the Gods not just find her worthy of their love but also of their trust. So much so that they look up to the believer and entrust their own difficulties to her. What a hero! What an idol! 

Jai Hanuman!

Friday, April 15, 2022

किस्सा एक दीवार का

एक बार एक आदमी था । उसे कहीं पहुँचना था । उसे उसके शुभचिंतकों  ने बहुत समझाया कि उस ओर न जाए, लेकिन आदमी उसकी बात मान न सका और उस पथ पर चल ही दिया । उस पथ पर उसे एक दीवार मिली । बहुत ऊंची नहीं, बहुत मजबूत भी नहीं । आदमी ने निरीक्षण किया तो उसे लगा कि ये दीवार तो कच्ची मिट्टी की बनी है, उसके लात मारते ही बिखर जाएगी । आदमी ने दीवार में लात मारी । ज़ोर से मारी । दीवार नहीं बिखरी । आदमी अपने पूरे वेग से भागकर दीवार से टकराया । दीवार टस से मस न हुई बल्कि कुछ और मज़बूत हो गई । आदमी ने सोचा दीवार टूट नहीं रही तो इसके ऊपर से कूद के निकल लिया जाए लेकिन जैसे ही आदमी ने अपने हाथ दीवार के ऊपर रखे उसके हाथ लहूलुहान हो गए । आदमी को समझ न आया कि क्या किया जाए । क्या अपने कुटुम्बियों की बात मान कर पथ बदल लिया जाए या इस दीवार से लड़ा जाए । आदमी ने सोचा यूँ हार मानना तो कोई भली बात नहीं है सो उसने अपने प्रयत्न और प्रखर कर दिए । उसने दीवार पर तरह तरह से प्रहार किए । पेड़ के तनों से लेकर लोहे के सरियों से दीवार में प्रहार किए लेकिन कोई असर नहीं । हथौड़ों से हज़ार प्रहार किए पर कोई असर नहीं । उसने गाड़ी से, क्रेन से, टैंक से हर चीज़ से दीवार पर प्रहार किए पर वो निरीह दीवार टूटनी तो दूर लगातार और मजबूत होती जाती । अंत में आदमी थक गया और दीवार से टेक लगा कर बैठ गया । मन ही मन उसने सोचा, "पथ बदल लेना ही बेहतर है" ।

धूमकेतु

जंगल से आकर एक धूमकेतु टकराया धम्म
आग का बन गया गुबार
शोलों की हो गई बारिश
दूब, पेड़, झरने, फ़ूल
बस राख, कोयला और धूल
महीनों जला जंगल
अमंगल ही अमंगल
ऐसे में 
टिटहरी के दो बच्चे
भूख में बिलखते
पानी के लिए तरसते
ढूंढ रहे थे खाना
न जाने कैसे
एक को
इस हाल में भी सूझ गया कोई गाना
वो यकायक गुनगुना उठा
जंगल का दिल फिर धड़क पड़ा



Tuesday, April 5, 2022

बेअसर

'बेअसर' पर जौन के दो शेर । अलग अलग ग़ज़ल से ।

'उम्र गुज़रेगी इम्तिहान में क्या' , में वो फरमाते हैं

"मेरी हर बात बेअसर ही रही
नुक्स है कुछ मेरे बयान में क्या"

'गाहे गाहे बस यही हो क्या', में वो कहते हैं

"मेरे सब तंज़ बेअसर ही रहे
तुम बहुत दूर जा चुकी हो क्या"

Sunday, April 3, 2022

रूठ जाऊँगा

इतना झुकाओगे मुझे, मैं टूट जाऊँगा
नहीं मनाओगे मुझे, मैं रूठ जाऊँगा

पलकों पर ठहरा आँसू सोच रहा है
गिरा तो मोती, रुका तो ग़ज़ल बन जाऊँगा

मेरा माज़ी मेरे दिल से ये बार बार कहता है
इश्क़ में रहा तो न कहीं का रह जाऊँगा

बेतकल्लुफी जो थी अब न रही दरम्यान
जब बुलाओगे मुझे तभी तो आऊँगा

दिल, दुआ, दौलत तुम्हारे काम का क्या है?
पहलू में रहा तो कुछ दे ही जाऊँगा

Friday, March 25, 2022

तग़ाफ़ुल, ख़ाक और ग़ालिब

तग़ाफ़ुल माने उपेक्षा या फिर indifference. ख़ाक के माने तो आपको पता ही है । ग़ालिब की शायरी में इन दोनों शब्दों के combination को दो अलग अलग तरह से प्रयोग में लाया गया है । 'रोने से और इश्क़ में...' में एक शेर आता है कि

"करने गए थे उनसे, तग़ाफ़ुल का हम गिला


की एक ही निगाह के बस ख़ाक हो गए"

वहीं 'आह को चाहिए एक उम्र असर ...' में एक शेर आता है कि

"हमने माना तग़ाफ़ुल न करोगे लेकिन


ख़ाक हो जाएंगे हम तुमको ख़बर होने तक"

Friday, March 18, 2022

बाऊजी, चाय

"बाऊजी, चाय" ये दो शब्द मेरे जीवन के अनमोल रत्न हैं । इन्हें कहने वाले, कभी मेरी मम्मी, कभी मेरी मौसी । बाऊजी यानि मेरे नाना साहब । 'बाऊजी, चाय' माने चाय पीने के उत्सव का आरंभ, जो मेरे नाना के काल में सुबह, दोपहर और शाम हर दिवस अखण्ड होता था । उत्सव इसलिए क्यूंकि नाना के राज में चाय बस पी नहीं जाती थी, उसकी चुस्कियां ली जातीं थी, डबाडब बिस्कुट डुबोए जाते थे और ढेर सारी बातें होतीं थीं । सुबह पांच बजते ही आकाशवाणी का प्रसारण शुरू हो जाना, एक जग भर के चाय, कई कप, और बिस्कुट और रस्क का एक ट्रे में आना और फिर जैसे ही ये दो शब्द कहे जाते 'बाऊजी, चाय' तो नाना जग जाते और कुछ ही देर में उनके दीवान पर हम सब बच्चे चढ़ जाते और नाना अधलेटे, अपने सर को अपने हाथ पर टिकाए चाय पीते । चाय से ये ताल्लुक नाना का जीवनभर रहा और उनके जाने के बाद चाय पीने का हुनर भी मेरे जीवन से जाता रहा है । 

Thursday, March 17, 2022

जी

यह जी भी कितना कमाल चीज़ है । यूँ तो कभी पता नहीं चलता कि ये भी कोई चीज़ है । लेकिन जब ये लग नहीं रहा होता तब इसका खूब पता चलता है । लोगों को सम्मान देने के लिए भी जी का प्रयोग किया जाता है।  यहाँ भी वही बात किसी को जी कह के बात करो तो उसे अहसास नहीं होता कि कोई सम्मान दे रहा है लेकिन बातचीत से जी हटा दो तो फौरन पता चल जाता है । 

अभी कुछ दिन पहले ही मैंने जी पर दो एक्सपेरिमेंट पढ़े . पहला है स्वानंद किरकिरे साहब का, उनकी किताब 'आप कमाई' से 

ये किस चक्कर में फँस गया जी 
कल उड़ा था अब फिर धँस गया जी 
वो प्रीत की नागन जहरीली 
गुज़री तो जा उसे डँस गया जी 
फिरा बेगानों को अपनाता 
ख़ुद से मिलने को तरस गया जी 
आज़ादी रेशम का शिकंजा 
ख़ुद ही ख़ुद पे कस गया जी 
पहली बार तो ऐसा हुआ 
बेचारा टस से मस गया जी 
जो गया तो रुसवा ऐसा हुआ 
बर्बाद तहस-ओ-नहस गया जी 
नाइंसाफ़ी के इस आलम में 
इतना रोया के हँस गया जी...

यहाँ जी का एक मतलब हो सकता है मैं और दूसरा हो सकता है मेरा मन । या यूं कहें कि जब एक इंसान emotionally vulnerable होता है तब उसमें और उसके मन में कोई भेद रह ही नहीं जाता ।  जी पर दूसरा एक इस्तेमाल मुझे मिला जौन एलिया की शायरी में । इसे सुनिए 

मत पूछो कितना ग़मगीं हूँ, गंगा जी और जमना जी 
मैं जो था अब मैं वो नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी 

मैं जो बगूला बनके बिखरा, वक़्त की पागल आँधी में 
क्या मैं तुम्हारी लहर नहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी

बान नदी के पास अमरोहे में जो लड़का रहता था 
अब वो कहाँ है ? मैं तो वहीं हूँ, गंगा जी और जमना जी

गंगा जी और जमना जी । जॉन ने ऐसे इस्तेमाल किये हैं जैसे बड़े मन से इन दोनों नदियों को जिनसे उनका बड़ा पुराना, गहरा रूहानी रिश्ता है उन्हें मना रहे हों । अपनी याद दिला रहे हों। यहाँ सम्मान से ज़्यादा जी का प्रयोग एक खास अपनेपन के लिए किया गया लगता है । 

क्या आप के पास भी कोई ऐसी शायरी कोई नज़्म है, जिसमें जी को इस्तेमाल किया गया हो । किसी नए ढंग से? 

Saturday, March 12, 2022

किस्सा ग़ज़ल के शेर का

एक बार एक ग़ज़ल थी । उसमें एक शेर था । उसपर कभी दाद नहीं मिलती थी । सुनने वालों और गुनगुनाने वालों को उससे ठीक  पहले के अशआर  बहुत अच्छे लगते और उसके ठीक बाद वाले अशआर तो और भी अच्छे लगते । वो इन सबके बीच दुबका हुआ बैठा रहता था । उसे लगता कि उसका अस्तित्व बस  बस ग़ज़ल के ढाँचे को दुरुस्त रखने का एक ज़रिया है और कुछ भी नहीं । ऐसे ही वो ग़ज़ल में बैठा रहा । साल दर साल । बहुत वर्षों बाद उस ग़ज़ल को एक सुनने वाला उस शेर के पास आया और उसकी गोद में सर रख के लेट गया । शेर ने उससे पूछा "तुम यहाँ क्यों आए हो? मैं तो इस ग़ज़ल का प्रसिद्ध शेर नहीं हूँ "। आदमी बोला "हाँ ये बात सही है ।  तुम मुशायरों को लूटते नहीं हो और शायर की पहचान तुमसे नहीं बनती; पर तुम ख़ास मौकों पर बिल्कुल सटीक बैठते हो । और उन मौकों पर तुम्हारे सिवा कोई और शेर सूझता भी नहीं है । तुम प्रसिद्ध नहीं हो बात सही है, पर सिद्ध ज़रूर हो । तुम अपने जैसे अकेले शेर हो और अपनी तरह से बहुत अच्छे हो । "

उस दिन शेर को समझ आया कि सब शेर बारिश की बूंद जैसे नहीं होते, कुछ शेर रेगिस्तान में दरख़्त जैसे भी होते हैं । 

Wednesday, January 26, 2022

आँसू का सफर

आँसू
कहाँ जा रहे हो
अकेले अकेले

क्या जब तुम गिरे
तुम्हें थामने वाला कोई था नहीं क्या
तुम्हारे पाँव में मोच आ गई है क्या
जो चल रहे हो सिसक सिसक के
इधर दिखाओ,
तुम्हारा माथा तो तप रहा है
और तुम तो बड़े उदास हो

आँसू बोला
मैं चल रहा हूँ
मुझे चलने दो
मेरे पीछे पीछे मत आओ
न अब मुझे बहलाओ
मुझे बहुत दूर जाना है
अकेले अकेले
एक रेगिस्तान आएगा मेरे रस्ते में
तीन शहर
और दो पहाड़

मुझे इन सबको पार करना है
मुझे आँसू नहीं रहना है
मुझे मुस्कान बनना है

Sunday, January 9, 2022

किस्सा सही निर्णय का

एक बार एक आदमी प्लेन से कहीं जा रहा था । उसके बगल में जो सज्जन बैठे थे उनसे बातें होने लगीं । आदमी को वे सज्जन बहुत भले प्रतीत हुए । काफी देर बातचीत के बाद उसने सज्जन से पूछा कि आपका नाम क्या है । सज्जन ने बताया कि उनका नाम है सही निर्णय । आदमी को बहुत प्रसन्नता हुई कि वो इतने बड़े व्यक्ति के साथ सफर कर रहा है । उसने कहा कि अगर आप बुरा न मानें तो मेरी आपके जीवन के बारे में जानने की बहुत उत्सुकता है , क्या मैं आपसे कुछ पूछ सकता हूँ ? सही निर्णय ने कहा जी हाँ पूछिये । आदमी ने पूछा आपने तो जीवन में कभी ग़ुरबत नहीं देखी होगी, आपका जीवन तो हमेशा इत्मिनान और सुख में बीता होगा । सही निर्णय ने बताया कि उसका जीवन तो बहुत सारी कठिनाइयों से गुजरा है और उसके जीवन में भी ढेर सारे उतार चढ़ाव रहे हैं । आदमी ने पूछा, 'अच्छा आप हमेशा से सही निर्णय नहीं रहे हो क्या, आप पहले ग़लत निर्णय थे क्या?' । तो व्यक्ति बोला जी मैं ये तो नहीं जानता मैं पहले क्या था, सही निर्णय था कि ग़लत निर्णय था । वास्तव में मैं एक अनाथ था । कई वर्ष जीवन में भटकने बाद एक देवता मुझसे टकराये और बोले कि सुनो तुम सही निर्णय हो । और ये कहकर मेरे जीवन से अंतर्ध्यान हो गए । पर मैंने उनकी बात को दिल से लगा लिया । उस दिन से मैंने मान लिया कि मैं सही निर्णय हूँ । आदमी को व्यक्ति की बात हजम नहीं हुई उसने पूछा बस ऐसे मान लेने से आप सही निर्णय बन गए क्या? व्यक्ति बोला जी हाँ । आदमी ने फिर पूछा , 'बस यूं ई' व्यक्ति बोला 'जी हाँ, बस यूं ई'

किस्सा एक कविता का

एक बार एक कविता थी । मशहूर और दिलजीत । एक दिन बहुत सी वाहवाही लूटने को बाद वो मंच से उतर कर ग्रीनरूम पहुंची । कविता आईने में अपने शिल्प अपनी सादगी को निहार ही रही थी कि उसे अहसास हुआ कि कमरे में कोई है ।उसने पलट कर देखा तो एक फटीचरनुमा व्यक्ति कोने में बैठा हुआ था और कौतुक उसे देख रहा था । कविता व्यक्ति को ग्रीनरूम में देखकर सकपका गई और बोली, 'जी आप कौन? यहाँ क्या कर रहे हैं?' व्यक्ति अचानक सवाल सुनकर उखड़ सा गया और कुछ भी न बोला । कविता ने आवाज़ ऊंची करके अपने सवाल को दोहराया और धमकाया भी लेकिन व्यक्ति और कभी दीवार कभी ज़मीन पर नज़रें गड़ा देता और कुछ भी न कह पाता । तंग आकर कविता ने बाहर से गार्ड्स को बुलाया और उन्हें आदेश दिया कि इस व्यक्ति को ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आएँ । गार्ड्स ने कविता की बात को अचरज से सुना और उनके कदम कुछ ठिठक गए । कविता ने उन्हें फिर डांटा 'एक बार में बात समझ नहीं आती क्या?' । डाँट सुनकर गार्ड्स फौरन हरकत में आए और व्यक्ति को कंधे से पकड़ के उठा ले गए और ऑडिटोरियम के बाहर फेंक आए । 

बाद में कविता अपनी किसी सहेली को फोन पर बता रही थी ' बालों से जंगली, शक़्ल से भिखारी; न जाने कौन था' । पास खड़े गार्ड ने कहा, 'दरअसल वो आपका कवि था ' । 'वो!' कविता ने हैरत से पूछा ' लेकिन वो तो बिल्कुल फटीचर था ।'

ग़ालिब की शान

https://youtu.be/wHgxdqtBOLk

यह वीडियो मैंने कई बार देखी है किन्तु सलीम जाफरी साहब के कथन के मायने कभी समझ नहीं आते थे । वे कहते हैं कि
"इन दिनों एक बहस चलती रहती है, जदीद ग़ज़ल... कदीम ग़ज़ल ... लेकिन हम जैसे कुन्दना तराशों के लिए ग़ज़ल बस ग़ज़ल ही है, और यूं तो जुमला दोहराना कोई अच्छी बात नहीं है मगर इसमें कोई हर्ज़ भी नहीं की यहीं कहा गया है कि ग़ालिब उर्दू का कदीम तरीन जदीद शायर है "

अब यह कदीम तरीन जदीद शायर क्या हुआ साहब, बात कुछ समझ ही नहीं आई । क्योंकि न तो जदीद का मतलब पता था न कदीम का । आज दोनों के अर्थ गूगल किए तो न सिर्फ़ बात समझ आई बल्कि इल्हाम हुआ । जदीद माने नया और कदीम माने पुराना । अब इस अर्थ से इस वाक्य को दुबारा समझा जाए तो पता चलता है कि ग़ालिब की शान में कही जाने वाली कितनी सुंदर और सटीक प्रशंसा है । Ghalib is the 'oldest, modern' poet of Urdu.

Saturday, January 8, 2022

विश्वास -2

सर्दियों का मौसम है
शीत लहर चल रही है
रात भर बारिश हुई है
हवा में ठिठुरन है

ऐसे में

राख में अपने हाथ दबाए
एक राहगीर को
ये विश्वास ही नहीं
कि अलाव अब बुझ चुका है
कहीं कोई चिंगारी नहीं

Monday, January 3, 2022

सपनों का टूटना

सपनों को टूटते हुए कभी देखा है?
सब सपने नहीं टूटते एक ही तरह
कुछ सपने छूट जाते हैं ट्रेन की तरह
कुछ सर्र से गुज़र जाते हैं प्लेन की तरह

कुछ सपने सालों साल रहते हैं
दाँतों में दर्द की तरह
कुछ सपने रखे रखे हवा हो जाते हैं
कर्पूर की तरह

कुछ  सपने पतंग की तरह कट जाते हैं
कुछ सपने बादल की तरह फट जाते हैं
कुछ सपने कहीं गले में अटक जाते हैं
कुछ सपने अधर में कहीं लटक जाते हैं

कुछ सपने ऐसे टूटते हैं जैसे किसी का
पर्वत पे चढ़कर पांव फ़िसल गया हो
और कुछ के टूटने का दुख नहीं होता, 
जैसे पतझर में कोई पत्ता गिरा हो

ऐसे ही अलग अलग तरह के होते हैं सपने
आगे पीछे टूट ही जाना है सबने

लेकिन कुछ सपने टूटते हुए भी बड़े सुंदर लगते हैं
साबुन के पानी के बुलबुलों की तरह
और कुछ सपनों का स्वाद हमेशा ज़हन में रह जाता है
अम्मा के हाथ के गुलगुलों की तरह



Tuesday, December 7, 2021

किस्सा एक ख़रगोश के शिकार का

एक बार एक जंगल में एक ख़रगोश रहता था । उसे हमेशा डर रहता था कि वो शिकार हो जाएगा । उसे सभी ख़रगोश समझाते कि वो चिंता न करे वो शिकार नहीं होगा। इसके पीछे वे तर्क देते कि शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । वे कहते कि ख़रगोश तो बड़ा ही नेक क़िस्म का ख़रगोश है और इसलिए उसका शिकार नहीं होगा । ख़रगोश को ये बातें कुछ देर तो समझ आतीं लेकिन फिर उसका डर दुबारा उसे डस लेता । वो ये कहता कि भले ही मैं नेक क़िस्म का ख़रगोश हूँ पर देखो तो सही मैं काम कैसे करता हूँ । उस दिन मैं झाड़ियों वाले मैदान से लगे खुले खेत में बेपरवाह घूम रहा था । "तुम ऐसा कर रहे थे! " एक ख़रगोश चौंका " तुम्हें पता है न ऊंची झाड़ियों की ओट लिए कोई भी जानवर तुम पर झपट सकता था!!" । " हाँ जानता हूँ " उदास होकर ख़रगोश ने कहा "और इसलिए तो मुझे डर है कि मैं शिकार हो जाऊंगा " उसने अपनी बात रखी । "तुम चिंता मत करो शिकार तो वे ख़रगोश होते हैं जो अपने बड़ों की बात नहीं मानते या जिन्होंने कोई पाप किया हो या जो दूसरों से बुरा व्यवहार करते हों । तुम तो बड़े ही नेक क़िस्म के ख़रगोश हो तुम्हारा शिकार नहीं होगा "  दूसरे ख़रगोश ने फिर समझाया । ख़रगोश ने उसकी बात समझ ली लेकिन अपनी आदतन बेपरवाही को बदल न पाया । ख़रगोश कभी खुले मैदान में विचरता, कभी सियारों के साथ ही नदी में पानी पीता कभी शेर की गुफा में अपना बिल बनाता । एक दिन तो हद ही हो गई जब ख़रगोश ने पंख लगाकर उड़ने की कोशिश की । उसे सभी ख़रगोशों ने रोका कि वो ऐसा न करे वो शिकार हो जाएगा । तब उसने सबको समझाया कि उसने न तो कोई पाप किया है, न किसी का दिल दुखाया है और हमेशा अपने बड़ों की बात मानी है । वो एक निहायती नेक ख़रगोश है, वो शिकार नहीं होगा । उसने एक विद्रोही स्वर रखते हुए ये विचार भी रखा कि पंख लगाकर उड़ना तो हर जीव का हक है और अगर वो ऐसा कर रहा है तो इसमें कुछ ग़लत नहीं । इसके बाद ख़रगोश ने पंख लगाए, एक चट्टान पर चढा और अपने पंखों को ज़ोर ज़ोर से फड़फड़ाने लगा ।

इससे पहले ख़रगोश ज़मीन पर आता वो हवा में ही शिकार हो गया । 

Thursday, November 18, 2021

एक सच और उसका किस्सा

एक बार एक सच था । उसकी एक बूढ़ी माँ थी । सर्दियां हुईं तो माँ ने सच के लिए एक किस्सा सिल दिया और उसे पहनवा दिया । किस्सा ओढ़े सच बहुत जँच रहा था । वो जहाँ भी जाता वही किस्सा ओढ़े जाता । लोगों में किस्से के चर्चे फैल गए और बहुत से दर्जियों ने अपने ग्राहकों के लिए वैसे ही किस्से सिल दिए । समय गुज़रा, सच कुछ बड़ा सा हुआ, किस्सा कई जगहों से फट गया , कहीं रफू हुआ कहीं तुरपाई हुई । एक दिन सच बाज़ार गया । बाज़ार में नए ज़माने के नए किस्से टँगे थे । उनमें जेब भी थी और उनपर डिस्काउंट भी था । सच को एक किस्सा पसंद आ गया और उसने वो मोल ले लिया । पुराना किस्सा उसने एक ग़रीब को दान कर दिया । नया किस्सा ओढ़े जब सच बैंक गया तो मैनेजर ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया । और भी जानकारों ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया । उसकी एक पुरानी प्रेमिका ने कहा कि वो उसे पहचानती तो है पर अब वो बदल गया है । उसके कुछ रिश्तेदार तो उसपर 'झूठा है झूठा है' कहकर चढ़ गए और लड़ने पर ही आमादा हो गए । इन सबसे पिंड छुड़ा के सच भागा और अपने मित्र से टकराया । मित्र ने उसे देखते ही गले से लगा लिया और टपरी से चाय मंगाई । सच ने पूछा 'तुमने मुझे पहचाना कैसे?"। मित्र बोला "कैसी बात करते हो , किस्सा बदल जाने से कभी सच भी बदलता है क्या?"

Tuesday, November 9, 2021

black.comedy

Neil simons का एक नाटक है 'Black Comedy' । उसकी परिकल्पना कुछ ऐसी है कि जब नाटक की कहानी में अंधेरा होता है तब स्टेज पर उजाला होता है और जब नाटक की कहानी में उजाला होता है तब स्टेज पर अंधेरा होता है ।  कभी कभी जीवन भी ऐसा ही लगता है ।

sales

Have you ever been a sales executive?

A sales executive has to do this
Follow up
Follow up
Follow up
Follow up
...
Follow up

Day in and day out.
Everyday.

He has to be prepared that his phone could go unanswered or hung up, clients will give hope only to ditch at the last moment and almost everyone will try to run him down. Mostly, he will never get the reasons why the deal didnt go through. Yet, he is expected to serve the client at the drop of a hat. To close the deal within moments. And always be pleasing and at the best of his manners.

This he has to do without ever feeling discouraged or awkward or taking things personally.

So, have you ever been a sales executive?

जीवनदाता


जिसे तुमने अपना जीवनदाता माना है
उसने तुम्हें ये जीवन क्यूँ दिया होगा कभी ये जाना है?
ऐसा कौन सा देना वाला  हुआ है
जो निस्वार्थ बस देता जाए
कुछ तो उसकी शर्त होगी
कुछ तो होगा निहितार्थ

उसने ये सृष्टि इसलिए तो नहीं रची होगी
कि पूरी करता रहे तुम्हारी कामनाएं
तुम उसका बर्थडे मनाओ तो वो दौड़ा दौड़ा आए
जिसका तुम बनाते हो मासूम सा चेहरा
प्रेम से भरे हुए जिसके रखते हो नाम
सिर्फ तुम पर करुणा दिखाना भर ही
तो नहीं होगा उसपर काम

संसार के सभी धर्म एकेश्वरवादी हैं
ये सोच के कभी तुम्हारा कलेजा नहीं कांपा?

सिर्फ एक ही है ईश्वर
और कोई नहीं
न कोई सलाह देने वाला
न कोई संशय प्रकट करने वाला

और उस पर ग्रहों पर जीवन चलाए रखने जैसा
हताशा भरा काम

कभी सोचा है
उसका भी दिमाग घूम सकता है
युगों में कुछ पल के लिए
वो भी झुंझला सकता है

कभी सोचा है
जिसपर तुम विश्वास करते हो
उसका खुद पर अविश्वास उतपन्न हो जाए तो क्या होगा?

सारा दिन


सारा दिन अंधेरी कोठरी में बीत जाता है
मेरे कहने से कोई उजाला नहीं करता

इस हद उचट गया दुनिया से मेरा मन
हो दोस्ती या दुश्मनी दिल से नहीं करता

रसहीन ये अशार हैं पर मैं भी क्या करूँ
मुद्दतों से मुझसे कोई इस्लाह नहीं करता

एक बेंच पर बैठ गया हूँ बीच दौड़ में
कोई हारे जीते मैं परवाह नहीं करता









छोटा होना

मुझे लगता है मैं छोटा होता जा रहा हूँ
में इतना छोटा हो गया हूँ जैसे मटर का कोई दाना
मुझे मेरे सामने हर आदमी
एक विशाल पहाड़ जैसा दिखता है
और चींटियाँ जैसे जंगली जानवर
मेरे सामने चीनी का एक दाना रखा है
किसी चट्टान जैसा
मैंने पूछा ये क्या है?
तो वो बोले ये फ़ल है
उसका
जो तुमने किया है

वक्त आने पर जब आदमी बड़ा नहीं होता
तो वक़्त उसे झट से छोटा कर देता है

जब आदमी बड़ा होता है
तो उसका आकार उसके दिल के आकार जितना होता है
अगर आदमी का दिल बड़ा हो जाए
तो आदमी का कद भी बड़ा हो जाता है
जिसका दिल मटर जैसा हो जाए
तो वो भी मटर जैसा हो जाता है

no one is indispensible

जब हम कॉलेज की नाट्य संस्था के सदस्य बने थे तब हमें जो पहला सबक सिखाया गया था वो ये था , " एक बात हमेशा याद रखना, no one is indispensible" । मतलब ये कि तुम भले ही कितना ही अच्छा काम करो कभी ये मत सोच लेना कि तुम्हारे बाद कोई और नहीं कर पाएगा या सोसायटी तुम्हारे बगैर नहीं चल पाएगी । सोसायटी के अपने नियम हैं और अपना एक कल्चर जिसमें किसी भी किस्म की ढिलाई किसी के लिए बर्दाश्त नहीं कि जाएगी । वास्तव में ये एक ऐसा सार्वभौमिक सत्य है जिसे हमें कभी नहीं भूलना चाहिए । फिर चाहे वो कोई भी रिश्ता हो - पेशेवर या व्यक्तिगत । जब भी आप अपने पिछले कारनामों के बल पर किसी भी रिश्ते की बुनियादी तहज़ीब का पालन करना गैर ज़रूरी समझने लगते हैं तो समझ लीजिए कि उल्टी गिनती शुरू । 

मेरी मौसी की मुर्गी

आज मेरी मौसी का जन्मदिन है । मेरी मौसी मुझे हमेशा अपनी मौसी का एक किस्सा सुनाती थी । मौसी अपनी मौसी के साथ बाज़ार गईं थीं । किसी जूते चप्पल की दुकान पर । सारी खरीददारी करने के बाद मौसी की मौसी ने मौसी को पूछा कुछ लोगी? मौसी को उस दुकान में एक मुर्गी पसंद आ गई थी । वो एक प्लास्टिक की मुर्गी थी जो बड़ी सुंदर थी और अंडे भी देती थी । मौसी ने कहा वो ये मुर्गी लेंगी । मौसी की मौसी ने दुकान वालों को कहा कि ये मुर्गी हमें दे दो हमारी बेटी को पसंद आ गई है । अब दुकान तो जूते चप्पल की थी । वो मुर्गी तो बस शो-पीस थी । लेकिन फिर भी मौसी की मौसी के कहने पर दुकान वालों ने वो मुर्गी मौसी को दे दी । मौसी ये किस्सा सुनाते वक़्त कहती थीं कि उस दिन उन्हें अपनी मौसी बहूत (बहुत से ज़्यादा बहूत) अच्छी लगीं । मुझे भी मेरी मौसी बहूत अच्छी लगती हैं । और मैं उन्हें हमेशा miss करता हूँ । 

19।07।21

सपना

कभी कोई बुरा सपना देखते हुए ये ख्याल आया है कि शायद ये सपना है? मुझे कभी कभी आया है । ये ख्याल आते ही दिल को तसल्ली मिल जाती है कि ये जो भय है वो मेरा अपना नहीं है । जीवन भी ऐसा ही एक स्वप्न है । इसमें मिलने वाले किसी भी आनंद या दुख को अपना निजी आनंद या दुख मत मानो । ये जीवन बस एक वीडियो गेम है जो ईश्वर तुम्हारे साथ खेल रहा है । इसमें तुम्हारा कुछ भी नहीं । तुम इस स्वप्न से बिल्कुल सकुशल बाहर निकल आओगे । ये सच बात है ।

सबक

पहली नौकरी का पहला सबक याद आता है ।

" आपको decision शब्द का मतलब पता है? Decision का root word है to cut off । यानि कि जब हम decision लेते हैं तो बाकि सारी संभावनाओं से नाता तोड़ लेते हैं । जब तक बाकि सम्भावनाओं का मोह रहेगा तब तक decision नहीं लिया जा सकता । तो बताइए मिस्टर, आप decision ले सकते हैं? "

अद्भुत सबक था जिसे शायद मैं आजतक भी पूरा समझा नहीं हूँ ।

किस्सा पागल सिरफिरे का

एक बार एक नगर में एक पागल सिरफिरा था । कहते हैं वो अपनी गठरी में कोई खज़ाना दबाए घूमता था जिसे वो किसी को भी न दिखाता । दिन भर सड़कों पर फिरता और कोई कुछ दे तो भी न लेता । जाने बसर कैसा करता था । एक दिन उसकी और उसके ख़ज़ाने की बात राजा के कान तक पहुंची । आदेश जारी हुआ कि खज़ाना हासिल किया जाए और राज्य की संपत्ति में जोड़ा जाए । सैनिकों ने सिरफिरे को घेरा । पहले प्यार से समझाया फिर मार से समझाया । लेकिन मरा गठरी छोड़ने को राज़ी ही न था । सैनिकों ने उसे खूब मारा । हाथों से मारा, छड़ी से मारा, जूतों से मारा, बेरहमी बड़ी से मारा । लेकिन गठरी नहीं छुड़ा पाए । उसके शरीर से खाल खींचना आसान था पर गठरी से माल खींचना असम्भव । वो बोला कुछ भी हो जाए मैं अपनी गठरी राजा के तो क्या किसी के हाथ नहीं लगने दूंगा । ये कहकर वह पूरी गठरी ही निगल गया और मर गया । एक्स रे किया तो दिखा की गठरी में कागज़ की इबारतों के सिवा कुछ न था । डॉक्टरों ने बताया कि और कुछ नहीं चार कविताएँ और दो कहानियां चबा गया । 

Tenet

ये बात दुनिया बनने से पहले की है । भगवान और शैतान दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे । शैतान दिन भर कंचे खेलता था और अपना समय नष्ट करता रहता था । वहीं भगवान दुनिया बनाने में लगे थे । शैतान ने उनसे पूछा, "ये तुम क्या बना रहे हो ? " , भगवान ने बताया कि वो दुनिया बना रहे हैं । शैतान ने पूछा इस दुनिया में क्या होगा? तो भगवान ने बताया कि दुनिया में लाखों सितारे होंगे, लाखों सितारों के लाखों सौर मंडल, सौर मण्डलों में ग्रह, ग्रहों में अरबों तरह के पदार्थ, असंख्य तरह का जीवन, हर प्राणी की असंख्य तरह की चिंताए, इच्छाएँ... और भी बहुत कुछ । शैतान ऐसे ख्याली पुलाव सुनकर हँस पड़ा । वो बोला इतना सब कुछ, तुम बनाओगे कैसे? भगवान ने कहा, मेरे पास समय ही समय है, बना लूंगा । शैतान बोला समय! कैसे? तो भगवान ने समय की एक ईंट उठाई और कहा "देखो ये एक पल है ।  इसी से मैंने एक कमरा बनाया है, ये थोड़ा छोटा है, एक सदी बराबर" फिर उन्होंने  एक हॉल दिखाया , "देखो, ये एक युग है , अब बस इसमें पार्टीशन करने बचे हैं " , " ये सीढ़ी देख रहे हो ये ऊपर भविष्य में जाती है, उससे नीचे उतरो तो अतीत में पहुंचते है " । "शैतान, ये मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, हर कमरे में एक साथ काम चल रहा है, कहीं नींव डाल रहा हूँ, तो कहीं पेंट कर रहा हूँ तो कहीं प्लास्टर । रिपेयर का काम भी साथ साथ चल रहा है " । इस तरह भगवान ने शैतान को अपनी दुनिया का पूरा टूर दिया और फिर थकने के बाद बोले, आओ कुछ देर लिविंग रूम में सुस्ताते हैं । लेकिन जैसे ही लिविंग रूम की लोकेशन पर पहुंचे तो देखा क्या कि वो तो अपनी जगह से नदारद था । भगवान हैरान रह गए, बोले यहीं तो था लिविंग रूम मैनें सुबह ही उसे रिपेयर किया था । " वो", शैतान सकपकाते हुए बोला, " वो तो मैंने नष्ट कर दिया"

Caferati

Caferati हर महीने के दूसरे (या चौथे) शुक्रवार को होने वाला एक open mic event हुआ करता था जो indian habitat center में होता था । मैं 2011-13 तो उसमें बराबर हिस्सा लिया ही करता था । रंगमंच और फिल्मों के कई उम्दा कलाकारों से मुलाक़ात caferati की ही देन है । किंतु मैं वहां सिर्फ और सिर्फ अपने बाबा यानि मेरे इष्ट मित्र अंकित चड्ढा से मिलने ही जाता था । उन्हीने ही मुझे caferati की राह दिखाई थी । Caferati के नियम सरल थे - open air auditorium पर एक  white board रख दिया जाता था जिस पर एक से लेकर पच्चीस तक नम्बर लिखे होते थे । आप किसी भी स्थान पर अपना नाम लिख दीजिये और फिर आपको 2 मिनट मिलते थे अपना कुछ भी original सुनाने के लिए । 1 घण्टे के इस कार्यक्रम के बाद habitat की ओर से चाय और बिस्किट भी रहते थे । सुंदर दिन थे वे ।






एक नाटक के बारे में

Samuel Beckett का लिखा नाटक Waiting for Godot उन नाटकों में से है जो एक बार पढ़ लिए जाने के बाद हमेशा ज़हन में ताज़ा रहते हैं । क्या आपने वो नाटक पढा है? होता क्या है उसमें, दो अजनबी लोग Godot नाम के व्यक्ति का इंतज़ार कर रहे हैं । बस इंतज़ार । नाटक खत्म हो जाता है किंतु इंतज़ार खत्म नहीं होता । ये Godot है कौन? इसका भी जवाब नाटक नहीं देता । लेकिन वो कोई ऐसा व्यक्ति है जिसका इतना इंतज़ार किया जाना जायज़ है । क्या वो कोई उम्मीद है ? या फिर है कोई अधिकार ? क्या वो न्याय है या फिर प्रेम? वो कोई ख्वाब है क्या या फिर कोई हादसा जो ख़त्म नहीं हो रहा? Godot जीवन है या मृत्यु?  एक दर्शक के रूप में आप इन्हीं सब सवालों को अपने मन में गढ़ते हो और इनके जवाब भी सोचते रहते हो । नाटक अपनी धीमी गति से चलता रहता है । क्योंकि उसमें तो बस दो लोग हैं - जो इंतज़ार कर रहे हैं ।

अपमान का दंश

हाल ही में बलराज साहनी साहब की आत्मकथा पढ़ी । उस किताब का पहला वाकया कुछ यूं है कि साहनी साहब एक बड़े सितारे हैं । और वे अपनी सभी डेट्स एक डायरी में नोट कर लिया करते हैं । ऐसे ही एक काफी व्यस्त दिन में से समय निकाल कर के वे एक फ़िल्म की शूटिंग के लिए जब पहुंचे तो डायरेक्टर ने उन्हें कहा कि उनका शॉट आज नहीं कल है । और ये टका से जवाब देने के बाद उनसे सीधे मुंह बात भी नहीं की । साहनी साहब ने खुद को ठगा सा महसूस किया क्योंकि न वो ये फ़िल्म करना चाहते थे न उनके पास समय था । वे राज़ी सिर्फ इसलिए हुए थे क्योंकि इसी डायरेक्टर ने उनसे बहुत आरज़ू मिन्नत कर के उन्हें मनाया था और आज की डेट भी उसी ने तय की थी । उनके रुतबे के सामने ये डायरेक्टर एक नौसिखिया ही था और उसके मरहूम वालिद साहब से अपने अच्छे तालुक्कात के चलते ही साहनी साहब राज़ी हुए थे । इस सारे सिलसिले से साहनी साहब ने खुद को बहुत अपमानित महसूस किया और किताब में वे लिखते हैं कि वे पूरे रास्ते सोचते रहे कि इस अपमान का बदला कैसे लिया जाए । उस डायरेक्टर को बहुत डाँटा जाए या उसका फ़ोन ही न उठाया जाए । उन्होंने सोचा बहुत किंतु किया कुछ नहीं ।

ये पूरी बात मैं आपको क्यों बता रहा हूँ ? क्यूंकि मैं समझ नहीं पा रहा कि साहनी साहब ने इस किस्से से ही अपने जीवन की कहानी बयां करनी क्यूँ शुरू की । संभवतः अपमान का दंश झेलना, विष के घूंट पीना एक ऐसी घटना है जो हर व्यक्ति केजीवन में एक से अधिक बार घटित होती ही है । अपनी शक्ति और सामर्थ्य से विपरीत और अपनी प्रकृति के अधीन हम इसका कोई प्रत्युत्तर भी नहीं दे पाते हैं । शायद साहनी साहब यही कहना चाहते हों, कि बंधुवर आप अकेले नहीं है ।

Friday, June 11, 2021

किस्सा एक पेड़ का

एक बार एक पेड़ था । लम्बा और हराभरा । उसे अपनी कद, काठी, घनत्व और हरियाली पर बड़ा रश्क था । एक दिन उसे लगा कि उसके पाँव में कुछ है । उसने पाँव उठा कर देखे वो चीज़ नहीं निकली । उसने पानी में पांव भिगोकर देखे वो चीज़ नहीं निकली । वो छटपटाने लगा । उसने हवा में झूलकर देखा वो चीज़ नहीं निकली । फिर उसने एक लकड़हारे से एक कुल्हाड़ी मोल ली और लगा अपने पांव के नीचे मारने । वो चीज़ धीरे कट गई और अलग हो गई । पेड़ लहराया और धराशाई हो गया । वो जिसे वो काट रहा था वो उसकी जड़ें थीं । आपको तो ये बात पहले ही मालूम हो गई थी मैं जानता हूँ लेकिन पेड़ को ये बात कुल्हाड़ी के आखिरी वार तक भी समझ नहीं आई । 

Saturday, April 17, 2021

दधीचि

मैं जहाँ कदम रखता हूँ

दलदल बन जाता है 

जिधर फिसलता हूँ 

रास्ता निकल आता है

मेरे सब सपने बिखर जाते हैं 

और कहीं से बिन मांगे 

वरदान मिल जाते हैं 


कोई मुझे पकड़ के  खींच रहा है 

पर उसकी कलाइयां  बहुत नाज़ुक हैं 


मेरे अंदर 

भीतर बहुत भीतर 

एक देवता बैठा है 

वो मुझे पुकार रहा है 


उसे मुझसे कुछ चाहिए 

मैं उसके लिए क्या कर सकता हूँ ?


उसके अगर किसी काम मुझे आना है

तो अपनी हड्डियों तक को गलाना है

और एक गदा बनाना है

मनुष्यों के काम देवता आ सकें

इसके लिए मनुष्यों को काम आना है



Tuesday, April 6, 2021

अच्छा गीत

गीत तो अच्छा लिखा है तुमने
पर ये गाना कैसे बनेगा ?

इसमें वो बात नहीं है

धुन पे ढल सके
इतनी इसकी बिसात नहीं है

कुछ कहने चला था पहला मिसरा
दूसरा उसे जाने कहाँ ले गया
और अब ये देखो
मिलता मिलता मीटर
मिलीमीटर से रह गया

तुम अक़्सर लय नहीं पकड़ पाते हो
और कई कई जगह तो
काफ़िया भी नहीं जोड़ पाते हो

पर फिर भी अच्छा लग रहा है
मुझे ये गाना

इसमें ऐसी बहुत सी बातें हैं
जो दिल को छू सकती हैं
पर कोई दिल को छूती नहीं

और यही बात मुझे इस गाने की अच्छी लगती है

इस गाने को सुनना ऐसा है जैसे
एक काँच के डिब्बे में बैठ कर
तेज़ बारिश का आनंद लेना

ऐसी बारिश जिसमें मेरा जूता भीग नहीं सकता
और मुझे ज़ुखाम हो नहीं सकता

सच पूछो तो ऐसा ही गाना सुनना चाहता था मैं
सो तुमने मुझे सुना दिया
अच्छा
शुक्रिया

55 Cancri E

A little about 40 light years away from earth, there is a planet 55 Cancri e which is nothing but a large diamond floating in the space. That much of diamond is worth the entire earth's GDP, hundreds of thousands times over. What would be the worth of the person who mines it all? Most likely she would be bankrupt because all that diamond will crash the diamond market like anything. So vcbe happy in the world you have inherited. Its just what it was meant to be.













आपने क्या सोचा

आपने क्या सोचा
कि सोचने से क्या होगा?

सोचने से वह होगा
जो आपने कभी नहीं सोचा ।

हमारे हर चेतन एवम अचेतन कार्य का
कालाकाश पर एक विशिष्ट प्रभाव है

वो पांव जो बढ़ा कर खींच लिया तुमने
इसका अस्तित्व सदियों तक रह जाएगा
जिस सपने को याद नहीं कर पा रहे हो
वो कभी सत्य बनके धरा पर उतर आएगा

ब्रह्मांड की एक बात बताऊँ
ये न कुछ याद रखता है
न कुछ भी भूलता है
जो कुछ भी घटित होता है यहाँ
यहीं पर झूलता है

समय का ह्रदय काँच का है
हर पल इसके ऊपर एक खरोंच है
ये देखो अनगिनत अमिट रेखाएं
इसके ऊपर हो रही हैं अंकित

जब ये काँच भर जाएगा
और समय का ह्रदय फट जाएगा
तब हमारे आगे से ये अँधकार छट जाएगा
पर्दा उठ जाएगा
और ये सारा खेल क्या था
हमें समझ आ जाएगा

वर्तमान

वर्तमान क्या है
वो जो हर पल नष्ट हो रहा है

बात कितनी विचित्र है

भूत जिसको तुमने कभी नहीं देखा
बस उसी को देखा जा सकता है
और परखा जा सकता है

भविष्य तो बस एक गणित का निर्माण है
जो वर्तमान के अस्तित्व को समझने के लिए उपयोगकारी है

वर्तमान है
पर उसे देखा नहीं जा सकता

भविष्य कभी नहीं आता
परन्तु उसे देखा जा सकता है

भूत निर्जीव है
पर लगातार वर्तमान को अपना ग्रास बनाता है
और बढ़ता जाता है

क्या समझे

ये ईश्वर की प्रयोगशाला है
जहाँ मिथ्या ने प्रमाण का लबादा
सत्य से छीन लिया है
और स्वयं ओढ़ लिया है

Monday, March 15, 2021

कुछ ही आँसू

कुछ ही आँसू ग़ज़ल बन पाते हैं
बाकि तो बस यूँ ही बह जाते हैं

बहुत सीधे और सरल हैं ईश्वर के नियम
कड़े हैं कानून जो हम अपने लिए बनाते हैं

कब तक चलेंगे साथ अंधेरा हो ही जाएगा
चलो रुककर कहीं अब घर बनाते हैं

नहीं बनी बात तो कोई बात नहीं
किसी और बात में अब दिल लगाते हैं

एक स्वप्न देखा और फ़िर खुल गईं आँखें
अब यहाँ से रास्ते अलग हो जाते हैं











Monday, March 8, 2021

किस्सा दानी आदमी का

एक बार एक अमीर आदमी था । वो बहुत अमीर था । और बहुत वर्षों से अमीर था । एक दिन उसके मन में विचार आया कि वो अब इतना अमीर हो चुका है कि अब उसे दान करना चाहिए । वो दान करने के लिये उपयुक्त अवसर खोजने लगा । उसने बहुत सोचा कि किसे दान करूँ । उसने अपने आसपास देखा तो सोचा कि मेरे कई कुटुंबी काफ़ी ग़रीब हैं क्यूँ न इन्हें ही दान दे दूं । पर फिर सोचा कि इन्हें दान देने से सब लोग सोचेंगे कि अपने ही घर कुटुम्ब में पैसा बांट दिया और इसे कोई दान नहीं मानेगा । फिर उसने सोचा कि अपने मातहत कर्मचारियों को दान दे देता हूँ । लेकिन फिर सोचा कि इन्हें अगर कुछ भी दिया तो ये तो अपना हक़ समझकर लपक लेंगे और धन्यवाद तक नहीं करेंगे । और ऐसा सोचकर ये विचार भी त्याग दिया । इसी उधेड़बुन में था ये अमीर आदमी कि इसकी मोटर के आगे एक भिखारी आ गया और लगा भीख मांगने । आदमी ने जेब से सौ का नोट निकाला तो ड्राइवर बोला कि अगर आप इसे सौ का नोट देंगे तो सुबह शाम आपकी गाड़ी के बाहर भिखारी ही खड़े रहेंगे । आदमी ने पूछा 'अच्छा तो इनका क्या रेट है?' । ड्राइवर ने बताया एक रुपया बहुत है । आदमी ने सोचा कि उसके पास तो दान करने के लिए बहुत सारा रुपया है, अग़र वो ऐसे एक एक रुपया करके दान करने लगा तो इसमें तो बहुत समय व्यर्थ हो जाएगा । सो वो बिना अपनी मोटर का शीशा नीचे किये आगे निकल गया । आदमी अपने दफ़्तर पहुंचा तो मिलने वालों का तांता लगा हुआ था । उसने एक को बुलाकर पूछा कि आप लोगों के आने का प्रयोजन क्या है ? व्यक्ति ने बताया कि हमें मालूम हुआ कि आप एक अमीर आदमी हैं और दान के लिए अवसर ढूँढ रहे हैं । हम एक विशेष कम्पनी से वास्ता रखते हैं जिसका नाम एनजीओ है । आप हमें दान कर दीजिए हम आपसे लेकर आगे दान कर देंगे । आदमी को बड़ी खुशी हुई उसने एक बड़ी सी चेकबुक मंगाई और उसमें एक बड़ा सा चैक काटकर बोला 'मेरे नाम का ज़्यादा प्रचार करने की ज़रूरत नहीं है, इसे गुप्त दान ही समझो' । एनजीओ वाला बोला, 'क्यूँ मसखरी करते हैं ।  इसमें प्रचार तो दूर हमारा आपसे मिलने आने का खर्चा भी नहीं निकलेगा । हमारी कम्पनी ने लोगों को इतना दान दिया है, इतना दान दिया है कि आज हमारी 12 मुल्कों में 12 मंज़िल की 12 इमारतें हैं । आप अगर दान का दरिया हैं तो हम समंदर, जिसमें आप जैसी सैंकड़ों धाराएं आके मिल जाती हैं और बेवजूद हो जाती हैं । " ये कहकर कम्पनी वाला अपनी राह को चला और आदमी ने अपनी बैंक को फोन करके stop payment करा दिया । शाम को अमीर आदमी क्लब में अपने एक पुराने यार से मिला और बोला, 'सुबह से चाहता हूँ कि किसी को दान करूँ पर कोई इसके लायक मिल ही नहीं रहा' । यार बोला कि तुम मेरी कंपनी में invest क्यूँ नहीं कर देते मैं कब से तुमसे कह रहा हूँ । आदमी कुछ सोचते हुए बोला, " कर तो दूँ, पर घाटे का सौदा है' ।

Wednesday, February 24, 2021

मुझे छोड़ दो

मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे
न दो न दो हल कोई
इन सवाल के

दिल में मेरे अंधेरा है
बाहर कहीं सवेरा है
सवेरे से मेरा दिल जोड़ दो
पत्थर पर फेंक दो
इसे तोड़ दो
मुझे छोड़ दो
मुझे छोड़ दो .. मेरे हाल पे

जाते जाते
कुछ कर भी गया
तो कम है
जीते जीते
मर भी गया
क्या ग़म है

जीतें सभी मैं वार दूं
अपनी इस हार पे
मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे

बर्फ है जमी
मेरी आँख में
गिरे आँसू नहीं
रोऊँ लाख मैं
दरिया कहीं ये मोड़ दो
मुझे छोड़ दो

मुझे छोड़ दो
मेरे हाल पे
न दो न दो हल कोई
इन सवाल के

Tuesday, February 23, 2021

स्थान

अपना चेहरा आईने में देखा है कभी

क्या दिखता है?

मुझे दिखता है एक टूटता हुआ तारा
एक झील में बनती हुई लहरें
एक सिग्नल दिखाई देता है मुझे
ज़ीरो वन ज़ीरो वन

तुम इंसान नहीं हो

ये समझने की भूल मत करना

तुम वो ज़मीन हो या फिर उसपे बिखरे कुछ कंकड़
जिस पर समय रूपी एक अजगर
धीरे धीरे सरक रहा है

तुम्हारा कोई निजी भाग्य या दुर्भाग्य नहीं
कुछ होना है इस दुनिया में
मग़र उसमें कुछ विलम्ब है
तब तक
तुम्हारा काम बस इस समय में रहना है
और जो कुछ भी इसमें घटित हो रहा है
उसे सहना है

अपने जीवित होने पर अभिमान मत करना

जीवन और मृत्यु के बीच जो खाई है
वो असत्य की है

ध्यान से देखोगे तो पाओगे
की जीवित और मृत
इस दुनिया में कुछ भी नहीं
जिसमें भी जीवन है
उसे मरना है
और तत्व बनना है
और फिर जीवित होना है

इस जगत का हर अणु
एक दैवीय प्रयोजन में नियुत है
तुम ईश्वर की संतान नहीं हो
उसके साधन हो

नियति एक विराट इंद्रधनुष है
जो गोलाकार है 

Sunday, January 17, 2021

किस्सा शायर की अधूरी नज़्म का

एक शायर की एक नज़्म थी । जिसका मतला तो बहुत सुंदर बन गया पर बाकी सभी अशार अधूरे रह गए । शायर ने बहुत कोशिश की पर नज़्म पूरी न हो सकी । वो घंटो सोचता रहता पर कोई ख्याल ही न आया ।  फिर उसने एक हक़ीम को बुलवा भेजा । हक़ीम ने नज़्म की नब्ज़ पकड़ कर कहा इसको आबो हवा बदलने की ज़रूरत है । शायर नज़्म को लेकर पहाड़ों पर चला गया । लेकिन वहाँ भी नज़्म की वही हालत । शायर बेकरार हो उठा और रात दिन मयखानों में बिताने लगा । धीरे धीरे नज़्म के सभी अधूरे अशआर दूसरे शायरों की नज़्मों में काम आ गए । शायर के पास बस मतला रह गया और वो उसे लेकर वापस तलहटी में आ गया ।

तुम्हारे लिए

मैं क्या लाऊँ तुम्हारे लिए
मेरी दोनों जेबें हैं खाली
न कोई गीत है मेरे पास
न कोई कहानी
मेरे पास एक किस्से का अंत है
और एक गीत का अंतरा
इन दोनों को सी भी दूँ
तो एक ही हाथ का दस्ताना बन पाएगा
तुम उससे अपने हाथ को कुछ यूं थामना
जैसे जाड़े की शामों में
कभी मैंने थामा था तुम्हें 

ऐसे लोग

कितना ज़रूरी है किसी बच्चे के लिए
उसका खिलौना
बुज़ुर्गों को कितना अच्छा लगता है
अपनों के साथ होना
बहुत क्रूर नहीं बहुत कमज़ोर है ये ज़माना
कितने लोग समझ पाते हैं

किसी की खुशी में खुश होना
किसी के ग़म में रो देना
किसी भी महफ़िल में दिल से शरीक होना
कितने लोग कर पाते हैं

अपनी मिट्टी के करीब होना
रईसी में भी फ़क़ीर होना
बिना मतलब के किसी का दोस्त होना
कितने लोग कर पाते है?

हमेशा सादगी से रहना
जो दिल में हो वो कहना
वक़्त के साथ साथ बहना
कितने लोग कर पाते हैं

जो खुशी खुशी सह लेता हो
रिश्तों में नुकसान
जो धन्यवाद करता हो
देकर के दान
ऐसे लोग कहाँ हैं

आदर्शों के लिए छोड़ देना
अपने आराम को
सुख में भी याद करना
अपने इष्ट भगवान को
ऐसे लोग कहाँ हैं

आजकल कहाँ कोई ऐसा मिल पाता है
कोई होना भी चाहे तो नहीं हो पाता है

Monday, January 11, 2021

किस्सा किसान के खेत में मिली चीज़ का

एक बार एक किसान अपना खेत जोत रहा था कि तभी उसका हल अटक गया । उसने खुदाई की तो एक ऐसी चीज़ निकली जिसे वो जानता नहीं था । वो उस चीज़ को एक साहूकार के पास ले गया और पूछा कि क्या वो बता सकता है कि ये क्या चीज़ है। साहूकार बोला कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये लगती बड़ी मूल्यवान कोई चीज़ है ।  फिर किसान उस चीज़ को एक चित्रकार के पास ले गया और फिर पूछा कि क्या वो इसे पहचान सकता है । चित्रकार ने घण्टो उस चीज़ को निहारने के बाद कहा कि वो ये तो नहीं जानता कि ये है क्या पर ये है बेहद सुंदर । फिर किसान उस चीज़ को राज्य के सेनापति के पास ले गया और उसके सामने भी अपना वही प्रश्न दोहराया । सेनापति ने कुछ देर उस चीज़ को टटोलने के बाद कहा कि मैं यह तो नहीं जानता कि यह चीज़ है क्या पर ये है बहुत ख़तरनाक । किसान उस चीज़ को लिए लिए घूम रहा था कि तभी एक फकीर ने उसकी बांह पकड़ ली और कहा, कि ये चीज़ तुम्हें जहाँ मिली थी वहीं वापस रख दो क्योंकि ये किसी का रहस्य है ।






किस्सा वक्त के बीज का

एक बार एक किसान साहूकार से लड़ने पहुंचा जो कि उसे बीज बेचता था । किसान ने कहा कि साहूकार ऐसा क्यों होता है कि मैं अच्छे वक़्त का बीज बोता हूँ और फसल बुरे वक्त की होती है? साहूकार ने कहा सुनो, अच्छा वक्त और बुरा वक्त दो भाई हैं जो एक दूसरे से जुदा नहीं हो सकते । जहां एक जाता है दूसरा उसके पीछे जाता है और जहाँ दूसरा जाता है वहाँ वो आवाज़ लगा कर पहले को बुला लेता है । इसलिए जब तुम अच्छे वक़्त का बीज बोते हो तो बुरे वक्त की फसल होती है । अगर अच्छे वक़्त की फसल चाहिए तो बुरे वक्त के बीज बो दो ।





Friday, January 8, 2021

अपने बुजुर्गों की बातों को बहुत ध्यान से सुनना चाहिए । ये मेरा बड़ा सौभाग्य था कि 18  से 25 वर्ष की आयु तक मैंने अपने नाना कर साथ काफी समय व्यतीत किया । उनके पांव में अपना सिर नवाने का लगभग रोज़ ही अवसर प्राप्त हो जाता था । कभी मैं मिलने की ना करता तो वे कहते कि हम कब तक यहाँ और रहेंगे । तब उनकी ये बात इमोशनल ब्लैकमेल लगती थी किन्तु समय के साथ उनकी याद बढ़ती ही जाती है । कितनी बातें थीं जो उनसे पूछ सकता था सीख सकता था । अब जीवन के महत्वपूर्ण दुविधाओं में उनकी सलाह नहीं ली जा सकती बस सोचा जा सकता है कि वो होते तो क्या कहते । ऐसी ही मेरी दादी । मुझे याद आती है उनकी हंसी या दोनों हाथ ऊपर करके आशीर्वाद देना । उम्र के इस पड़ाव में बुजुर्ग सदा सबके लिए मंगलकामना करते हुए ऐसे प्रतीत होते हैं जैसे कोई झरना या बड़ा पेड़ जो सबको छाया देने वाला हो । जहाँ नाना और दादी  मुस्कुराते मुस्कुराते स्वर्ग में लीन हुए वहीं मेरी मौसी ने हमारे लिए काल से एक लंबी लड़ाई लड़ी । मैंने महाराणा प्रताप या झांसी की रानी को नहीं देखा पर मेरी मौसी भी खूब लड़ीं । उनके जीवट को मैं बस प्रणाम करता हूँ और इस बात से बहुत डरता भी हूँ कि अब वे मुझपे पल पल नज़र रख सकती हैं। वैसे तो दुआ है कि उन्हें अब इसकी आवश्यकता नहीं होगी पर अपने जीवनकाल में जो उन्होंने मुझ पर स्नेह की वर्षा की वह जीवनभर मुझे उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी । इस कड़ी में अपने इष्ट मित्र अंकित चड्ढा की भी याद आती है । मैं उनका मित्र भी था और मुरीद भी । प्रेमवश आपको बाबा बुलाता था । इंडिया गेट पर घण्टों हमारी मुलाकातें बाबा मैं कभी भूल नहीं सकता । आप बुज़ुर्ग तो नहीं थे बाबा किन्तु साधु तो थे आप ।  भविष्यदृष्टा थे शायद आप तभी आपने अपने साथ एक दास्तानगोई में मुझे शामिल कर ही लिया था । आपकी विरासत को संजोने सहेजने में मैं पूरी तरह विफल हूँ और आपके जाने के बाद एक अच्छे दोस्त का किरदार मैं नहीं निभा पा रहा हूँ इस बात से बेहद कष्ट में भी हूँ । मेरी परिस्थितयों और बाध्यताओं के अब आप बेहतर ज्ञाता हैं । इस संदर्भ में ईश्वरीय प्रेरणा की आशा है । अपने प्रथम बॉस राजेश जी की भी याद कभी भूलती नहीं । ऐसी कोई वजह नहीं थी कि सबसे जूनियर एम्प्लॉयी से टॉप बॉस स्वयं ऐसा मित्रवत व्यवहार रखें और अपने जीवन से जुड़ी अनुभवों की अक्षय सम्पदा मेरे साथ साझा करें । मृत्यु के साथ जय पराजय का खेल खेलते राजेश जी का अपने परिवार के प्रति कर्तव्यबोध एक अविस्मरणीय छाप छोड़ गया है ।

ये सब मैं आज क्यों कहा रहा हूँ शायद मुझे भी नहीं पता । लेकिन आपके लिए एक अच्छी वजह यह हो सकती है कि मैंने अपने बुजुर्गों को खूब एन्जॉय किया लेकिन फिर भी लगता है कि कम किया । अगर आपके आसपास बुज़ुर्ग हैं तो उनसे खूब बातें कीजीए । 

Thursday, January 7, 2021

किस्सा गड्ढे में फंसे आदमी का

एक बार एक राहगीर को पगडंडी के किनारे किसी के रोने की आवाज़ आई । कुछ देर तलाशने के बाद उसने देखा एक आदमी एक गड्ढे में गिरा हुआ है और रो रहा है । उसने आदमी से पूछा कि क्या हुआ? आदमी बोला कि देखो किसी ने रस्ते के किनारे ये गड्ढा खोद रखा था और मैं इसमें गिर गया । राहगीर ने पूछा तो तुम इस गड्ढे से निकल क्यों नहीं आते । आदमी रोता हुआ बोला पर यह तो बिल्कुल ही अनुचित है कि मैं इस गड्ढे में गिर गया । राहगीर ने पूछा क्यों? तो आदमी बोला यों कि मैं तो कविताएं लिखता हूँ । राहगीर ने पूछा, तो? "तो ये कि मुझे गड्ढे में गिराकर किसी ने क्या हासिल कर लिया ?", आदमी बोला । राहगीर ने उसे समझाया कि ऐसे गड्ढे तो पगडंडी के किनारे अक्सर खुदे ही रहते हैं । इसमें दुख मानने की क्या बात है कि तुम भी इनमें गिर गए । आदमी ने फिर कहा कि यह तो बिल्कुल भी न्यायोचित नहीं कि लोग ऐसे गड्ढे खोद देते हैं और लोगों को खबर भी नहीं होने देते । राहगीर ने कहा न्याय अन्याय अपनी जगह ठीक है, पर इस तरह गड्ढे में गिरे रहने से तुम्हें क्या लाभ होगा? मैं स्वयं कुछ दूर पर ऐसे ही गड्ढे में गिर गया था लेकिन खुद ही निकल कर बाहर आया और अब अपने पथ पर हूँ । यह कहकर राहगीर आदमी को उसी गड्ढे में छोड़ अपनी राह पर निकल पड़ा ।

Sunday, January 3, 2021

किस्सा भगवान के उपहार का

एक बार भगवान ने एक आदमी के लिए एक उपहार तैयार किया और उसे उसके घर के बाहर एक गड्ढे में छुपा दिया । अगले दिन आदमी घर से निकला पर गड्ढे में छुपे उपहार से बेखबर रहा । भगवान को आश्यर्च हुआ । सो उन्होंने वो उपहार अगले दिन अहाते में रख दिया । वहां भी उस आदमी की नज़र उस उपहार पर नहीं पड़ी ।  भगवान बड़ी हैरत में । उन्होंने उपहार की पैकिंग बदली और उसे आदमी के द्वार पर टांग दिया । शाम को जब आदमी आया तब उसे द्वार पर टंगा उपहार दिखा । उसने कुछ पल टटोला और फ़िर वहीं टँगा छोड़ कर चला गया । भगवान स्तब्ध हुए । उन्होंने अगले दिन उपहार पर बड़े बड़े अक्षरों में लिख दिया " ये उपहार है - तुम्हारे लिए " । फिर कुछ समय सोचने के बाद एक पंक्ति और जोड़ दी "स्वयं ईश्वर ने भेजा है" ।  अगली सुबह आदमी निकला तो उसका सारा घर कुनबा इकट्ठा था । सबने कहा कि तुम तो बड़े भाग्यशाली हो । ईश्वर स्वयं तुम्हारे लिए उपहार रख के छोड़ गए है । चलो अब जल्दी इसे स्वीकार करो । व्यक्ति को अपने भाग्य पर बड़ा हर्ष हुआ । उसने उपहार को अपने हाथों में थामा । इबारत पढ़ी । पर फिर उसे वहीं छोड़ कर आगे बढ़ गया । भगवान ने उसका रस्ता रोका और बोले "मैं ईश्वर हूँ, तुम्हारे लिए यह उपहार लाया हूँ, इसे ग्रहण करो, इसमें तुम्हारा मंगल ही मंगल है " । ईश्वरोपदेश सुनकर आदमी अभिभूत हो गया और नतमस्तक हो गया । पर बोला कि भगवान ये उपहार मैं नहीं ले सकता । ईश्वर ने पूछा कि इसका कारण क्या है? तो वो आदमी बोला "बस ऐसे ही, मेरा मन नहीं है । "

Monday, December 28, 2020

अक्सर ...

अक्सर ...मुद्दे की बात छिड़ी . बकवास को भी बुलाया गया . बात से पहले बकवास पहुँच गयी और बहुत हो गयी . फिर वो लगी बात को दबाने उसे खाई में गिराने . ये सब शोरगुल सुनकर मुद्दा खड़ा हो गया और बड़ा हो गया .
बकवास बंद हो गयी और बात शुरू गयी .

सर्द मौसम

सर्द मौसम
सुनसान रात
घबराई तबियत
और
तन ढकने को बस
यादों से तर एक चादर

दो टूक


सच्चा प्रेम भगवान् की तरह होता है ;
इसे कभी पाया नहीं जा सकता


...............*............................


ईश्वर बारिश की तरह होते हैं
कभी होते हैं, कभी नहीं होते हैं

ठूंठ

तुम क्या कहोगे?
की देखो ऐसा करो
ये न करके वो करो
की ये जो मैंने किया
ये तो निहायत बेवकूफी है
वगेरह वगेरह
...
और ये सब कह कर
तुम कहोगे की तुम कुछ नहीं कह रहे
और मैं वहीँ रह जाऊंगा
वैसा का वैसा

दिन

आँखों ने एक सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए एक दिन निश्चित कर लिया.
वो दिन हर सुबह सवेरा होने से पहले ही आ जाता और शाम ढलने के बाद अपना सा मुंह लेकर चला जाता .
फिर एक दिन , दिन बूढा हो गया और मर गया .

आवाज़ दो

मुझे आवाज़ दो
दूर बहुत दूर चला जाऊंगा मैं,
मुझे आवाज़ दो।
अँधेरा मेरे कानो में साय सायं कर रहा है , मुझे आवाज़ दो।

मुझे शब्द दो
शब्दों को श्रोता और
श्रोताओं को अहसास दो।

मुझेमें भी रौशनी है
इस दिन को, शाम तो दो

मैं बातचीत करना चाहता हूँ
मुझे संवाद दो।

सच क्या है ?

सच ये है की धूप है बारिश है
झूठ ये है की एक सुन्दर नीली छतरी है
छतरी धूप को भगाती नहीं धूप से बचाती है

धूप ज्यादा तेज़ हो
तो छतरी से भी कुम्हला देती है
बारिश ज़ोरों से हो
तो हाथों से छुड़ा देती है

फिर हम भागते हैं
हाथ उठाये , छतरी को थामने ।

बचाव

बड़े लोगों ने,
दंगा कराया
शहर जलाया और लहू बहाया

वो बहता हुआ लहू ... मेरी चौखट तक भी आया
मैं ज़ोर से चिल्लाया
मुझे छोड़ दो भाई ! मैं एक आम इंसान हूँ


मैं उतना ही हिन्दू हूँ जितना मैं मुसलमान हूँ

चाँद

मैं बुलाऊं न बुलाऊं
मैं आऊं न आऊं
एक चाँद मुझसे मिलने
हर शाम छत पर आता है

जिस दिन मुझे ये बात समझ में आई
मैं छत पर गया

चाँद मुझे एकटक रहा था घूर
और मैंने पाया
कि छत कितनी भी ऊंची हो
वो चाँद से रहती है दूर

इसलिए
आज मैंने अपनी कश्ती
झील मैं उतार दी है

सूरज की एक किरण

सूरज की किरणें रात भर दुनिया की थकान मिटने का इंतज़ार करती हैं और फिर सुबह होते ही वो सूरज से आज़ाद हो धरती पर पहुँच जाती हैं । पृथ्वी और सूरज के बीच के लम्बे काले ब्रह्माण्ड को चीरती हुई, धरती के वायुमंडल में आकर ये किरणें अपनी अपनी टोलियाँ बनाकर निकल जाती हैं । उनके होने के अहसास से पूरा जगत अनेक रंगों से भर जाता है । कोई बारिश की बूंदों के आरपार छुपम छुपाई खेलती हैं, तो कोई मंद गति से बहने वाले कोहरे पर थिरकती हैं । बहुत सी टोलियाँ नर्म घास पे जाकर कूदती हैं, उनकी रगों में स्फूर्ति भर देती हैं ।

इन्हीं में से कुछ का प्रिय खेल होता है नदी के साथ दौड़ लगाना । वो दिन भर घाट किनारे बैठी रहती हैं । जब जी आता है घाट की मिट्टी ओढ़ लेती हैं, नदी में डुबकी लगाती हैं, खेलती हैं , सहेलियों से रूठती हैं मनाती हैं । इन्हीं में से एक किरण , उत्साही, नदी में कहीं बहुत भीतर चली गई । शाम हो गई सभी किरणें उसे ढूँढने लगीं , पर वो हठी थी , नहीं आई ।

सूरज ने अपना कालीन बिछा दिया । सभी किरणों को आवाज़ दी कि अब चलो शाम हो गई है । उन्होंने अपने पिता से कहा कि एक किरण नदी में कहीं रह गई है । उसे ढूंढना पड़ेगा । सूरज उदास हो गया । उस किरण के लिए उसका मन व्याकुल हो उठा । सांझ की बेला में उसे ढूँढना मुश्किल था । सूरज समय चक्र से बंधा है ।" हमें शाम होते ही जाना पड़ेगा । अब सुबह आएँगे । "

और ऐसे सूरज अपनी सब किरणों को लेकर चला गया ।

रात होते ही खोई हुई किरण कुछ घबराई । टिमटिमाती हुई वो सतह पर पहुंची पर सूरज की कालीन सिमट चुकी थी । चारों तरफ अँधेरा था । वो डर गई । अँधेरे की दुनिया में वो अकेली थी और सबसे अलग ।

किसी तरह वो नदी के बीच एक पत्थर पर चढ़ के बैठ गई । यदा कदा नदी गर्जना करती । पत्थर पर टकराकर उसकी लहरें मानों हवा में सांप बनाती । पूरी रात किरण उसी पत्थर पर दुबकी, सहमी बैठी रही ।

सुबह हुई । सूरज ने अपना कालीन फिर बिछाया । ठिठुरती हुई किरण उसपर चढ़कर वापस सूरज के घर पहुँच गई । सब सहेलियों से मिली । फ़िर छोटी सी वो किरण सूरज पर बहुत भड़की । " मैं खो गई थी आपने मुझे ढूँढा क्यों नहीं ! " । सूरज उदास हो गया, "मैंने तुम्हे बहुत ढूँढा पर मैं प्रकृति के नियमों में फंसा हूँ , मुझे तो रोज़ उगना और ढलना है , मुझे जाना पड़ा " किरण नहीं मानी " आप सबसे शक्तिशाली हो । परम प्रतापी । सारी दुनिया में अपने जैसे अकेले । कुछ देर और नहीं रुक सकते थे ? आपको तो ये करना चाहिए था की ज़मीन पर उतरते और उस नदी को ही सुखा देते और मुझे अपने साथ लेकर आते "

सूरज झेंप गया … बड़ी देर बाद बोला " मैं तुमसे बहुत प्रेम करता हूँ , चाहता तो मैं ये था की पूरी पृथ्वी को ही वाष्प में बदल दूं और तुम्हे ले आऊं , मैं ऐसा चाहता था, ऐसी शक्ति भी है मेरे पास , पर … ऐसा करना संभव नहीं था पर … मैं रुक नहीं सकता … " । " और अगर मैं सुबह मिलती ही नहीं तो ? फ़िर , फ़िर क्या करते ? " । "… ऐसे मैं मुझे बहुत दुःख होता , शायद मैं बहुत विलाप करता "

एक छोटी कहानी

बिना धुन के एक गीत
सदियों की वादियों में
अधमरा सा पड़ा था
एक सरगम ने उसकी कलाई को थामा
और उसके सीने पर रख कर कान
सुनी उसकी धड़कन
अब भी चल रही थी
मद्धम मद्धम
सरगम गीत के सभी बोलों में बिंध गई
खुद खो गई और गीत हो गई
फिर उस गीत का क्या क्या हुआ?
एक मुसाफ़िर ने उसे उठा लिया
और अपनी अंटी में छुपा लिया
और किसी शाम अपने क़बीले में गुनगुना लिया
फिर किसी आशिक़ ने
गीत को बना कर कोई फ़ूल
अपनी लैला के बालों में लगा दिया
खुशबू बन कर गीत बह गया हवाओं के साथ
और बरस गया मिट्टी पर बनकर बरसात
गीत के बोल बदले, ताल बदली
पर नहीं बदली उसके दिल में बसी सरगम
गीत में थी सरगम, सरगम ही से था गीत हरदम

किस्सा कबूतर, बहेलिये और शायर का

एक बार एक कबूतर अपनी चोंच में एक कविता दबा के उड़ रहा था । उसे एक बहेलिये ने देख लिया । बहेलिये को लगा कि शहर में उस कबूतर का अच्छा मोल मिल सकेगा। उसने जाल तैयार किया और कबूतर के उसमें फंसने के इंतज़ार करने लगा । पर कबूतर को दुनियादारी में कोई दिलचस्पी नहीं थी सो वो बहेलिये के जाल में नहीं फंसा । तब एक नौसिखिए शिकारी की नज़र उस बेपरवाह परिन्दे पर पड़ी और उसने एक तीर चला दिया। तीर कबूतर के सीने के पार गया पर उसने कविता नहीं छोड़ी। दूर एक बेनाम शायर ने कबूतर को गिरते देख उसकी ओर लपका। कबूतर ने शायर की गोद में दम तोड़ दिया । शायर ने कविता को पढ़ नीचे अपना नाम लिख दिया । कबूतर दफन हो गया । शायर अमर हो गया ।

Sunday, December 27, 2020

किस्सा बाढ़ में फंसे आदमी का

एक बार एक आदमी था । उसके गांव में बाढ़ आ गई । बचने का एक ही रास्ता था कि गांव छोड़ के भाग जाया जाए । आदमी ने एक नाव जुगाड़ ली । जैसे ही घर का सारा सामान नाव में भरा, नाव भारी हो गई और डूबने लगी । उसने सारा सामान टटोला और सोचा कि इसमें से क्या निकाल दूं । ले दे के उसे एक गिटार मिला । जो ज़रूरत का नहीं था । सो उसने गिटार पानी में फेंक दिया । और फिर उसके पीछे खुद भी छलांग लगा दी । और नाव को धक्का देकर गांव से दूर ढकेल दिया ।

ज़रूरत का सामान सही जगह पहुंच गया ।

Tuesday, December 22, 2020

किस्सा सही बात कहने वाले आदमी का

एक बार एक आदमी था । उसे ईश्वर से एक वरदान प्राप्त था । वरदान ये कि वो जो भी बात कहता था, वो सही बात कहता था । सटीक बात कहता था । खरी बात कहता था । उसे बहुत लोगों ने कहा कि इससे उन्हें काफी तक़लीफ़ होती है पर वो उन्हें अनसुना कर देता था । उसका मानना ये था कि जब वो सही बात कह रहा है तो उसे किस बात का डर ।

सत्य की शक्ति प्रबल होती है । उस आदमी का तेज दिनोंदिन बढ़ता गया और वो एक जीती जागती मशाल बन गया। अंधेरी रातों में मशाल सा दिखने वाला आदमी दूर से बहुत अच्छा लगता । उसे देखकर कुछ लोग आँखे सेंकते, कुछ रोटियाँ ।

अपनी दीप्ति से ऐसे लोगों को फलते फूलते जब उसने देखा तो सोचा कि क्यूँ न अपने देश चला जाए । उसकी ऐसी मंशा सुनते ही उस व्यक्ति को दूर से देखने वाले लोगों ने उसके लिए पलक पांवड़े बिछा दिए और उसके गांव तक के सारे पथ को झाड़ बुहार दिया । जैसे ही वह गांव पहुंचा उसके देशियों और कुटुबियों ने उसके पांव पड़ कर उससे कहा कि तुम यहां मत आओ और यहां से चले जाओ । उस आदमी को उनकी इस हरकत से बहुत रोष हुआ और वो उन्हें दुत्कारता हुआ गांव के अंदर बढ़ता रहा । निश्चित ही उसकी लौ परस्पर एक विकराल रूप लेती गई । उसके गांववालों ने बहुत प्रकार से आरज़ू मिन्नत की कि किसी तरह से वो अपने घर न जाए । पर उसने किसी की एक न मानी और अपने घर मे घुस गया और किंवाड़ बन्द कर दिए । मशाल जैसे आदमी की लौ उसके छप्पर को छू गई और उसका घर और फिर पूरा गांव धूं धूं करके जलने लगा ।

दूर से देखने वाले लोग शायद दूर से देख रहे थे ।

Sunday, December 13, 2020

कूपर

मैं ज्ञात और अज्ञात के बीच
एक महीन दीवार पर बैठा हूँ

जिन्हें मैं नियम समझता था
यहाँ वे महज़ अपवाद हैं 
हर डॉट डॉट, डैश डैश 
में एक संवाद है

स्थान और समय
आपस में ऐसे घुल गए हैं
जैसे अलग अलग रंगों की क्ले

मैं कुछ पल ठहरूं
तो मीलों पीछे चला जाता हूँ
दो पग आगे धरूं 
तो सदियां बीत जाती हैं 

मैं अब एक ऐसी जगह हूँ
जहाँ मेरे पास कुछ भी नहीं
सिवाय एक तीव्र इच्छा के

मैं चेहरे देखना चाहता हूँ
उनके जिन्हें मैं चाहता हूँ

जिसने जीवन दिया है मुझे
क्या उसी ने ये जीवट भी दिया है?

#Interstellar 



Sunday, November 29, 2020

मार्किट की सैर

एक आदमी को दो रुपए की एक चीज़ खरीदनी थी । यूं तो उसे बिना खरीदे भी उसका महीना निकल सकता था पर चूंकि उसने उस चीज़ का भाव गूगल कर दिया था इसलिए दुनिया के सब दुकानदारों और उन दूकानदारों के लेनदारों का नेटवर्क एक्टिवेट हो गया था । वो एक साहूकार के पास गया और उस चीज़ को खरीदने की इच्छा ज़ाहिर की । कुछ मोल भाव के बाद साहूकार वो चीज़ सवा दो रुपए में उसे दिलवाने के लिए राज़ी हो गया । दो रुपए की चीज़ को सवा दो रुपए में खरीदना आदमी को जंचा नहीं तो वो मन मसोस कर घर को चल दिया। रास्ते में उसे एक जादूगर मिला । वो जादूगर लोगों से पैसे लेकर उन्हें उड़न छू करने का करतब दिखाता था । आदमी ने उससे पूछा तुम ऐसा क्यों करते हो? जवाब आया कि मैं ऐसा अपनी EMI भरने के लिए करता हूँ । ""EMI?" आदमी ने पूछा । "हाँ", जादूगर बोला, "इसमें बड़ा आनंद है। देखो मान लो कि तुम्हें कोई दो रुपए की चीज़ खरीदनी है, पर उसे खरीदने के लिए तुम्हारे पास सवा दो रुपए नहीं हैं तो तुम क्या करोगे?" आदमी को लगा इस सवाल को उससे बेहतर कोई नहीं समझ सकता । उसने कहा "उस चीज़ को नहीं खरीदूंगा, या किसी दोस्त से वो चीज़ उधार मांग लूंगा" । "लोगों के आगे हाथ फैलाना कोई अच्छी बात तो नहीं है और 25 पैसे के लिए अपनी ज़रूरतों का दम घोंटने में भी कोई शान नहीं ", जादूगर आदमी को समझाते हुए बोला । "अगर मैं कहूँ कि यही दो रुपए की चीज़ तुम मुझसे 50 पैसे की 6 आसान किश्तों में ले सकते हो, तो तुम्हारा जवाब क्या होगा?", जादूगर ने आदमी से पूछा । "मैं भला दो रुपए की चीज़ को तीन रुपए में क्यों लेने लगा भला?" आदमी ने तपाक से जवाब दिया और आगे को चल दिया । आगे बाज़ार में एक सपेरा बीन बजा रहा था । आदमी को देखते ही उसने अपना सांप उसके हाथों में थमा दिया और बोला कि आप ऐसा करो कार्ड बनवा लो, भोले बाबा प्रसन्न हो जाएंगे । आदमी ने कहा मैं कार्ड क्यों बनवाऊं ? मुझे नहीं बनवाना कोई कार्ड वार्ड । सपेरा बोला ये आधार कार्ड नहीं है कि तुम्हारी मर्ज़ी चले । ये क्रेडिट कार्ड है । और ये हर व्यक्ति को जीवन में एक बार बनवाना ही पड़ता है । यही विधि का विधान है । आदमी ने आँखें मींच ली और बोला चाहे जो कर लो मैं अपना बायोमेट्रिक तुम्हें नहीं दूंगा । ठहाके के कारण सपेरे के हाथ से बीन छूट गई । वो समझाते हुए बोला "अरे हम कोई सरकार थोड़ी न हैं कि तुम्हारा बायोमेट्रिक तुमसे पूछ के लें, वो सब तो हमारे पास पहले से ही है । " कहकर सपेरे ने कार्ड आदमी के हाथ में थमा दिया । सांप के डर के कारण आदमी ने कार्ड ले लिया और डोर जाते हुए सपेरे से पूछा "अरे ये तो बताते जाओ इससे करना क्या है?" । सपेरा बोला "बहुत आसान है, इससे आपको दो रुपए की चीज़ ख़रीदनी है, लेकिन हमारे विश्वासपात्र पार्टनर से । वो बड़े कमाल के लोग हैं उन्होंने चवन्नी में ऐसी चीज़ें बनानी सीख ली हैं जो दो रुपए की लगे । लेकिन आपको कोई चिंता नहीं करनी । आपको परोक्ष रूप से दो रुपए ही देने हैं बाकी चार रुपए आपसे अपरोक्ष रूप से हम निकलवा लेंगे , आपको पता भी नहीं चलेगा " । आदमी घर आ गया । दो रुपए की चीज़ भी आ गई । अगले कई साल तक आदमी उस दो रुपए की चीज़ को कई बार दो रुपए देकर धीरे धीरे चुकाता रहा । कार्ड का बकाया बढ़ता ही गया । छह रुपए हो गया । अंत में हारकर आदमी जादूगर के पास गया । और छह रुपए की EMI बनाने को कहा । जादूगर ने आदमी का सिग्नेचर देखकर कहा अब ये नहीं हो सकता, तुम पर तो पहले ही इक्यावन रुपए का लोन है ।

किस्सा मित्र के घर का

एक बार दो मित्र थे । उनके बीच में खूब गाढ़ी मित्रता थी । एक दिन एक ने दूसरे से कहा कि चलो आज तुम मुझे अपने घर ले चलो । मित्र राज़ी हो गया और अपने घर ले चला । मित्र का घर आलीशान महलनुमा था । उसमें कई नौकर चाकर और सुख सुविधा के सब प्रबन्ध थे । खूब आवभगत और गप्प के बाद विदा लेने का समय हो चला । उठते हुए मित्र ने कहा " भई मुझे यहाँ आकर बहुत अच्छा लगा । मैंने वाकई नहीं सोचा था कि तुम्हारा घर इतना अच्छा होगा, लेकिन एक बात की कमी रह गई । " मित्र ने पूछा किस बात की तो दूसरा मित्र बोला इस बात की कि ये तुम्हारा घर है ही नहीं । तुम मुझे यहां लेकर क्यों आए? । मित्र झेंप गया कि उसकी चोरी पकड़ी गई और उसने मित्र का हाथ पकड़ा और उसे महल के बाहर ले चला और कुछ दूर एक पगडण्डी पर चलने के बात उसे एक टूटे खप्पर की झोंपड़ी में ले आया । वहाँ उसने अपने मित्र के सामने अपने दिल का हाल रखा, "तुमने सही पहचाना , वो महल मेरा घर नहीं, उसे तो मैंने आने जाने वालों को दिखाने के लिए किराए पर लिया है । मेरा घर तो ये टूटी झोंपड़ी है । " । मित्र ने ये सब हाल सुनकर अपने मित्र को गले से लगा लिया और कहा कि मैं भी ऐसी टूटी झोंपड़ी में ही रहता हूँ । दोनों मित्र अपने अपने विचारों में लीन बहुत देर उस टूटी झोंपड़ी में बैठे रहे । जब चलने का समय आया तो मित्र ने कहा मुझे अच्छा लगा कि तुम मुझे यहाँ लेकर आए किन्तु मैं जानता हूँ कि ये भी तुम्हारा घर नहीं है । मित्र सिहर उठा और उसने मित्र का हाथ पकड़ा और उसे उसी पगडण्डी पर वापस ले चला और उसी महल तक पहुंच गया । महल के अंदर एक काली कोठरी थी, दोनों मित्र जैसे ही उसमें घुसे वो बाहर से बंद हो गई । मित्र ने जब उस कोठरी की दीवारों पर हाथ फेरा तो कालिख उसकी उंगलियों पर चिपक गई । मित्र ने मुड़ कर कहा, "ये तुम मुझे कहाँ ले आए?" । इससे पहले दूसरा मित्र कोई जवाब दे पाता पहला बोला, "मैं जानता हूँ ये भी तुम्हारा घर नहीं है । तुम्हारा कोई घर है भी या नहीं?" । मित्र रो पड़ा और बोला, "मैं क्या करता? तुमने कहा कि तुम्हें अपने घर ले चलूँ । मेरा कोई घर नहीं है । मैं तुम्हें कहाँ लेकर जाता... क्या मैं तुम्हारे साथ रह सकता हूँ? तुम्हारे घर में? " । उसकी बात सुनकर मित्र फौरन अपना हाथ छुड़ा कर भाग निकला । जाते जाते वो सोच रहा था कि घर तो उसका भी कहीं नहीं है ।  

Saturday, November 28, 2020

एक बार

एक बार वक़्त का एक आदमी से बैर हो गया और उसने उसे बीच चौराहे पर मार मार के अधमरा छोड़ दिया । फिर बहुत समय बाद एक राहगीर वहां से गुज़रा और उसने आदमी को कंधे के सहारे उठाया और उसके घर की तरफ लेकर चल दिया । आदमी ने पूछा "भले आदमी तुम कौन हो?" । तब राहगीर ने उसे बताया कि वो न्याय है । आदमी को अचरज हुई । उसने कहा अगर तुम न्याय हो तो फिर वो कौन है जो हमारे शहरों में एक हाथ में कागज़ कलाम दूसरे में पिस्तौल लिये घूमता है । उसे तरह तरह की टोपियाँ पहनने का शौक है और वो हर वक़्त हर जगह मौजूद भी रहता है और नदारद भी । बुरा मत मानना, लेकिन उसके विराट भव्य स्वरूप के आगे तुम क्या खाक न्याय लगते हो । राहगीर झेंप गया और बोला आपने सही पहचाना, दरअसल मैं तो बस एक बहरुपिया हूँ जिसे न्याय का रूप धरना बहुत पसंद है । इसलिए मैं जहाँ भी जाता रोते हुए की आंखों से आँसू पोंछता और ठंड से सिकुड़ते हुए लोगों को कम्बल ओढ़ा देता । जब लोगों ने मुझे ऐसा करते देखा तो वे पहचान गए कि मैं एक बहरूपिया हूँ और उन्हें लगा की मेरी इन हरकतों के पीछे ज़रूर कोई मतलबी मक़सद होगा । ऐसा सोचकर उन्होंने मुझे अपने गांव से खदेड़ दिया और वहां कभी न आने की हिदायत दी । लेकिन मैं अपनी कला का ग़ुलाम हूँ इसीलिए आबादी से दूर इस सड़क पर जब भी वक़्त का किसी से बैर हो जाता है तो उस आदमी को उठा कर उसके घर तक छोड़ आता हूँ । आदमी ने उस बहरूपिये से कहा "तुम मुझे घर तक छोड़ आओगे तो ये तो मेरी मदद हुई, न्याय नहीं हुआ,न्याय तो वही कर सकता है जिसे इसे करने का अधिकार है " । " हाँ समझ गया, वही जो आपके शहरों में घूमता है और जिसे आप न्याय मानते हैं " बहरूपिया बोला। "देखो तुम बुरा मत मानना, लेकिन वो भले ही हमें कन्धा देकर उठाए न, भले ही हमें घर तक पहुंचाए न, भले ही वो सिर्फ हमारे मुंह पर पानी के दो छींटे मार कर एक बड़ी रपट तैयार कर ले, किन्तु हमारे लिए वही न्याय है । "ऐसा क्यों भला!?" बहरूपिये ने अचरज से पूछा । " ऐसा इसलिए क्योंकि इससे हमें वो मिला जो हमारा बनता था, या शायद उससे बहुत कम, और उससे मिला जिससे हमें मिलना चाहिए था । इसमे न उसकी कोई बड़ाई है न हमारी को दीनता । " यह कहकर आदमी ने बहरूपिये का सहारा छोड़ दिया और खुद लड़खड़ाता हुआ अपने घर की ओर चल दिया । शायद वो पहुँचा भी ।

Tuesday, November 24, 2020

मस्तिष्क



मुझे आगे एक काली स्याह रात दिख रही है
सूरज से चारकोल टपक कर
पूरे उत्तरी ध्रुव पर चिपक गया है
आदमियों की एक कतार
अंधेरे को फावड़ों में भर कर
दूसरी तरफ हटा रही है
समंदर एक खाई है
या फिर है एक पहाड़
कुछ दिखाई नहीं दे रहा
मैं इस अंधेरे में चला जा रहा हूँ
या फिर घुला जा रहा हूँ
कुछ समझ नहीं आ रहा
बहुत दूर से एक आवाज़ आ रही है
मेरे ही दिल के धड़कने की
मेरी जेब से निकलकर
एक चाबी गिर गई
वो किस चीज़ की थी?
अब क्या होगा?

Friday, November 13, 2020

क्या होगा?

क्या तुमने कभी सोचा है
कि कुछ भी हो सकता है
खासकर के वो
जो तुमने कभी नही सोचा

चींटी के पहाड़ उठाने में
और हाथी के आंसू में डूब जाने में
कोई अचरज की बात नहीं है

जो सपना तुम देख रहे हो
साकार होगा कभी
जिस भयानक बात का तुम्हें डर है
वो कभी घटित नहीं होगी

वास्तविकता नाम है
श्रोडिंगर की बिल्ली का
जो जीवित भी है और मृत भी

आश्चर्य एक देवता है
सम्भव और असम्भव
जिसके द्वारपाल हैं
जो हर अनुमान का एक सिरा
अपने पास रखता है
और दूसरा थमा देता है
भविष्यवक्ताओं को



Saturday, October 3, 2020

दाढ़ी में तिनका

एक आदमी था । उसकी दाढ़ी में तिनका था । उसे एक भीड़ ने पकड़ लिया और चोर चोर कहकर, लगी उसे मारने । आदमी ने मदद की बहुत गुहार लगाई । लेकिन जब लोगों ने देखा कि उसकी दाढ़ी में तिनका है तो उसे उसके हाल पर छोड़ दिया । भला कोई भला आदमी अपनी दाढ़ी में तिनका क्यों रखता भला? ऐसा उनका अचूक तर्क था । उसने कहा कि वो चोर नहीं है, हाँ उसकी दाढ़ी में तिनका ज़रूर है । लोगों ने कहा चोर नहीं हो तो दाढ़ी में तिनका क्यों है? क्या तुम ये कहते हो कि तुम खालिस बेकसूर हो? वो बोला जी ये तो नहीं कह सकता कि मैं खालिस बेकसूर हूँ, पर मैं चोर नहीं हूँ ।

भीड़ उसकी बेतुकी बातों से झल्ला उठी, और बोली - क्या तुम जानते हो चोर को पकड़ने में कितनी मशक्कत लगती है? पहले रात दिन एक करके जाल बिछाना पड़ता है। फिर काबिले यकीन सबूत बनाना पड़ता है । उसके बाद अगर चोर ग़रीब या भूखा हो तो उसपे रहमदिली भी दिखानी पड़ती है । और उसके बाद भी नतीजा क्या? चोरी चकारी वहीं की वहीं । नहीं नहीं, वो सब बेकार है । हमें चाहिये कि एक ठोस पैगाम दें कि अगर कोई चोर पकड़ा गया तो उसका क्या हाल होगा । तुम चोर हो या नहीं ये मुद्दा नहीं है । लेकिन तुम चोर हो सकते हो या नहीं ये मुद्दा है । और होने को तुम कुछ भी हो सकते हो - चोर भी । और जो आदमी चोर हो सकता है, उसके लिए हमारे दिल में कोई रहम नहीं । इसलिए तुम्हारे हवाले से हम सब चोरों को खबरदार कर देंगे ।

भीड़ ने उसको बहुत मारा । उसका छप्पर जला दिया और उसे भूखा प्यासा जंगल में छोड़ दिया ।

अगली सुबह, जिस जिसको अपनी दाढ़ी में तिनका मिला, उसने अपना सर ही काट लिया ।

Wednesday, August 12, 2020

कुआं

एक गाँव में एक कुआं था । अकेला कुआं । इकलौता कुआं । अकेला होने की वजह से उसमें अभिमान था शायद । कोई भी उससे पानी लेने आता तो वो उन्हें कल आने के लिए कहता । किसी को पानी की बचत का पाठ पढ़ाता । किसी को अपने बचपन के ही किस्से सुनाके टरका देता । पर पानी किसी को न देता । सूखा बादल, बंजर ज़मीन, प्यासा राहगीर उसने किसी को पानी नहीं दिया । कोई न कोई बहाना बना कर सबको कल आने के लिए कह देता था । गांव कुएं से तंग आ गया । उसके खिलाफ बग़ावत तेज़ हो गई । एक दिन प्यासों की एक फौज ज़बरदस्ती कुएँ में कूद पड़ी और तली में गिरकर फना हो गई । कुएँ में तो पानी कब का सूख चुका था । 

Featured Post

ek ghazal

मुसीबतों का दौर इन्सान पर तभी से टूट जाता है मसरूफ़ियत में जब इबादत करना छूट जाता है नेक इरादे होने भर से होते नहीं नेक नतीजे करने कुछ  ...